वनडे क्रिकेट में इस समय सचिन तेंडुलकर ही एेसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने सबसे ज्यादा बार प्लेयर अॉफ द सीरीज का अवॉर्ड जीता है। उनके बाद श्रीलंका के धाकड़ बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का नंबर है। सचिन तेंडुलकर ने 463 वनडे मैचों में 15 बार प्लेयर अॉफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया है। जयसूर्या को यह खिताब 11 बार मिला है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि सचिन का यह रिकॉर्ड कौन से भारतीय प्लेयर तोड़ सकते हैं। तो जवाब हम आपको बता देते हैं। वह 2 खिलाड़ी हैं युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी। युवराज ने हाल ही में वनडे सीरीज में शानदार वापसी की है। 296 वनडे मैच खेल चुके युवराज सिंह 3 साल विश्व क्रिकेट से बाहर रहे थे। युवराज ने 7 बार और पूर्व कप्तान धोनी ने 6 बार मैन अॉफ द सीरीज का खिताब जीता है।
अगर इन दोनों ही खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी रहता है तो आने वाले कुछ समय में ये दोनों भारतीय खिलाड़ी सचिन का यह रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। युवराज सिंह की बात करें तो उन्होंने 296 वनडे की 271 पारियों में 8539 रन बनाए हैं, जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 150 का है। उन्होंने 14 बार शतक और 51 बार अर्धशतक लगाए हैं। वनडे में 163 छक्के और 890 चौके लगाने वाले युवराज सिंह टी20 और वनडे मैचों में सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक माने जाते हैं। युवराज फॉर्म में हों तो किसी की टीम की बॉलिंग लाइनअप की बखिया उधेड़ सकते हैं।
दूसरी ओर दुनिया के सबसे बेस्ट फिनिशर माने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने 286 वनडे मैचों की 249 पारियों में 9275 रन बटोरे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 183 रन है। धोनी ने 204 छक्के और 717 चौके जड़े हैं। उनका औसत भी वनडे में 50.96 का है। धोनी ने कई बार अपने दम पर हारा हुआ मैच भी जिताया है। आईपीएल में भी उनकी कप्तानी का जलवा सबने देखा हुआ है। धोनी इकलौते एेसे भारतीय कप्तान हैं, जिन्होंने आईसीसी की सारी ट्रॉफीज जीती हैं। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा वेस्टइंडीज के खतरनाक ओपनर क्रिस गेल भी इस रिकॉर्ड को तोड़ने का माद्दा रखते हैं। उन्हें भी अब तक 7 बार वनडे में मैन अॉफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला है।

