ICC world cup 2019: आईसीसी विश्व कप का 28वां मैच भारत और अफगानिस्तान के बीच साउथम्पटन के रोज बाउल मैदान पर खेला जाएगा। इस मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के पास वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा सिक्स मारने के मामले में विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी को पछाड़ने का सुनेहरा मौका है। दरअसल अबतक भारत के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के धोनी ने मारे हैं। धोनी ने 344 मैचों में खेली गई 292 पारियों में 225 छक्के जड़े हैं। विश्व क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के मारने के मामले में धोनी चौथे स्थान पर हैं। धोनी से मात्र एक सिक्स कम रोहित शर्मा 224 छक्कों के साथ पांचवे स्थान पर हैं। ऐसे में अगर रोहित आज दो छक्के जड़ देते हैं तो वे भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले खिलाड़ी बन जायेंगे।
रोहित इस विश्वकप में शानदार फॉर्म में हैं और अबतक दो शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। रोहित आज अगर दो छक्के लगते हैं तो ये उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगी। सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पाकिस्तान के दिग्गज आलराउंडर शाहिद अफरीदी टॉप पर हैं। अफरीदी ने अपने वनडे करियर में 351 छक्के लगाए हैं। उनके बाद यूनिवर्सल बॉस के नाम से मशहूर वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का नाम आता हैं। गेल अबतक 318 छक्के लगा चुके हैं। वहीं तीसरे नंबर पर श्रीलंका को विश्वकप जितने वाले दिग्गज आलराउंडर सनथ जयसूर्या का नाम हैं। जयसूर्या ने 270 छक्के जड़े हैं।
सबसे ज्यादा छक्के मारने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में टॉप 10 में चार भारतीय खिलाड़ियों का नाम आता हैं। इस मामले में धोनी और रोहित के अलावा क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और पूर्व दिग्गज कप्तान सौरव गांगुली का नाम भी आता हैं। सचिन 195 छक्कों के साथ नौवें और गांगुली 190 छक्कों के साथ 10वे स्थान पर हैं। बता दें भारत इस टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन कर रहा हैं और विश्वकप का प्रबल दावेदार भी माना जा रहा हैं। भारत ने अभी तक दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ हुए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया है। भारत को शीर्ष क्रम ने लगातार अच्छी शुरूआत दिलाई है और गेंदबाजी एवं फील्डिंग में भी टीम ने अनुशासित प्रदर्शन किया है।