World cup 2019, India vs Bangladesh: विश्वकप 2019 का 40वां मैच बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड पर दो बार की चैम्पियन भारत और बांग्लादेश के बीच खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसकी शुरुआत अच्छी हुई। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और लोकेश राहुल ने पहले विकेट के लिए सौ से ज्यादा रन की साझेदारी की। इस मैच में बांग्लादेश को जल्द ही सफलता मिल सकती थी, लेकिन मुस्तफिजुर रहमान के दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल ने रोहित शर्मा का कैच छोड़ दिया। इसके बाद रोहित ने इस विश्वकप में अपना चौथा शतक लगाया। ऐसी शानदार फॉर्म को देखते हुए कहा जा सकता है कि उनका कैच छोड़ना मैच छोड़ने के बराबर है। इस मैच में वे वर्ल्ड कप के टॉप स्कोरर भी बन गए। इससे पहले वे छठे नंबर पर थे।
India vs Bangladesh Live Score
बांग्लादेश को ये कैच बहुत भारी पड़ा और रोहित ने शतक ठोक दिया। वे 104 रन बनाकर आउट हुए। यह पहली बार नहीं है जब इस टूर्नामेंट में रोहित के साथ ऐसा हुआ है। दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले गए पहले मैच में अफ्रीका ने रोहित को 1 रन पर ड्राप कर दिया था। जिसके बाद रोहित ने मैच जिताऊ पारी खेलते हुए नाबाद 122 रन ठोके थे। ऐसा ही कुछ ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी हुआ था। उस मैच में कंगारुओं ने रोहित को 2 रन पर ड्रॉप कर दिया था। उस मैच में रोहित ने अर्धशतक लगाते हुए 57 रनों की पारी खेली थी। वह मैच भी भारत ने जीता था। ऐसा ही कुछ पिछले मैच में भी हुआ था। इंग्लैंड के खिलाफ रोहित को 4 रन पर जीवनदान मिला था। उस मैच में भी रोहित ने शतक लगया था।
भारत यदि इस मैच में बांग्लादेश को हरा देता है तो उसकी सेमीफाइनल की सीट पक्की हो जाएगी। हालांकि, बांग्लादेश भी इस मैच को जीतकर सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहना चाहेगा। अगर भारत ये मैच हार जाता है तो उसका श्रीलंका के खिलाफ आखिरी मैच करो या मरो जैसा हो जाएगा। इस मैच में भारत और बांग्लादेश दोनों ने 2-2 बदलाव किए। भारत ने कुलदीप यादव और केदार जाधव की जगह भुवनेश्वर कुमार और दिनेश कार्तिक को अंतिम एकादश में शामिल किया। बांग्लादेश ने रूबेल हुसैन और शब्बीर रहमान को प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाया।
किसके खिलाफ | कितने रन पर कैच छूटा | कितने रन बनाए |
दक्षिण अफ्रीका | 1 | 122* |
ऑस्ट्रेलिया | 2 | 57 |
इंग्लैंड | 4 | 102 |
बांग्लादेश | 9 | 104 |