भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर ने काफी समय तक भारतीय टीम के लिए ओपनिंग की है। सहवाग और सचिन की जोड़ी किसी भी गेंदबाज को दहशत में डालने के लिए जानी जाती थी। अगर मैदान पर इनका बल्ला चलता तो बाकी के खिलाड़ी बस दर्शक बनकर देखते रह जाते। इन दिनों सहवाग अपनी बिंदास कमेंट्री और सोशल मीडिया के जरिए काफी सुर्खियां बटोर रहे हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। ट्विटर और इंस्टाग्राम पर सहवाग अक्सर अपने फैंस के लिए कुछ ना कुछ शेयर करते रहते हैं। हाल ही में सहवाग ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सचिन के साथ एक तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर को उन्होंने एडिट कर ब्लैक एंड व्हाइट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा कि हम तो अब ब्लैक एंड व्हाइट जमाने के खिलाड़ी हो गए हैं। सहवाग ने आगे लिखा कि जब भी सचिन पाजी से मुलाकात होती है अच्छा लगता है। सहवाग और सचिन की इस तस्वीर पर यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट किए हैं। किसी ने कहा यह जोड़ी हमेशा क्रिकेट जगत की बेस्ट जोड़ी मानी जाएगी। एक यूजर ने कहा कि इन दोनों के ऊपर तो करण-अर्जुन टाइप की फिल्म बननी चाहिए। जिसमें डायलॉग हो ‘मेरे सचिन-सहवाग आएंगे’।
वहीं भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर हेमांग बदानी ने भी अपने ट्विटर अकाउंट पर एक फोटो शेयर की है। इस तस्वीर नें वह सहवाग और सचिन के साथ दिखाई दे रहे हैं। बदानी ने तस्वीर के साथ लिखा ‘एक मास्टर, एक जादूगर और एक दर्शक। बदानी की इस बात से साफ जाहिर होता है कि वह खुद को दर्शक बता रहे हैं। क्योंकि मास्टर और जादूगर को तो पूरी दुनिया जानती हैं।
Ek Master Ek Jadugar aur Ek Spectator 😉 pic.twitter.com/pATaQAzvdl
— Hemang Badani (@hemangkbadani) November 27, 2017
सहवाग जल्द ही एक बार फिर मैदान पर अपना जलवा बिखरते नजर आएंगे। अगले महीने यूएई में होने वाले टी-10 टूर्नामेंट में सहवाग खेलेंगे। इस टूर्नामेंट में क्रिस गेल, कुमार संगकारा और शाहिद अफरीदी भी अपने बल्ले से धमाका करते हुए नजर आएंगे। इसके अलावा अगले साल फरवरी में सहवाग स्विट्जरलैंड में होने वाले टी20 टूर्नामेंट में भी खेलते नजर आएंगे।

