इंडियन प्रीमियर लीग एक ऐसा वैश्विक मंच बनकर उभरा है, जो नए प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपना हुनर दिखाने का एक मौका उपलब्ध कराता है। आईपीएल अपने पहले संस्करण से ही यह काम अनवरत करते आ रहा है और इसके दसवें संस्करण में भी ऐसे कुछ खिलाड़ी उभरकर सामने आए हैं, जिनके प्रदर्शन को देख कर यह लगता है कि वे अंतराष्ट्रीय क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करने का माद्दा रखते हैं। हम आपको ऐसे ही पांच भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं, जिनके प्रदर्शन को देखकर यह उम्मीद की जा सकती है कि ये खिलाड़ी भविष्य में भारतीय क्रिकेट की सेवा कर सकने में सक्षम हैं…
मनन वोहरा (किंग्स इलेवन पंजाब): मनन वोहरा 23 साल के हैं और पिछले पांच आईपीएल सीजन से पंजाब टीम के साथ जुड़े हैं। उन्होंने 2013 के आईपीएल सीजन में अपना डेब्यू किया था। चंडीगढ़ में जन्में मनन वोहरा रणजी ट्रॉफी में पंजाब टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं और अपनी तकनीक तथा धैर्य से कई पूर्व क्रिकेटर्स की पसंद बने रहे हैं। इस साल आईपीएल में उन्होंने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए पंजाब के लिए कई बेहतरीन पारियां खेली हैं, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उनका 50 गेंदों में 95 रनों की पारी भी शामिल है। मनन वोहरा भविष्य में भारतीय टीम में खेलते हुए दिखें तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है।
रिषभ पंत (दिल्ली डेयरडेविल्स): रिषभ पंत 19 साल के हैं और रणजी ट्रॉफी में दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने साल 2015 में अपने प्रथम श्रेणी करियर का आगाज किया और 2016 के अंडर 19 विश्व कप के लिए उनका चयन भारतीय टीम में हुआ। उन्होंने 2016 17 के रणजी सीजन में महाराष्ट्र के खिलाफ तिहरा शतक और झारखण्ड के खिलाफ 48 गेंदों में शतक ठोक कर अपने पॉवर हिटिंग का नमूना पेश किया। आईपीएल 2017 में भी रिषभ पंत ने गुजरात लायंस के खिलाफ 43 गेंदों में 97 रन की उम्दा पारी खेलकर सचिन तेंदुलकर को अपनी बल्लेबाजी का कायल बना लिया। रिषभ पंत को महेंद्र सिंह धोनी के विकल्प के रूप में देखा जा रहा है, हालांकि उन्हें संजू सैमसन और इशान किशन से चुनौती मिल रही है। पंत भी भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलने के अच्छे दावेदार हैं।
नीतीश राणा (मुंबई इंडियंस): नीतीश राणा भी 23 साल के हैं और डोमेस्टिक क्रिकेट में दिल्ली की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेल रहे हैं और अब तक अपनी बैटिंग से क्रिकेट विशेषज्ञों को काफी प्रभावित किया है। नीतीश राणा सबसे पहले तब सुर्खियों में आए थे, जब उन्होंने सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 21 छक्कों के साथ धुंआधार 299 रनों की पारी खेल दी थी। उन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए वर्तमान आईपीएल सीजन में नंबर तीन पर बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया है और अपनी टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकालते हुए जीत की दहलीज तक पहुंचाया है। नीतीश राणा को भी भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जा रहा है।
संजू सैमसन (दिल्ली डेयरडेविल्स): संजू सैमसन पिछले दो तीन सालों से अपने प्रदर्शन के कारण चर्चा में बने रहे हैं और भारतीय टीम में दस्तक देने वाले दावेदरों की लिस्ट में शामिल हैं। संजू सैमसन ने डोमेस्टिक सर्किट में मात्र 16 साल की उम्र में डेब्यू किया था और रणजी ट्रॉफी में वो केरल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। पहले आईपीएल में वो राजस्थान रॉयल्स टीम के लिए खेलते थे, उसके बाद उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने अपने खेमे में शामिल किया। दोनों ही टीमों के साथ रहते उन्हें राहुल द्रविड़ का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ और उनके खेल में निरंतरता के साथ ही निखार देखने को मिला। उन्होंने इस आईपीएल सीजन में दिल्ली के लिए कई शानदार पारियां खेली, जिसमें राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के खिलाफ उनकी शतकीय पारी दर्शनीय थी। संजू सैमसन के पास भारतीय टीम के लिए खेलने का माद्दा है और भविष्य में वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देखे जा सकते हैं।
इशान किशन (गुजरात लायंस): इशान किशन रणजी ट्रॉफी में झारखण्ड टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। महेंद्र सिंह धोनी के बाद वह झारखण्ड से उभरते हुए एक और क्रिकेट सितारा हैं। इशान किशन ने 2016 में हुए अंडर 19 विश्वकप में भारतीय टीम को अपने नेतृत्व में फाइनल तक का सफर तय करवाया, जहां उसे हार का सामना करना पड़ा। आईपीएल 10 में वो गुजरात लायंस की तरफ से खेले और कई अच्छी पारियां भी खेली। इशान किशन, रिषभ पंत और संजू सैमसन के साथ महेंद्र सिंह धोनी के रिप्लेसमेंट की दौड़ में शामिल हैं। उन्हें भी भविष्य में भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए देखा जा सकता है।
बेसिल थम्पी (गुजरात लायंस): बेसिल थम्पी एक उदयीमान तेज गेंदबाज हैं। रणजी ट्रॉफी में वो केरल की टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। बेसिल थम्पी 140 से 145 किमी प्रतिघंटा की औसत स्पीड से गेंदबाजी कर सकते हैं और डेथ ओवर्स में खतरनाक यॉर्कर डालने की काबिलियत उनको एक अच्छा गेंदबाज बनाती है। उन्होंने इस साल आईपीएल में गुजरात लायंस की तरफ से काफी अच्छी गेंदबाजी की है और पोलार्ड, गेल, कोहली जैसे बल्लेबाजों को अपनी यॉर्कर गेंद से परेशानी में डाला है। बेसिल थम्पी को एक उभरता हुआ तेज गेंदबाज माना जा रहा है और भविष्य में वो भारतीय टीम में खेलते हुए देखे जा सकते हैं।
