इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट और वनडे सीरीज पर कब्जा जमाने के बाद टी20 सीरीज खिताब भी अपने नाम करने वाली टीम इंडिया ने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम को अपने नेतृत्व में उंचाईयों पर पहुंचाने के लिए सम्मानित किया है। टीम के हेड कोच अनिल कुंबले और कप्तान विराट कोहली सहित पूरी टीम ने बेंगलुरू टी20 मैच के बाद एक कमरे में इकठ्ठा होकर धोनी के प्रति अपनी कृतज्ञतय जाहिर की। हेड कोच अनिल कुंबले ने सबसे पहले बोलते हुए महेंद्र सिंह धोनी को एक सच्चा और साहसी नेतृत्वकर्ता बताया और टीम के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणाश्रोत बताया। उन्होंने टीम इंडिया को सफलता की नई उंचाईयों पर ले जाने के लिए एमएस धोनी का आभार व्यक्त किया।
इसके बाद कुंबले ने धोनी को सम्मानित करने के लिए वर्तमान कप्तान विराट कोहली को बुलाया। विराट कोहली ने महेंद्र सिंह धोनी को लकड़ी का बना हुआ एक स्मृतिचिन्ह भेंट किया, जिस पर चांदी के चार स्टार लगे हुए थे। बेंगलुरू में टीम होटल एक छोटा सा प्राइवेट प्रोग्राम आॅर्गनाइज किया गया था, जिसमें टीम के खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ के आलावा चीफ सेलेक्टर एमएसके प्रसाद मौजूद थे। टीम के सभी खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट के इस सबसे सफल कप्तान के लिए थैंक्यू नोट भी पढ़ा। महेंद्र सिंह धोनी को भेंट किए गए स्मृति चिन्ह में जो चार स्टार लगे हुए थे वे कप्तान के तौर पर उनकी चार सबसे बड़ी सफलताओं को इंगित कर रहे थे। जिसमें, टी20 विश्व कप, वनडे विश्व कप, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी और टेस्ट में नंबर एक टीम बनना शामिल है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस सम्मान समारोह की तस्वीर अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से शेयर किया। बीसीसीआई ने #TeamIndia @msdhoni हैशटैग के साथ ट्वीट किया, ‘प्रेरणाश्रोत, कैप्टन पर एक्सिलेंस, थैंक्यू!’ इस सम्मान समारोह के बाद ऐसे कयास भी लगाए जा रहे हैं कि महेंद्र सिंह धोनी भारत की नीली जर्सी में आगामी चैम्पियंस ट्रॉफी में शायद आखिरी बार दिखें। गौरतलब है कि महेंद्र सिंह धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज शुरू होने से पहले अपनी स्वेच्छा से सीमित ओवरों की कप्तानी से हटने का फैसला किया था। इसके बाद विराट कोहली को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में टीम इंडिया का कप्तान नियुक्त कर दिया गया।

