टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की जीवन पर बनी फिल्म MS Dhoni: The Untold Story को दर्शक खासा पसंद कर रहे हैं। फिल्म में धोनी के जीवन से जुड़े कई पहलुओं का जिक्र किया गया है। इसी क्रम में हम आपको धोनी के हेलिकॉप्टर शॉट से जुड़ी कुछ बातें बताने जा रहे हैं। हर प्रशंसक के दिल में हेलिकॉटर शॉट को लेकर धोनी की छवि बनी है। लेकिन कितने लोग जानते हैं कि इस हेलिकॉप्टर शॉट के खोजकर्ता धोनी नहीं हैं। जीं, हां इस शॉट की खोज धोनी के बचपन के दोस्त और रणजी खिलाड़ी रहे संतोष लाल ने की थी। धोनी और संतोष लाल बचपन से अच्छे दोस्त रहे हैं और दोनों रेलवे की नौकरी करते थे। धोनी के दोस्त और हेलिकॉप्टर शॉट के अविष्कारक संतोष अब इस दुनिया में नहीं है। तीन साल पहले बीमारी के कारण उनका निधन हो गया था।
धोनी के एक दोस्त निशांत दयाल ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि दोनों (धोनी और संतोष) टेनिस बॉल से आपस में खेलते थे और क्रिकेट खेलने के लिए पूरे झारखंड की यात्रा करते थे। उन्होंने बताया कि धोनी हमेशा से संतोष की बैटिंग स्टाइल की प्रशंसा करते थे और संतोष उन्हें हेलिकॉप्टर शॉट खेलना सीखते थे। धोनी ने स्टार बनने के बाद भी कभी संतोष के साथ अपनी दोस्ती नहीं खोई। संतोष रणजी खेलने के लिए झारखंड स्टेट टीम की ओर से जाते थे। हालांकि बाद में संतोष पैन्क्रियाटाइटिस (pancreatitis) के शिकार हो गए और 2013 में उनका देहांत हो गया। उस समय जब धोनी को अपने दोस्त की इस कंडीशन का पता चला तो उन्होंने संतोष को रांची से दिल्ली लाने के लिए एयर एंबुलेंस भेजा ताकि उन्हें यहां लाकर बेहतर ट्रीटमेंट दिया जा सके। लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
READ ALSO: आज ही के दिन एक हुए थे धोनी-साक्षी, जानिए लव स्टोरी से जुड़ी 5 अनसुनी बातें
गौरतलब है कि 30 सितंबर को धोनी की बायोपिक ‘एम.एम.धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’ रिलीज हुई थी। फिल्म में अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया है। फिल्म के रिलीज से पहले धोनी ने कहा था कि इस फिल्म में दर्शकों को उनके जीवन के बारे में काफी कुछ जानकारी मिलेगी।
READ ALSO: M.S.Dhoni:The untold story collection: दूसरे दिन भी छाया रहा ‘धोनी’, करोड़ों में रही कमाई