गेंद से छेड़छाड़ से जुड़े विवाद के कारण शनिवार को वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच एक समय अधर में लटक गया था। अंपायरों की गेंद बदलने की मांग से नाराज श्रीलंका ने खेल के तीसरे दिन मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया लेकिन आखिर में निर्धारित समय से दो घंटे बाद खेल शुरू हो गया। अंपायर अलीम डार और इयान गाउल्ड उस गेंद की स्थिति से संतुष्ट नहीं थे जिसका उपयोग दूसरे दिन के खेल के आखिर में किया गया था। श्रीलंकाई टीम से कहा गया कि वे उसी गेंद से खेल आगे शुरू नहीं कर सकते। इसके बाद श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंदीमल की अगुवाई में टीम ने मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया। वेस्टइंडीज को श्रीलंका के 253 रन के जवाब में अपनी पहली पारी दो विकेट पर 118 रन से आगे बढ़ानी थी। मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ, श्रीलंकाई कोच चंडिका हथुरासिंघे और टीम मैनेजर असांका गुरूसिंघा के बीच बातचीत हुई। एक समय दिन के खेल और यहां तक कि पूरे मैच को लेकर आशंका बन गई थी। बातचीत के बाद हालांकि श्रीलंकाई गेंद बदलने और आगे खेलने के लिये तैयार हो गए हालांकि ऐसा माना जा रहा है कि वे गेंद से छेड़छाड़ के किसी आरोप का विरोध करेंगे।

Dinesh Chandimal, Sri lanka Dinesh Chandimal, Sri lanka vs Zimbabwe, SL vs ZIM Test, Dinesh Chandimal news, Dinesh Chandimal latest news
श्रीलंका के बल्लेबाज दिनेश चंदीमल। (एपी फाइल फोटो)

यही नहीं वेस्टइंडीज के स्कोर में पांच पेनल्टी रन भी जोड़ लिए गए। बीच में एक समय लग रहा था कि समस्या सुलझा ली गई है और निश्चित समय से डेढ़ घंटे बाद डेरेन सैमी स्टेडियम में खेल शुरू हो जाएगा क्योंकि श्रीलंकाई टीम मैदान पर उतर गई थी। हालांकि अंपायरों के साथ आगे चर्चा हुई और श्रीलंकाई टीम वापस ड्रेंसिंग रूम में लौट गई। इसके बाद फिर से बातचीत शुरू हुई। इस बीच वेस्टइंडीज के टीम मैनेजर रॉल लुईस, कोच स्टुअर्ट लॉ और कप्तान जैसन होल्डर पूरी स्थिति से परेशान दिखे और उन्होंने मैच रेफरी से स्पष्टीकरण भी चाहा।

इससे पहले टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में केवल एक बार टीम के मैदान पर उतरने से इंकार करने के बाद मैच आगे नहीं खेला गया था। पाकिस्तान पर 2006 में ओवल में अंपायर बिली डाक्ट्रोव और डेरेल हेयर ने गेंद से छेड़छाड़ के लिए पांच पेनल्टी रन का जुर्माना लगाया था। इससे नाराज पाकिस्तानी टीम चौथे दिन चाय के विश्राम के बाद मैदान पर नहीं उतरी और अंपायरों ने इंग्लैंड को विजेता घोषित कर दिया। पाकिस्तान ने हालांकि बाद में कहा कि वह मैदान पर उतरना चाहता था।