टीम इंडिया के बल्लेबाज शिखर धवन लॉकडाउन में आए दिन ही अपने बेटे जोरावर के साथ पोस्ट शेयर कर सुर्खियां बटोरते हैं। कभी वह जोरावर संग गेम खेलते दिखाई देते हैं तो कभी उसकी बातों को फैंस के साथ साझा करते हैं लेकिन इस बार धवन ने अपनी बेटी के साथ वाला एक पुराना वीडियो शेयर किया है। वीडियो में धवन बेटी आलिया के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं।

दरअसल, धवन ने इस वीडियो के जरिए अपनी बेटी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने वीडियो के कैप्शन में लिखा, मेरी एंजल को जन्मदिन मुबारक! आप हमेशा एक स्टार की तरह चमकती रहें। आपकी बहुत याद आती है। Enjoy अपना ध्यान रखें और अपने दिन का आनंद लें।

आलिया ने भी दिल छू लेने वाला कमेंट किया है। उन्होंने पापा धवन को थैंक्स कहते हुए पोस्ट पर कमेंट किया, इस वीडियो को चुनने के लिए थैंक्स। लव यू सो मच पापा, मिस यू।

आयशा मुखर्जी ने धवन से पहले ऑस्ट्रेलियन बिजनेसमैन से शादी की थी। हालांकि, अब आलिया की जिम्मेदारी धवन ही उठाते हैं। आलिया का आज 20वां जन्मदिन है। उनका जन्म साल 2000 में हुआ था। आलिया के अलावा आयशा की एक और बेटी है। उसका नाम रिया धवन है। वह भी आयशा के पहले पति से है।

धवन से शादी से पहले ही आयशा ने यह तय कर लिया था कि यदि उनकी बेटियां शिखर को स्वीकार करेंगी तभी वे दोबारा मैरिज करेंगी। धवन को भी दोनों बेटियां जोरावर जितनी ही प्यारी हैं। कुछ दिन पहले आलिया अपने बाल मुंडाने को लेकर चर्चा में आई थीं।

आयशा ने आलिया की दो फोटो शेयर करते हुए लिखा, ‘आलिया ने जो किया उस पर मुझे बहुत गर्व है। मेरी बेटी ने कैंसर मरीजों के प्रति अपना सपोर्ट दिखाने और उनके लिए फंड इकट्ठा करने के लिए अपने बाल मुंडवाने का फैसला लिया है। ये कुछ ऐसे पल होते हैं, जब आपका दिल भर आता है। मुझे तुम पर गर्व है।’

बात अगर धवन के वर्कफ्रंट की करें तो वे इन परिवार संग क्वालिटी टाइम गुजार रहे हैं। कोरोनावायरस के चलते देश भर में लॉकडाउन है। खेल गतिविधियां बंद हैं। आईपीएल मैच भी अगले फैसले तक स्थगित किये जा चुके हैं।