भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच नेपियर में पहले वनडे मैच में भारतीय ओपनर शिखर धवन ने अपने नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज कर लिया है। इस मैच के दौरान अपना दसवां रन पूरा करते ही गब्बर ने वनडे क्रिकेट में अपने 5000 रन पूरे किए। धवन को इतने रन बनाने के लिए 118 पारियों का समय लग गया। धवन से पहले वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा ने इतने ही पारियों में यह खास मुकाम हासिल किया था। न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को दस रन बनाते ही धवन ने लारा के इस रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वनडे में पांच हज़ार रन बनाने के मामले में सबसे आगे दक्षिण अफ्रीका के सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला रहे हैं। अमला ने 5000 रन बनाने के लिए 101 पारियों का उपयोग किया था। वहीं विराट कोहली और सर विवियन रिचर्ड्स ने 114 पारियों के दौरान पांच हज़ार रन बनाने का काम किया था। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन इस मामले में धवन से ज्यादा दूर नहीं हैं।
केन विलियमसन ने अपने 5000 रन 119 पारियों के दौरान पूरा किया था। शिखर धवन और विराट कोहली के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली भी 126 पारियों के दौरान वनडे के पांच हजारी बने थे। वहीं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के नाम 124 पारियों में 5000 रन दर्ज है। शिखरा धवन का फॉर्म ऑस्ट्रेलिया मे कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में वर्ल्डकप से पहले न्यूजीलैंड का दौरा उनके लिए बेहद अहम माना जा रहा था।
भारत के खिलाफ पहले वनडे में न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 157 रन पर आउट हो गई। कप्तान केन विलियमसन ने सर्वाधिक 64 रन की पारी खेली। भारत के लिये स्पिनर कुलदीप यादव ने चार और मोहम्मद शमी ने तीन विकेट लिये। भारत इस सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी।
