ROI vs Vidarbha Irani Cup, 2019 Highlights: शेष भारत और रणजी चैंपियन विदर्भ के बीच नागपुर में ईरानी कप का मुकाबला खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने के साथ ही शेष भारत 330 रन पर ऑलआउट हो गई। शेष भारत की ओर से सबसे ज्यादा 114 रन हनुमा विहारी ने बनाए, जबकि मयंक अग्रवाल 95 रन बनाकर यश ठाकुर की गेंद पर आउट हुए। मयंक ने 135 गेंदों पर 95 रन की पारी खेली जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल थे। वहीं विदर्भ की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे और अक्षय वखारे ने 3-3 विकेट लिए।
इससे पहले शेष भारत के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले सेशन के खेल में शेष भारत ने जोरदार शुरुआत की। मयंक अग्रवाल और हनुमा विहारी की जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी हुए लंच तक एक विकेट पर 182 रन बना लिए थे। इसके बाद शेष भारत की पारी लड़खड़ाने लगी। हालांकि हनुमा विहार एक छोर संभाले रहे। बता दें कि रणजी चैंपियन इस मैच में अपने मुख्य तेज गेंदबाज उमेश यादव के बिना उतरा है।
हनुमा विहारी के संकटमोचक शतक की बदौलत शेष भारत ने 7 विकेट खोकर 280 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने में अभी 11 ओवर बाकी हैं। ऐसे में हनुमा विहारी की नजर अंत तक विकेट पर टिके होने पर होगी।
कप्तान अजिंक्य रहाणे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए और सिर्फ 13 बनाकर आउट हो गए। वहीं, श्रेयस अय्यर 19 और विकेटकीपर बल्लेबाज इशान किशन 2 बनाकर पवैलियन लौट चुके हैं। हनुमा विहारी 79 बनाकर क्रीज पर डटे हैं। चाय काल तक शेष भारत ने 5 विकेट खोकर 234 रन बना लिए हैं।
शेष भारत का 171 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट मयकं अग्रवाल के तौर पर गिर चुका है। मयंक को 95 रन के निजी स्कोर पर यश ठाकुर ने आउट किया। इस तरह मयंक शतक बनाने से चूक गए।
मयंक अग्रवाल 93 रन बनाकर खेल रहे हैं। वहीं, हनुमा विहारी उनका भरपूर साथ निभा रहे हैं। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 100 रन से ज्यादा की साझेदारी हो चुकी है।
शेष भारत को 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा पहला झटका। रजनीश गुरबानी ने अनमोलप्रीत को 15 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए कुल 46 रन की साझेदारी हुई।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी शेष भारत को मयंक अग्रवाल और अनमोलप्रीत सिंह ने सधी हुई शुरुआत दी है। दोनों बल्लेबाजों ने शुरुआती 8 ओवर में 36 रन जोड़ लिए हैं।
सरवटे ने रणजी फाइनल में चेतेश्वर पुजारा जैसे बल्लेबाज को अपने जाल में फंसाकर विदर्भ को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी। उनकी निगाह अब रहाणे को सस्ते में समेटने पर टिकी रहेगी।
विदर्भ की टीम में हालांकि 41 वर्षीय वसीम जाफर, बाएं हाथ के स्पिनर आदित्य सरवटे, विकेटकीपर बल्लेबाज अक्षय वाडकर और तेज गेंदबाज रजनीश गुरबाणी जैसे खिलाड़ी हैं, जो अच्छी फॉर्म में हैं।
विदर्भ ने इस सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है और कोच चंद्रकांत पंडित चाहेंगे कि उनके खिलाड़ी अपनी अच्छी फॉर्म जारी रखें। टीम को हालांकि उमेश की कमी खलेगी जिन्हें चोटिल होने के कारण विश्राम करने की सलाह दी गई है।