IPL 2019, CSK vs RR: राजस्थान रॉयल्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे पर रविवार को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ स्लो ओवर रेट की वजह से रहाणे पर यह जुर्माना लगाया गया है। रहाणे अपने गेंदबाजों से निर्धारित समय पर ओवर खत्म नहीं करा पाए। आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत तय समय पर पारी समाप्ता नहीं होने पर गेंदबाजी कप्तान पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया जाता है। रहाणे से पहले इस सीजन रोहित शर्मा पर भी यह चार्ज लगाया जा चुका है। किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ मैच के दौरान स्लो ओवर रेट की वजह से रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया था। बता दें कि रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में चेन्नई के हाथों राजस्थान को 8 रनों से हार का सामना करना पड़ा। कठिन पिच पर जबर्दस्त धीरज दिखाते हुए कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 46 गेंद में नाबाद 75 रन बनाए जिसकी बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीसरी जीत दर्ज की।

धोनी ने संकटमोचक की भूमिका निभाते हुए टीम को पांच विकेट पर 175 रन तक पहुंचाया। जवाब में रॉयल्स की टीम आठ विकेट पर 167 रन ही बना सकी और यह उनकी लगातार तीसरी हार थी। बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने 44 रन की साझेदारी करके उम्मीद जगाई लेकिन ड्वेन ब्रावो ने आखिरी ओवर में शानदार गेंदबाजी की जबकि रॉयल्स को 12 रन की जरूरत थी।

पिछले मैच में यहां टर्निंग पिच थी लेकिन रविवार को यह बल्लेबाजों के लिए अलग तरह की चुनौती साबित हुई। इस पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को मदद मिली और स्ट्रोक्स खेलना आसान नहीं था। धोनी और रविंद्र जडेजा ने जयदेव उनादकत के आखिरी ओवर में 28 रन लिए। चेन्नई ने आखिरी तीन ओवर में 60 रन बनाए। धोनी ने अपनी पारी में चार चौके और चार छक्के जड़े। धोनी की पारी ने एक समय 150 भी मुश्किल से बनाने वाली चेन्नई की टीम को 175 रनों तक पहुंचाने का काम किया।