IPL Auction 2019 Team Players List: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम मुंबई इंडियंस ने गुरुवार को ऑलराउंडर खिलाड़ी जयंत यादव को ट्रांसफर विंडो के जरिए 12वें सीजन के लिए अपने साथ जोड़ लिया है। जयंत इससे पहले बीते सीजन में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल) के लिए खेले थे। मुंबई ने इस सीजन के लिए दूसरी बार किसी खिलाड़ी को अपने साथ ट्रांसफर विंडो के जरिए जोड़ा है। इससे पहले तीन बार की विजेता ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर से दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक को अपने साथ शामिल किया था। मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने इस पर संतुष्टि जताते हुए कहा है कि अब टीम सही संतुलन के साथ तैयार है। आकाश ने कहा, “मैं इस बात से खुश हूं कि जयंत अब मुंबई इंडियंस पल्टन का हिस्सा हैं। उनका बल्ले और गेंद से अनुभव तथा योग्यता शानदार है। नीलामी की सफलता के कुछ दिन बाद उनको अपनी टीम में शामिल कर हम खुश हैं।”
बता दें कि तीन बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने इस सीजन भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना क्रिकेट संचालन निदेशक नियुक्त किया है। जहीर मुंबई के साथ 2009, 2010 और 2014 में आईपीएल में खेल चुके हैं। मुंबई के लिए उन्होंने 30 मैच खेले थे और 29 विकेट अपने नाम किए थे। आईपीएल के आगामी सीजन से पहले मुंबई ने अपने 18 खिलाड़ियों को रिटेन किया था। वहीं नीलामी में टीम ने 6 खिलाड़ियों को खरीदा है जबकि ट्रांसफर विंडो के जरिए दो नए खिलाड़ी टीम का हिस्सा बने हैं।
टीम ने हार्दिक पांड्या, क्रूणाल पांड्या और जसप्रीत बुमराह को अपने साथ बनाए रखा है तो वहीं मयंक मारकंडे, राहुल चहर, अनुकूल रॉय, ईशान किशन, आदित्य तारे तथा सूर्यकुमार यादव को भी अपने साथ जोड़े रखा है। मुंबई के पास केरन पोलार्ड, बेन कटिंग, इविन लुइस जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं। रोहित शर्मा इस सीजन भी टीम की कप्तानी करेंगे। वहीं ट्रांसफर विंडो के माध्यम से टीम में क्विंटन डि कॉक और जयंत यादव शामिल हुए हैं। (एजेंसी इनपुट के साथ)


