मैदान पर हमेशा कूल अंदाज में नजर आने वाले महेंद्र सिंह धोनी की सादगी अक्सर उनके फैंस का दिल छू लेती है। उनका सहज अंदाज और डाउन टू अर्थ रवैया हर किसी का मन मोह लेता है। विकेटकीपिंग और बैटिंग में माही जितने आक्रामक हैं उतने ही ऑफ द ग्राउंड विनम्र भी। धोनी का उनकी कामयाबी के पीछे भी यही मंत्र है – काम लगन से करो, मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ दो … खुद धोनी के पिता पान सिंह ने भी उन्हें यही सिखाया कि कामयाबी को कभी सिर पर मत चढ़ने दो। ऐसे में धोनी इतना सफल होने के बावजूद मैदान के बाहर किसी आम इंसान की तरह की नजर आते हैं।

गुजरात लायंस के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाने वाले राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाड़ी बेन स्टोक्स ने खुद धोनी की जमकर तारीफ की। उनके अलावा अक्सर कई साथी खिलाड़ी भी धोनी के रवैये की प्रशंसा करते नजर आते हैं। हाल ही में धोनी का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वह एयरपोर्ट में एक बच्चे के साथ फर्श पर बैठकर खेलते नजर आ रहे हैं। ये बच्चा किसी और का नहीं बल्कि उनके साथी खिलाड़ी इमरान ताहिर का है।

धोनी ने अपने इस नन्हे फैन के साथ काफी देर तक मस्ती की। खुद इमरान ताहिर भी धोनी और अपने बेटे के बीच इन पलों का लुत्फ उठाते नजर आए। धोनी अक्सर अपनी बेटी जीवा के साथ भी मस्ती करते दिखते हैं। तो लगता है ऐसे में उन्हें बच्चों को बखूबी रिझाना आता है।

बता दें कि हाल ही के मैच में राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने गुजरात को पांच विकेट से हराया। बेन स्‍टोक्‍स के नाबाद शतक (103) के बूते पुणे ने 161 रन का लक्ष्‍य केवल पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। हालांकि एक समय उसके तीन विकेट केवल 10 रन पर गिर गए थे। लेकिन एमएस धोनी और बेन स्‍टोक्‍स के बीच 76 रन की साझेदारी ने पलड़ा पुणे की ओर झुका दिया। इससे पहले गुजरात ने पहले खेलते हुए ब्रेंडन मेकुलम (45) और ईशान किशन (31) की पारियों के बूते 161 रन बनाए। पुणे ने अभी तक 11 मैचों में से 7 मैच जीत लिए हैं।