भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी वर्ल्ड कप के बाद से क्रिकेट के मैदान से दूर हैं। धोनी मौजूदा समय में अपना पूरा समय परिवार और दोस्तों को दे रहे हैं। वाइफ साक्षी और बेटी जीवा के साथ अक्सर सोशल मीडिया पर धोनी की तस्वीरें वायरल होती रहती हैं। इन दिनों धोनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह अपने घर की एक बर्थडे पार्टी में गाना गा रहे हैं। इस दौरान उनके दोस्त और रिश्तेदार भी वहां नजर आ रहे हैं। कराओके नाइट के इस वीडियो में धोनी अपने दोस्तों के साथ जब कोई बात बिगड़ जाए… जब कोई मुश्किल पड़ जाए…. गाना गाते और मस्ती करते नजर आ रहे हैं। कुमार सानू ने यह गाना फिल्म जुर्म के लिए गाया था, जिसे लोगों ने काफी पसंद किया।

गाना गाते समय धोनी के सामने वाइफ साक्षी बैठी हुईं थी। धोनी साक्षी की ओर देख गाना गा रहे थे, एक लाइन गाने के बाद धोनी ने माइक बगल में खड़े दोस्त को थमा दी। दोस्त की आवाज सुनकर वहां मौजूद सभी लोग जोर-जोर से हंसने लगे। बता दें कि हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान धोनी ने कहा था कि जनवरी तक उनसे वापसी को लेकर सवाल न पूछा जाए। एमएस धोनी ने अपना आखिरी इंटरनैशनल मैच 2019 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में खेला था।

टीम इंडिया यह मैच हारकर टूर्नमेंट से बाहर हो गई और इसके बाद से महेंद्र सिंह धोनी करीब 4 महीने से ब्रेक पर हैं। वर्ल्ड कप के बाद से ही उनके संन्यास को लेकर अटकलबाजियां लगाई जा रही हैं। धोनी से जब पूछा गया कि वह कब तक क्रिकेट से बाहर रहेंगे? इसके जवाब में उन्होंने कहा, ‘जनवरी तक मत पूछो।’ वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी वेस्ट इंडीज दौरे पर नहीं गए और इसके बाद साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू सीरीज में भी वह नहीं खेले।

धोनी को कुछ दिन पहले झारखंड अंडर-23 टीम के साथ अभ्यास करते हुए देखा गया था, जिसके बाद उनकी संभावित वापसी की अटकलें तेज हो गई थीं। लेकिन धोनी के जनवरी तक इस विषय पर बात न करने की खबर से फैंस की उम्मीदों को करारा झटका लगा।