भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों क्रिकेट के मैदान से दूरी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं और अपने परिवार को ज्यादा समय दे रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज खत्म होने के बाद महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी और बेटी जीवा के साथ क्वालिटी टाइम व्यतीत कर रहे हैं। कर रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो अपनी बेटी जीवा के साथ घुटनों के बल चल रहे हैं। वीडियो में महेंद्र सिंह धोनी अपनी नन्हीं बेटी के साथ प्यार भरे पल गुजारते हुए नज़र आ रहे हैं। एमएस धोनी जानबूझकर जीवा से हार जाते हैं, इसपर जीवा काफी खुश होती दिख रही है। एमएस धोनी और उनकी बेटी का यह वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से शेयर किया जा रहा है।
करीब 17 घंटे पहले पोस्ट किए गए इस वीडियो को अब तक साढ़े छह लाख लोग देख चुके हैं। काफी संख्या में लोगों ने इस पर कमेंट भी किया है। मैदान पर कूल-कूल रहने वाले माही का अपनी बेटी जीवा के प्रति प्यार और लगाव किसी से छुपा नहीं है। धोनी ने कई मौकों पर सोशल मीडिया पर जीवा और अपनी तस्वीरें शेयर की हैं। इसी महीने की छह तारीख को जीवा का जन्मदिन था। इस मौके पर महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार और दोस्तों के साथ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून गए थे। पिछले दिनों एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें देहरादून के डालनवाला में एमएस धोनी गुनगुनी धूप में पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ मैदान में लेटे हुए थे। डालनवाला में महेंद्र सिंह धोनी की ससुराल है।
इसके बाद एमएस धोनी और उनकी पत्नी मसूरी में अपनी बेटी जीवा का दूसरा जन्मदिन मनाने के लिए मौजूद थे। साल 2015 में 6 फरवरी को एमएस धोनी की बेटी जीवा का जन्म हुआ था, तब माही टीम इंडिया के साथ आॅस्ट्रेलियाई दौरे पर थे। विगत जनवरी में महेंद्र सिंह धोनी ने भारत की वनडे और टी20 टीम की कप्तानी से इस्तीफा दे दिया था। महेंद्र सिंह धोनी को 2011 में भारत की प्रादेशिक सेना ने लेफ्टिनेंट कर्नल का मानद रैंक दिया था। इस वीडियो में माही ठीक सैनिकों की तरह क्रॉल कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि धोनी अपनी प्यारी बेटी के साथ आर्मी गेम खेल रहे हैं। धोनी ने भारत की ओर से 199 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें उन्होंने 110 मैचों में जीत हासिल की, जबकि 74 मुकाबलों में उन्हें हार मिली, चार मुकाबले टाई और 11 मैच ड्रॉ रहे। धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 60 फीसद से ज्यादा मैचों में जीत दर्ज की है।
