भारतीय क्रिकेट टीम के मिडल ऑर्डर बल्लेबाज अंबाती रायडू का 23 सितंबर को 33वां जन्मदिन था। रायडू इस समय दुबई में हैं, पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को खेले गए वनडे मैच में रायडू ने 12 रनों की नाबाद पारी खेली। भारत ने इस मैच को 9 विकेट से अपने नाम किया। मैच के बाद खिलाड़ी रायडू का जन्मदिन मनाते दिखाई दिए। रायडू के साथी खिलाड़ियों ने उनका जन्मदिन कुछ इस अंदाज में मनाया कि सभी की हंसी छूट गई। रायडू के जन्मदिन मनाए जाने का एक वीडियो एमएस धोनी फैन क्लब पर अपलोड किया गया है। इस वीडियो को लोग बेहद पसंद कर रहे हैं, वीडियो में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी रायडू के चेहरे पर केक पोतते नजर आ रहे हैं। धोनी के अलावा दूसरे खिलाड़ियों ने भी रायडू का चेहरा पूरी तरह से केक से रंग दिया है। इस वीडियो के नीचे फैन्स ने कमेंट कर रायडू को जन्मदिन की बधाई भी दी है। बता दें कि रायडू एशिया कप के दौरान शानदार फॉर्म में हैं और लगातार रन बना रहे हैं।
Rayudu’s Birthday Celebrations! @msdhoni @RayuduAmbati
#INDvPAK
#AsiaCup2018 pic.twitter.com/8GurLuinyh— MS Dhoni Fans #Dhoni (@msdfansofficial) September 24, 2018
आंध्र प्रदेश के गुंटुर में जन्में अंबाती रायडू ने 16 साल की उम्र में फर्स्ट क्लॉस क्रिकेट खेलना शुरू किया था। साल 2004 में अंडर 19 क्रिकेट वर्ल्ड कप में रायडू भारतीय टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। वहीं आईपीएल में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए रायडू ने टीम के लिए कई यादगार पारी खेलने में कामयाब रहे थे। जिंबाब्वे दौरे पर साल 2013 के दौरान रायडू भारतीय टीम में डेब्यू करने में कामयाब रहे थे।
इसके बाद फॉर्म की वजह से वह टीम से अंदर0-बाहर होते रहे। इस साल उन्हें आईपीएल में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम ने खरीदा और वह अपनी टीम की ओर से सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। रायडू के फॉर्म को देखते हुए चयनकर्ताओं ने उन्हें इंग्लैंड दौरे पर टीम में शामिल किया, लेकिन यो यो टेस्ट में फेल होने की वजह से वह इंग्लैंड नहीं जा पाए। ऐसे में एशिया कप में मिले मौके को वह दोनों हाथों से बटोरना चाहेंगे।

