महेंद्र सिंह धोनी लॉकडाउन के कारण होमटाउन रांची में हैं। हाल ही में धोनी का एक वीडियो सामने आया, जिसमें कैप्टन कूल ट्रैक्टर चलाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो को Chennai Super Kings ने अपने ऑफिसियल ट्विटर हैंडल पर शेयर किया था। वीडियो में महंगी-महंगी कारों और स्पोर्ट्स बाइक के शौकीन धोनी अब ट्रैक्टर पर भी अपना हाथ आजमा दिख रहे थे। वीडियो में ट्रैक्टर चलाने के दौरान महेंद्र सिंह धोनी के साथ एक शख्स भी था, जो उन्हें ट्रैक्टर के फंक्शन के बारे समझा रहा है।

वीडियो वायरल होने पर फैंस सोच रहे थे कि आखिर धोनी ट्रैक्टर क्यों चलाना सीख रहे हैं। क्या उन्होंने ट्रैक्टर खरीदा है। अब उसकी वजह सामने आई है। बताया जा रहा है कि धोनी ने एक खास मकसद से इसे खरीदा है। जैसा कि आप सभी जानते हैं रांची में धोनी का सात एकड़ का फार्म हाउस है। इन दिनों वे वहीं अपने परिवार संग क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। धोनी ने ट्रैक्टर को फार्महाउस पर ऑर्गेनिक फार्मिंग के लिए खरीदा है।

धोनी लॉकडाउन के खाली समय का सदुपयोग कर रहे हैं। वे इन दिनों जैविक खेती (Organic Farming Tips) के  गुर सीख रहे हैं। हालांकि, वह सोशल मीडिया से दूरियां बनाए हैं। उनकी हर गतिविधियों के बारे में चेन्नई सुपरकिंग्स फैंस को जानकारी देती है।

जीक्यू इंडिया की खबर के मुताबिक, एमएस धोनी ने ये ट्रैक्टर 8 लाख रुपये में खरीदा है। रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में एमएस धोनी ऑर्गेनिक खेती शुरू करने वाले हैं। रांची में धोनी का 7 एकड़ का फार्म हाउस है। इस फार्म हाउस पर तरबूज की खेती तो हो ही रही है अब यहां पपीते के पेड़ भी लगाए जाएंगे।

आने वाले दिनों में वह दूसरों फलों के पौधों को भी लगाएंगे। यही वजह है कि धोनी ने महिंद्रा स्वराज 963 एफई ट्रैक्टर खरीदा है। इस फार्म हाउस में उन्होंने शानदार घर के साथ-साथ बाइक के लिए शीशे का गैराज और बहुत बड़ा पार्क बनवाया है। अब उनके कलेक्शन में ट्रैक्टर भी शामिल हो गया है।