आस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हस्सी स्वयं बहुत अच्छे ‘फिनिशर’ रहे हैं लेकिन उनका मानना है कि इस मामले में भारत के विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कोई सानी नहीं है जिन्हें उन्होंने इस भूमिका में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर बताया। हस्सी ने ESPN Crick Info के वीडियोकास्ट में संजय मांजरेकर से कहा, ”धोनी क्रिकेट जगत में सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ फिनिशर हैं।” उन्होंने कहा, ”धोनी शांतचित बने रह सकते हैं और विरोधी टीम के कप्तान को मौका देते हैं। धोनी के पास अविश्वसनीय ताकत है। वह जानते हैं कि कब उन्हें गेंद को सीमा रेखा के पार पहुंचाना है। उनके पास इस तरह का आत्मविश्वास है। ईमानदारी से कहूं तो मेरा खुद पर इतना भरोसा नहीं रहा।”
44 साल के इस आस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से खेलते हुए लक्ष्य का पीछा करते समय उन्होंने धोनी से यह कला सीखी। उन्होंने कहा, ”मैं कोशिश करता था कि निर्धारित रन रेट 12 या 13 रन से ऊपर नहीं जाए। और मैंने इसे धोनी से सीखा। वह अविश्वसनीय है। उसका मानना है कि जो दूसरों में दहशत पैदा करता है वह आखिर में जीत दर्ज करता है। धोनी शांतचित बना रहता है और लंबे समय तक ऐसे बने रहता है क्योंकि दबाव गेंदबाजों पर भी होता है।”
महान खिलाड़ियों की बात करते हुए हस्सी ने कहा, ”वे लंबे समय तक हार को दिमाग में नहीं बिठाये रखते। अगर वे हारते हैं तो उसे पीछे छोड़कर तुरंत आगे के बारे में सोचते हैं। वे हार या जीत को खुद पर हावी नहीं होने देते हैं। वे हमेशा एक जैसे बने रहते हैं चाहे वह धोनी हों या रिकी पोटिंग।
हाल ही में गौतम गंभीर ने भी धोनी को लेकर बयान दिया था। गंभीर ने कहा था कि अगर इस साल इंडियन प्रीमियर लीग नहीं हुई तो महेंद्र सिंह धोनी के लिए भारतीय टीम में वापसी करना मुश्किल होगा। धोनी पिछली बार भारत की ओर से पिछले साल जुलाई में न्यूजीलैंड के खिलाफ विश्व कप सेमीफाइनल में खेले थे। इसके बाद से धोनी ने प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया है और सुनील गावस्कर तथा कपिल देव जैसे महान खिलाड़ी पहले ही कह चुके हैं कि इतने लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहने के बाद झारखंड के इस खिलाड़ी के लिए वापसी करना मुश्किल होता जा रहा है।
धोनी के इस साल आईपीएल में खेलने की उम्मीद थी लेकिन कोविड-19 के कारण इस टी20 लीग के आयोजन की संभावना बेहद कम है। गंभीर ने स्टार स्पोर्ट्स के कार्यक्रम ‘क्रिकेट कनेक्टेड’ में कहा, ”अगर इस साल आईपीएल नहीं होता है तो एमएस धोनी के लिए वापसी करना बेहद मुश्किल हो जाएगा। किस आधार पर उसका चयन किया जाएगा क्योंकि वह पिछले एक-डेढ़ साल से नहीं खेल रहा है।” गंभीर ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे लोकेश राहुल को धोनी का उपयुक्त विकल्प करार दिया।
