Mahendra Singh Dhoni, spotted driving SUV: टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार को रांची एयरपोर्ट पर स्पॉट किए गए। एयरपोर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी प्रशंसकों के बीच नजर आए और उनके फैंस ने सेल्फी भी ली। एयरपोर्ट से धोनी पत्नी साक्षी के साथ अपने घर की ओर रवाना हो गए। इस दौरान माही खुद SUV ड्राइव करते नजर आए। धोनी की इस कार को ड्राइव करते हुए कुछ तस्वीरें सामने आईं हैं। साक्षी ने कुछ दिन पहले ही इस नई एसयूवी की तस्वीर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। साक्षी ने तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा था कि, ‘रेड बीस्ट तुम्हारा घर में स्वागत है। माही आखिरकार तुम्हारा खिलौना घर आ गया है। रियली मिसिंग यू।’ एसयूवी के अलावा धोनी के पास फरारी 599 GTO और हमर H2 समेत और भी कई लग्जरी कारें हैं।
पिछले कुछ दिनों से संन्यास की वजह से धोनी सुर्खियों में बने हुए हैं। विराट कोहली द्वारा शेयर की गई एक तस्वीर के बाद धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं तेज हो गई। हालांकि, धोनी ने इस मुद्दे को लेकर किसी तरह की कोई प्रतिक्रियाएं अभी तक नहीं दी है। वहीं पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि अगले साल ऑस्ट्रेलिया में होने वाले विश्व टी20 को देखते हुए भारतीय क्रिकेट के लिये अब महेंद्र सिंह धोनी से आगे के बारे में सोचने और युवाओं में निवेश करने का समय आ गया है।
यह पूछने पर कि धोनी को बांग्लादेश दौरे के लिये चुना जाना चाहिए, गावस्कर ने नकारात्मक जवाब दिया। गावस्कर ने ‘आज तक’ से कहा, ‘‘नहीं, हमें उनसे आगे देखने की जरूरत है। कम से कम मेरी टीम में महेंद्र सिंह धोनी शामिल नहीं हैं। अगर आप टी20 विश्व कप के बारे में बात कर रहे हो तो मैं निश्चित रूप से ऋषभ पंत के बारे में सोचूंगा। ’’ गावस्कर ने कहा कि अगर पंत अच्छा नहीं करते हैं तो संजू सैमसन अगला सर्वश्रेष्ठ विकल्प होगा।


