264 रनों के भारीभरकम लक्ष्य का पीछा कर रही श्रीलंका की टीम को शुरुआती झटके लगे हैं। 2.4 ओवर के बाद टीम 24 रन पर दो विकेट गवां चुकी है। इससे पहले, ग्लेन मैक्सवेल की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर मेहमान ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के सामने 264 रनों की चुनौती पेश की। ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा स्काेर का विश्व रिकॉर्ड भी बना डाला। ऑस्ट्रेलियन टीम ने 20 अोवरों में तीन विकेट के नुकसान पर 263 रन बनाए। टीम ने विरोधी श्रीलंका का ही रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले श्रीलंका के नाम पर 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 260 रन बनाने का रिकॉर्ड था।
टॉस हारने के बाद बैटिंग करने को मजबूर हुए मेहमानों ने तूफानी शुरुआत की। पहले विकेट के लिए 29 गेदों में 57 रन जोड़े। डेविड वार्नर के आउट होने के बाद मैक्सवेल ने बल्लेबाजी की कमान संभाली और श्रीलंका के सभी गेंदबाजों की बखिया उधेड़नी शुरू की। वार्नर ने 16 गेंदों में 28 रन बनाए। उनके बाद बैटिंग करने आए उस्मान ख्वाजा ने मैक्सवेल का बखूबी साथ दिया और 97 रनों की साझेदारी की। ख्वाजा 22 गेंद में 36 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आए टीएम हेड ने मैक्सवेल के साथ मिलकर आखिरी ओवर्स में ताबड़तोड़ रन बटोरे। हेड ने 18 गेंद में 45 रन बनाए। आॅस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने अपना पहला टी-20 शतक जड़ा। मैक्सवेल ने 65 गेंदों में नॉट ऑउट रहते हुए 145 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 14 चौके और 9 छक्के लगाए। मैक्सवेल ने सुरंगा लकमल की फुल टॉस गेंद पर अपना शतक पूरा किया, लेकिन गेंद को नो बॉल करार दे दिया गया। मैक्सवेल टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले ऑस्ट्रेलिया के तीसरे बल्लेबाज हैं।

