World cup 2019: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के पहले सेमीफाइनल में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों 18 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी। इस वर्ल्ड कप के दौरान ऐसी खबरें आईं थीं कि यदि टीम इंडिया चैंपियन बनी तो महेंद्र सिंह धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह सकते हैं। अब चूंकि भारत का वर्ल्ड कप का सफर खत्म हो गया है, ऐसे में धोनी के संन्यास लेने की अटकलें चरम पर हैं। हालांकि, उनके प्रशंसकों और आलोचकों दोनों ने ही उनसे ऐसा कदम नहीं उठाने की अपील की है। इसी कड़ी में भारत रत्न और सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर का नाम भी जुड़ गया है। उन्होंने ट्वीट कर धोनी से संन्यास लेने का इरादा छोड़ने की अपील की है। लता का ये ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, और इस पर खूब धोनी के फैंस के रिएक्शन भी आ रहे हैं।
सुरकोकिला ने ट्वीट कर लिखा “नमस्कार एमएस धोनी। आज कल में सुन रहीं हूं कि आप रिटायर होना चाहते हैं। कृपया आप ऐसा मत कीजिए। देश को आप के खेल की जरुरत है और ये मेरी भी रिक्वेस्ट है कि रिटायरमेंट का विचार भी आप मन में मत लाइए। “इतना ही नहीं उन्होंने महान लेखक गुलज़ार का एक गाना भारतीय टीम को डेडिकेट किया है। उन्होंने एक अन्य ट्वीट कर लिखा “कल भलेही हम जीत न पाएं हो लेकिन हम हारे नहीं हैं। गुलजार साहब का क्रिकेट के लिए लिखा हुआ यह गीत मैं हमारी टीम को डेडिकेट करती हूं।” लता ने इस ट्वीट के साथ 1994 में उनके द्वारा गाया गया गाना “आकाश के उस पार भी” का यूट्यूब लिंक शेयर किया।
Namaskar M S Dhoni ji.Aaj kal main sun rahi hun ke Aap retire hona chahte hain.Kripaya aap aisa mat sochiye.Desh ko aap ke khel ki zaroorat hai aur ye meri bhi request hai ki Retirement ka vichar bhi aap mann mein mat laayiye.@msdhoni
— Lata Mangeshkar (@mangeshkarlata) July 11, 2019
Kal bhalehi hum jeet na paaye ho lekin hum haare nahi hain.Gulzar sahab ka cricket ke liye likha hua ye geet main hamari team ko dedicate karti hun. https://t.co/pCOy7M1d1Y
— Lata Mangeshkar (@mangeshkarlata) July 11, 2019
महेंद्र सिंह धोनी कब संन्यास लेंगे यह सवाल लगातार सोश्ल मीडिया में बना हुआ है। बुधवार को सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड से मिली हार के बाद जब कप्तान विराट कोहली संवाददाता सम्मेलन में आए तो यह सवाल एक बार फिर उठा। इसपर कप्तान ने कहा ” नहीं, उन्होंने अभी तक हमें इस बारे में नहीं बताया है।” बता दें धोनी ने इस मैच में 72 गेंदों पर एक चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद से मैच कीवी टीम की तरफ चला गया था।