भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा ने अपने प्यार को शादी के मंडप तक पहुंचा ही दिया। विराट कोहली और अनुष्का शर्मा ने सोमवार को शादी कर अपने रिश्ते को एक नया नाम दे दिया है। बता दें कि अनुष्का से विराट पहली दफा एक ऐड शूट के दौरान मिले थे। इसके बाद से दोनों के बीच एक खूबसूरत लव स्टोरी ने जन्म ले लिया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि विराट कोहली से पहले अनुष्का शर्मा और रणवीर सिंह की लव स्टोरी की खबरों ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। दोनों की पहली मुलाकात फिल्म ‘बैंड बाजा बारात’ के दौरान हुई और ऑन स्क्रीन रोमांस करते-करते दोनों के बीच रियल में प्यार ने जन्म ले लिया। अनुष्का और रणवीर सिंह ने इस बात को भले ही कबूला ना हो, लेकिन कहते हैं ना कि इश्क और मुश्क छुपाए नहीं छुपते। हर जगह साथ-साथ रहने वाले यह कपल भी दुनिया की नजरों में आ ही गए।

सिमी अग्रवाल के एक इंटरव्यू में अनुष्का और रणवीर ने कहा था कि फिल्म की शूटिंग के दौरान ये दोनों एक-दूसरे से अट्रैक्ट हो गए थे। ‘कॉफी विद करण’ में जब सोनाक्षी सिंहा रणवीर सिंह के साथ फिल्म प्रमोशन के लिए आईं तो करण जौहर के पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अनुष्का बेहद लकी हैं कि उनके पास रणवीर हैं। वहीं इसी शो में अनुष्का ने कहा कि ऐसा नहीं है आप रणवीर को ले सकती हैं, वो मेरी तरफ से बिल्कुल फ्री हैं।

सोनाक्षी सिंहा, रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा (फोटो सोर्स- यू-ट्यूब)

उस दौरान सोनाक्षी के वजन को लेकर अक्सर मीडिया में खबरें आती रहती थी। जिसके बचाव में एक बार रणवीर सिंह ने कहा था कि मेरे हिसाब से वह बेहद खूबसूरत हैं। जिन लोगों ने उनके साथ काम किया है, वो जानते हैं कि वो कितनी फिट हैं। मुझे बहुत बुरा लगता है जब लोग उनके टैलेंट पर बात ना कर उनके वजन पर निशाना साधते हैं। बता दें कि फिल्म लुटेरा के दौरान सोनाक्षी और रणवीर की अफेयर की खबरों ने काफी दिनों तक सुर्खियां बटोरी थी।

सोनाक्षी सिंहा, रणवीर सिंह और अनुष्का शर्मा (फोटो सोर्स- इंडियन एक्सप्रेस)

लेकिन कुछ दिन बाद ही इस लव स्टोरी का भी ब्रेकअप हो गया। इसके बाद रणवीर सिंह का नाम दीपिका पादुकोण के साथ जुड़ा, जो आज भी बरकरार है। वहीं अनुष्का अब मिसेज विराट कोहली बन चुकी हैं। जबकि सोनाक्षी अपनी फिल्मों में बिजी हैं।