भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की शादी की खबरें इन दिनों लगातार सुर्खियां बटोर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो बुधवार यानी 12 दिसंबर को विराट कोहली अनुष्का शर्मा से शादी कर लेंगे। विराट की दुल्हनिया बनने वाली अनुष्का शर्मा ने साल 2008 में शाहरुख खान की फिल्म ‘रब ने बना दी जोड़ी’ से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद से वह लगातार बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक फिल्में दे रही हैं। वहीं विराट कोहली भी क्रिकेट वर्ल्ड के सबसे फेवरेट सितारे बनते जा रहे हैं। विराट आए दिन कोई ना कोई रिकॉर्ड बनाते ही रहते हैं। जाहिर है अपनी-अपनी फील्ड में इतनी कामयाबी हासिल करने के बाद इन दोनों स्टार्स की इनकम काफी ज्यादा होगी। ऐसे में अगर दोनों की शादी होती है तो विराट-अनुष्का की संपत्ति करीब 610 करोड़ रुपए हो जाएगी।
अनुष्का शर्मा का क्लीन स्लेट फिल्म्स (Clean Slate Films) नामक प्रोडक्शन हाउस है। रिपोर्ट्स की मानें तो अनुष्का एक फिल्म के लिए 5 करोड़ रुपए की फीस लेती हैं। जबकि विज्ञापनों से भी लगभग 4 करोड़ रुपए सलाना कमा लेती हैं। वहीं विराट की बात की जाए तो वह इस समय भारतीय टीम के ‘ए’ ग्रेड खिलाड़ियों की लिस्ट में हैं। इस लिहाज से उनकी सैलरी दूसरे खिलाड़ियों की तुलना में ज्यादा है। इसके साथ ही वह आईपीएल में खेलने के 14 करोड़ रुपए ले लेते हैं।
विराट कोहली इस साल ब्रांड वैल्यू के मामले में 7वें नंबर पर रहे हैं। इस मामले उन्होंने फुटबालर लियोनेल मेस्सी को भी पछाड़ दिया है। विराट कोहली की कुल संपत्ति की बात करें तो वह इस समय 390 करोड़ रुपए के आस-पास है। वहीं अनुष्का की कुल संपत्ति 220 करोड़ रुपए हैं।
