आईपीएल 10 के लिए खिलाडि़यों की नीलामी आज (20 फरवरी) जारी है। सभी टीमों के बीच अच्छे प्लेयर्स चुनने के लिए कड़ा मुकाबला जारी है। वहीं अभी तक की नीलामी में इंग्लैंड के बेन स्टोक्स सबसे मंहगे खिलाड़ी साबित हुए हैं। उन्हें राइजिंग पुणे सुपरजाएंटस ने 14.50 करोड़ रुपये की भारी भरकम राशि में खरीदा है। वहीं टेमाल मिल्स दूसरे नंबर पर हैं। मिल्स को खरीदने के लिए मुंबई और पंजाब के बीच कांटे की टक्कर रही लेकिन उन्हें बैंगलौर ने खरीदा। इंग्लैंड के पेसर टेमाल मिल्स को आरसीबी ने 12 करोड़ रुपये में खरीदा है। मिल्स के लिए बोली लगाने में पहले तो मुंबई और पंजाब में मुकाबला चला। इसके बाद आरसीबी ने पहले 7 करोड़ की बोली लगाई। आरसीबी के बाद केकेआर ने भी मिल्स के लिए 8 करोड़ की बोली लगा दी। नीलामी की रकम बढ़ते-बढ़ते 10 करोड़ के पार हो गई और आरसीबी ने मिल्स को 12 करोड़ में खरीद लिया। टेमाल मिल्स ने हाल ही में खेले गए कई मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया है। मेक्डॉनल्ड्स सुपर स्मैश 2016/17 में उन्होंने 23.70 की एवरेज से 10 विकेट ली थीं और उनका स्ट्राइक रेट 21.50 का रहा। वहीं मिल्स का इकॉनमी रेट 6.61 का रहा।
वहीं मिल्स ने अपना टी20 का डेब्यू जुलाई 2016 में किया था जिसमें उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मैच खेला था। मिल्स लेफ्ट-आर्म फास्ट बॉलर हैं और राइट हैंड बैट्समेन। मिल्स आसानी से लगभग 90mph की रफ्तार से बॉलिंग कर सकते हैं। वहीं बीते महीने टी20 सीरीज में मिल्स ने भारत के खिलाफ तीन मैच खेले थे जिसमें उन्होंने तीन विकेट लिए थे। मिल्स की बोली की शुरुात 50 लाख रुपये के बेस प्राइज से शुरू हुई थी जो बढ़ते-बढ़ते सीधे 12 करोड़ पर पहुंच गई। आरसीबी का ध्यान इस बार अपनी टीम में अच्छे बॉलर्स रखने पर ज्यादा है।

