रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शनिवार को चेन्नई सुपर किंग्स को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाई है। इस सीजन में लगातार छह मैच हारने के बाद आरसीबी ने शानदार वापसी की। बेंगलुरु में खेले मैच में आरसीबी को 18 रन से जीत हासिल करने की जरूरत थी और इस टीम ने चेन्नई को 27 रन से हराया। इस मैच के बाद दिनेश कार्तिक ने ड्रेसिंग रूम में बताया कि इस मैच का टर्निंग पॉइंट एमएस धोनी का छक्का था।
धोनी के छक्के से जीती आरसीबी
दिनेश कार्तिक ने कहा, ‘इस मैच में सबसे अच्छी चीज थी महेंद्र सिंह धोनी का छक्का। धोनी के उस छक्के के बाद गेंद मैदान से बाहर चली गई और हमें नई गेंद मिली। इस नई गेंद से गेंदबाजी करना आसान था और यश दयाल ने कमाल की गेंदबाजी की।’
आखिरी ओवर में यश दयाल ने किया कमाल
आखिरी ओवर में महेंद्र सिंह धोनी की टीम को प्लेऑफ में जाने के लिए 17 रन की जरूरत थी। फाफ डुप्लेसिस ने यश दयाल को गेंद थमाई। पहली ही गेंद पर धोनी ने 110 मीटर लंबा छक्का जमाया। गेंद ग्राउंड के बाहर चली गई। इसके बाद अंपायर्स को नई गेंद लानी पड़ी। नई गेंद के आने के बाद अगली ही गेंद पर यश ने धोनी का विकेट हासिल किया। वहीं ओवर में इसके बाद केवल एक ही रन आया। आरसीबी ने तय मानक के तहत जीत हासलि करके प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई किया।
कप्तान फाफ डुप्लेसिस का शानदार अर्धशतक
कप्तान फाफ डुप्लेसिस (54 रन) की अगुआई में शीर्ष क्रम के शानदार प्रदर्शन से आरसीबी ने पांच विकेट पर 218 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। फिर उसके गेंदबाजों ने सीएसके को 20 ओवर में सात विकेट पर 191 रन पर रोक दिया और लगातार छठी जीत से प्लेऑफ का टिकट कटाया।