गौतम गंभीर भले ही खेल से संन्यास लेकर राजनीति में आ चुके हों लेकिन क्रिकेट से उनका मोहभंग अब भी नहीं हुआ है। भले ही वह चुनाव जीतकर सांसद बन गए हों लेकिन क्रिकेट के लिए वह अब जुनूनी है। जी हां, गंभीर को लेकर अब खबर आ रही है कि वह आईपीएल की दिल्ली कैपिटल्स टीम के सहमालिक बनने जा रहे हैं। खेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गंभीर दिल्ली कैपिटल्स के 10 फीसदी शेयर की खरीद कर रहे हैं। पिछले साल JSW ग्रुप ने इस टीम के 550 करोड़ रुपए के शेयर्स की खरीद की थी जबकि बाकी 50 प्रतिशत शेयर GMR ग्रुप के पास हैं और इसमें से 10 प्रतिशत की मालिकी गंभीर हासिल करना चाहते हैं। बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स में 10 फीसदी शेयर की कीमत 100 करोड़ रुपए है। पहले इस टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था लेकिन पिछले साल बदलकर दिल्ली कैपिटल्स कर दिया गया।
गंभीर फिलहाल गर्वनिंग काउंसिल से क्लीयरेंस मिलने का इंतजार कर रहे हैं। सूत्रों की मानें तो दिल्ली कैपिटल्स से गंभीर की डील तय हो चुकी है। हालांकि अभी तक ऑफीसियल रूप से गंभीर ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने इस मामले को लेकर कहा है कि जब सारी चीजें कनफर्म हो जाएंगी तब विस्तार से जानकारी दी जाएगी।
जानकारी के लिए बता दें आईपीएल में गंभीर जिस टीम के सहमालिक बनने जा रहे हैं कभी वह उसी के लिए पर खेला करते थे। उन्होंने साल 2017 में ही कोलकाता नाइट राइडर्स का साथ छोड़ दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ने का फैसला किया था। हालांकि पिछले सीजन में वह इस टीम के साथ फ्लॉप साबित हुए और 2018 में उन्हें रिलीज कर दिया गया था।
गंभीर ने आईपीएल में दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ ही शुरुआत की थी और तीन साल वह कोलकाता नाइटराइडर्स में शामिल हो गए थे। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स में रहते हुए 2 बार खिताब जीता था और साल 2017 में फिर दिल्ली की टीम में वापसी की थी। टीम के खराब प्रदर्शन के चलते उन्होंने अपनी कप्तानी श्रेयस अय्यर को दे दी थी।