महेंद्र सिंह धोनी ने स्टंप्स के पीछे से हाल के दिनों में शानदार काम किया है। रन आउट और स्टंप करने के उन्होंने कुछ नए तरीके ईजाद किए हैं। इससे उन्हें काफी फायदा मिला है जबकि बल्लेबाज के लिए धोनी के सामने क्रीज से बाहर निकलना मुश्किल काम हो गया है। पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज में उन्होंने बिना स्टंप देखे रॉस टेलर को रन आउट कर दिया था। सोमवार (1 मई) को आईपीएल में गुजरात लॉयंस के खिलाफ धोनी ने पैरों के बीच से बिना देखें गेंद से स्टंप उड़ा दिए। यह वाकया गुजरात की पारी के तीसरे ओवर में हुआ। ईशान किशन ने जयदेव उनादकट की गेंद को डीप स्क्वेयर लेग की ओर मारा। इसके बाद वे दो रन लेने के लिए दौड़ पड़े।
फील्डिंग कर रहे राहुल त्रिपाठी ने तेजी से ग्राउंड कवर करते हुए गेंद को धोनी की ओर फेंका। लेकिन थ्रो थोड़ा दूर रहा और इसके चलते धोनी को अपनी जगह बदलनी पड़ी। लेकिन भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने गेंद को तेजी से लपका और बिना एक पल की देरी किए हुए गेंद को स्टंप पर दे मारी। लेकिन इस थ्रो में जो असामान्य बात थी वो यह थी कि उन्होंने स्टंप देखे पैरों के बीच से थ्रो किया। हालांकि ईशान किशन आसानी से क्रीज में पहुंच चुके थे। लेकिन धोनी ने जो किया उससे थ्रो करने वाले राहुल त्रिपाठी हैरान से रह गए कि धोनी ने आखिर कैसे स्टंप उड़ा दिए।
गुजरात लॉयंस के खिलाफ धोनी ने दिनेश कार्तिक को रन आउट भी किया था। उन्होंने बाई का रन चुरा रहे कार्तिक के क्रीज में पहुंचने से पहले ही स्टंप बिखेर दिए। पुणे ने इस मैच में गुजरात को पांच विकेट से हराया। बेन स्टोक्स के नाबाद शतक (103) के बूते पुणे ने 161 रन का लक्ष्य केवल पांच विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। हालांकि एक समय उसके तीन विकेट केवल 10 रन पर गिर गए थे। लेकिन एमएस धोनी और बेन स्टोक्स के बीच 76 रन की साझेदारी ने पलड़ा पुणे की ओर झुका दिया। इससे पहले गुजरात ने पहले खेलते हुए ब्रेंडन मेकुलम (45) और ईशान किशन (31) की पारियों के बूते 161 रन बनाए। पुणे ने 10 मैचों में छठा मैच जीतकर खुद को प्लेऑफ के और करीब पहुंचा दिया है।
