भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य अजिंक्य रहाणे इन दिनों सेशेल्स में छुट्टियां बिता रहे हैं। उनका नाम रणजी ट्रॉफी 2017 के लिए मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी टीम में शामिल किया था, मगर बाद में रहाणे ने बताया कि वे छुट्टियों के चलते घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। मुख्य चयनकर्ता व भारत के विख्यात ऑलराउंडर अजीत अगारकर ने मीडिया से कहा, ”उन्होंने (रहाणे) हमें बताया कि वे इस मैच के चयन हेतु उपलब्ध नहीं हैं।’ टाइम्स नाउ की रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने रहाणे के एक रवैये पर ‘हैरानी’ जताते हुए कहा कि उनसे यह उम्मीद नहीं थी। पदाधिकारी ने कहा, ‘चयनकर्ता निराश होने की बजाय हैरान थे। उन्होंने रहाणे जैसे समर्पित खिलाड़ी से इसकी उम्मीद नहीं की थी। भारत का आखिरी एकदिवसीय मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1 अक्टूबर को था। उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए नहीं चुना गया और मुंबई में ही 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ पहला एकदिवसीय मैच होना है। आमतौर पर, एक खिलाड़ी के लिए दो सप्ताह का ब्रेक पर्याप्त होता है। मुंबई के कई टॉप खिलाड़ी बाहर हैं, ऐसे में रहाणे की मौजूदगी से मदद मिलती।’
इस साल मुंबई के कई स्टार खिलाड़ी अपने कमिटमेंट्स की वजह से रणजी ट्रॉफी में नहीं खेल रहे। श्रेयस अय्यर, पृथ्वी शॉ, धवल कुलकर्णी और शार्दुल ठाकुर भारत ‘ए’ के साथ व्यस्त हैं। वे न्यूजीलैंड ‘ए’ के खिलाफ खेल रहे हैं। क्रिकेटरों रणजी ट्रॉफी को नजरअंदाज करने पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के एक पदाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए टाइम्स नाउ से कहा, ‘वॉर्म-अप गेम ज्यादा जरूरी है या रणजी ट्रॉफी ज्यादा महत्वपूर्ण है? ऐसा लगता है कि प्रीमियर घरेलू टूर्नामेंट की कद्र खोती जा रही है।’
रणजी ट्रॉफी 2017-18 के लिए मुंबई की टीम इस प्रकार है:
आदित्य तारे (कप्तान), सूर्य कुमार यादव (उप-कप्तान), अखिल हेरवाड़कर, अभिषेक नायर, सिद्धेश लाड, जय बिस्टा, सूफियान शेख, विजय गोहिल, आकाश पार्कर, रायस्टन दास, मिनाद मांजरेकर, आदित्य धूमल, शिवम मल्होत्रा, शुभम रंजने, एकनाथ केड़कर।
