कोलकाता टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय टीम 172 रन पर ऑलआउट हो गई। लेकिन मैच के बीच में कुछ ऐसा हुआ जिसकी वजह से एक बार फिर भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली गुस्से से लाल हो गए। दरअसल, भारतीय पारी के 53 वें ओवर में श्रीलंकाई गेंदबाज दाशुन शनाका गेंदबाजी करने मैदान पर आए। ओवर के चौथे गेंद पर उनके सामने भुवनेश्वर कुमार बल्लेबाजी कर रहे थे। भुवनेश्वर ने गेंद को कवर प्वॉइंट की तरफ धकेला। लेकिन तभी श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चंडीमल ने स्लाइड लगाई और थ्रो करने का नाटक किया। क्योंकि उस समय वो गेंद के बिलकुल करीब नहीं थे तथा दूसरे फील्डर ने गेंद पकड़कर थ्रो किया। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने 1 अक्टूबर से इस तरह की फेक फील्डिंग करने वालों को रोकने के लिए ऐसा करने पर पेनल्टी लगाने का निर्णय लिया था। लेकिन मैदान पर मौजूद अंपायर नाइजेल लांग और जोएल विलसन ने इसे फेक फील्डिंग नहीं माना।
अंपायर के इस फैसले से विराट कोहली काफी नाखुश नजर आए। उन्होंने ड्रेसिंग रूम से पांच रन का इशारा भी किया लेकिन भारत को वो रन नहीं दिए गए। भारत की तरफ से इस मैच चेतेश्वर पुजारा ने सबसे अधिक 52 रन बनाए। इसके बाद तीसरे दिन शनिवार को भारत की पहली पारी 172 रनों पर सिमट गई। भारत ने पहली पारी में 59.3 ओवरों का सामना किया।
फिलहाल मैथ्यूज और थिरिमाने संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका ने 15 ओवर के बाद दो विकेट के नुकसान पर 56 रन बना लिए हैं। अगर भारत को इस मैच में वापसी करना है तो उसे जल्द से जल्द विकेट निकालने होंगे।
