लोकेश राहुल के टी-20 अंतरराष्ट्रीय इतिहास के दूसरे सबसे तेज शतक के बावजूद भारत को एविन लुईस के पांचवें सबसे तेज शतक के कारण पहले टी-20 एकदिवसीय मैच में वेस्ट इंडीज के खिलाफ एक रन से शिकस्त का सामना करना पड़ा।अपना चौथा टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे राहुल ने 51 गेंद में पांच छक्कों और 12 चौकों की मदद से नाबाद 110 रन की पारी खेली। इसके अलावा रोहित शर्मा (62) के साथ तीसरे विकेट के लिए 89 और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (43) के साथ चौथे विकेट के लिए 107 रन की साझेदारी की, लेकिन इसके बावजूद वेस्ट इंडीज के 246 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम चार विकेट पर 244 रन ही बना सकी।
इससे पहले अपना दूसरा टी-20 मैच खेल रहे लुईस ने सिर्फ 49 गेंद में पांच चौकों और नौ छक्कों की मदद से 100 रन की पारी खेली। इसके अलावा चार्ल्स (79) के साथ 9.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 126 जोड़े जिससे टीम ने रेकार्ड छह विकेट पर 245 रन बनाए। लुईस ने आंद्रे रसेल (22) के साथ दूसरे विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी भी की। लुईस ने 48 गेंद में शतक पूरा किया लेकिन वह न्यूजीलैंड के रिचर्ड लेवी (45 गेंद) का सबसे तेज शतक का रेकार्ड नहीं तोड़ पाए। वेस्ट इंडीज का टी-20 क्रिकेट में यह सर्वाधिक स्कोर है। यह भारत के खिलाफ भी सर्वाधिक स्कोर है। वेस्ट इंडीज का पिछला सर्वाधिक स्कोर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह विकेट पर 236 रन था जो उसने जनवरी 2015 में जोहानिसबर्ग में बनाया था।
भारत के सभी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए। रविंद्र जडेजा ने 39 जबकि जसप्रीत बुमराह ने 47 रन देकर दो-दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पारी की शुरुआत करने उतरे अजिंक्य रहाणे (07) का आंद्रे रसेल की गेंद पर थर्ड मैन पर ड्वेन ब्रावो ने शानदार कैच लपका। दूसरे सलामी बल्लेबाज रोहित लय में दिखे। उन्होंने लेग स्पिनर सैमुअल बद्री के ओवर में तीन चौके मारे। विराट कोहली (16) ने भी बद्री पर दो चौके मारे लेकिन ब्रावो की गेंद पर विकेटकीपर आंद्रे फ्लेचर को कैच दे बैठे। राहुल ने ब्रावो पर दो रन के साथ पांचवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। राहुल ने ब्रेथवेट पर चौके के साथ नौवें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। रोहित ने कीरोन पोलार्ड पर छक्के के साथ 22 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि राहुल ने भी इसी तेज गेंदबाज पर चौके के साथ 26 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की। रोहित हालांकि इसके बाद पोलार्ड की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में डीप मिडविकेट पर चार्ल्स को कैच दे बैठे।
राहुल और कप्तान धोनी ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। राहुल ने गेंदबाजी में वापसी करने आए नारायण पर दो चौके और एक छक्का मारा और फिर ब्रेथवेट पर भी छक्का जड़ा। भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 64 रन की दरकार थी। धोनी ने रसेल पर छक्के के साथ 17वें ओवर में भारत के 200 रन पूरे किए। धोनी और राहुल ने इसी ओवर में एक-एक छक्का और जड़ा। राहुल ने रसेल पर छक्के के साथ 46 गेंद में शतक पूरा करके दूसरे सबसे तेज शतक की बराबरी की जो दक्षिण अफ्रीका के फाफ डु प्लेसिस के नाम है।
भारत को अंतिम ओवर में आठ रन चाहिए थे। ब्रावो की पहली गेंद पर मार्लन सैमुअल्स ने शार्ट थर्ड मैन पर धोनी का आसान कैच छोड़ा। पहली चार गेंद पर चार रन बने। पांचवीं गेंद पर दो रन बने। अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे लेकिन धोनी ने शार्ट थर्ड मैन पर सैमुअल्स को कैच थमा दिया।
