भारत ने गुरुवार 23 अक्टूबर की रात बारिश से प्रभावित मैच में न्यूजीलैंड को डकवर्थ लुईस पद्धति से 53 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप 2025 कर सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं।
ICC Women’s World Cup 2025 Semi Final India Match Schedule
भारत की जीत में स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, जेमिमा रोड्रिग्स के अलावा तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर और क्रांति गौड़ की अहम भूमिका रही। भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना प्लेयर ऑफ द मैच चुनी गईं। नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड की कप्तान सोफी डिवाइन ने टॉस जीतकर फील्डिंग चुनी।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत ने 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन बनाए थे। बारिश के कारण इस मैच को पहले 49 ओवर का किया गया। बाद में दोबारा बारिश के बाधा डालने के कारण 44 ओवर का कर दिया गया। डकवर्थ-लुईस पद्धति के मुताबिक न्यूजीलैंड को 325 रन का लक्ष्य मिला। न्यूजीलैंड की टीम 44 ओवर में 8 विकेट पर 271 रन ही बना पाई। इस हार के साथ न्यूजीलैंड सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
न्यूजीलैंड की पारी: ब्रुक हॉलिडे का अर्धशतक
ब्रुक हालिडे (81 रन) और इसाबेल गेज (नाबाद 65 रन) के अर्धशतकों के बावजूद न्यूजीलैंड 271 रन ही बना पाया। भारत की ओर से रेणुका सिंह और क्रांति गौड़ ने 2-2 विकेट झटके, जबकि स्नेह राणा, श्री चरणी, दीप्ति शर्मा और रावल को 1-1 विकेट मिला। बारिश के कारण भारतीय पारी के दौरान 90 मिनट तक खेल रुका रहा। इसके बाद मैच 49-49 ओवर का किया गया। भारतीय पारी खत्म होते ही फिर बारिश आ गई। इस कारण ओवरों में फिर कटौती हुई और न्यूजीलैंड को 44 ओवर खेलने को मिले।
न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने दूसरे ही ओवर में सूजी बेट्स का विकेट गंवा दिया। सूजी बेट्स 5 गेंदों पर सिर्फ एक रन ही बना पाईं।भारत को पहली सफलता क्रांति गौड़ ने दिलाई। रेणुका सिंह ने भारत को दूसरी सफलता दिलाई और जॉर्जिया प्लीमर को क्लीन बोल्ड कर दिया। जॉर्जिया प्लीमर ने 24 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली।
रेणुका ने ही भारत के लिए तीसरा विकेट लिया और विपक्षी कप्तान कप्तान सोफी डिवाइन को 6 रन पर बोल्ड किया। एमेलिया केर को स्नेह राणा ने 45 रन के स्कोर पर चलता किया। एमेलिया केर अच्छी लय में दिख रही थीं और अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रही थी लेकिन स्नेह राणा की गेंद को स्वीप करने के प्रयास में वह स्मृति मंधाना को कैच थमा बैठीं।
शतक जड़ने के बाद प्रतिका रावल रावल ने मैडी ग्रीन (18 रन) को एक्सट्रा कवर पर खड़ी क्रांति गौड़ के हाथों लपकवाया। न्यूजीलैंड की आधी टीम 154 रन के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी थी। ब्रुक हॉलिडे ने संघर्ष किया, लेकिन लक्ष्य बड़ा होने के कारण वह बहुत देर टिक नहीं पाईं। उनकी पारी का अंत 81 रन के स्कोर पर श्री चरणी ने कैच कराकर किया। इसाबेल गेज ने 39 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया और 65 रन बनाकर नाबाद रहीं।
भारत की पारी, मंधाना-प्रतिका के शतक
भारतीय पारी की बात करें तो जेमिमा रोड्रिग्स 11 चौके की मदद से 55 गेंद में 76 रन बनाकर नाबाद रहीं। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं जेमिमा रोड्रिग्स ने 38 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। जेमिमा ने महिला विश्व कप में पहली बार अर्धशतक लगाया। भारतीय पारी की आखिरी गेंद खेलने उतरीं ऋचा घोष नाबाद चार के स्कोर के साथ पवेलियन लौटीं। हरमनप्रीत कौर 11 गेंद में 10 रन बनाकर आउट हुईं।
भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने शतक लगाया। स्मृति मंधाना ने 88 गेंद में अपना शतक पूरा किया। वह 10 चौके और 4 छक्के की मदद से 95 गेंद में 109 रन बनाकर आउट हुईं। स्मृति मंधाना ने आउट होने से पहले प्रतीका रावल के साथ 33.2 ओवर में 212 रन की साझेदारी की। यह अब विश्व कप (किसी भी विकेट) में भारतीय महिला टीम के लिए सबसे बड़ी साझेदारी रही। इससे पहले यह रिकॉर्ड स्मृति मंधाना के ही नाम था। स्मृति मंधाना ने 2022 में हैमिल्टन में वेस्टइंडीज के खिलाफ हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर 184 रन की साझेदारी की थी।
स्मृति मंधाना के बाद उनकी साथी ओपनर प्रतिका रावल ने भी शतक ठोका। प्रतिका रावल ने 122 गेंद में अपनी सेंचुरी पूरी की। प्रतिका का विश्व कप में यह पहला शतक है। महिला वनडे वर्ल्ड कप में 37 साल बाद किसी टीम की दोनों ओपनरों ने शतक लगाया। भारतीय जोड़ी ने पहली बार ऐसी उपलब्धि अपने नाम की।
IND W vs NZ W Live Match: भारत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई
भारत ने न्यूजीलैंड को बेहद अहम मुकाबले में 53 रन से हरा दिया और सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई। भारत से पहले ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने टॉप 4 में जगह बना ली थी। भारत की जीत में स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की शतकीय पारी का बड़ा योगदान रहा।
IND W vs NZ W Live Match: भारत को मिली 7वीं सफलता
भारतीय टीम को 7वीं सफलता क्रांति गौड़ ने जेस केर को 18 रन पर आउट करते हुए दिलाई। कीवी टीम को अब 6 गेंदों पर 59 रन बनाने हैं। भारत बड़ी जीत के लिए तैयार है। कीवी टीम हारने की कगार पर है।
IND W vs NZ W Live Match: गेज ने 39 गेंदों पर लगाया अर्धशतक
इसाबेला गेज ने अपनी टीम के लिए शानदार बैटिंग करते हुए 39 गेंदों पर अर्धशतक लगाया।
IND W vs NZ W Live Match: भारत को मिली छठी सफलता
भारत ने छठी सफलता ब्रुक हॉलिडे के रूप में हासिल किया जो 81 रन के स्कोर पर खेल रही थीं और कीवी टीम की बड़ी उम्मीद थीं। उनके आउट होने के बाद भारत की जीत लगभग पक्की है।
IND W vs NZ W Live Match: न्यूजीलैड को 36 गेंदों पर जीत के लिए 101 रन की जरूरत
न्यूजीलैंड की टीम को 36 गेंदों पर जीत के लिए 101 रन की जरूरत है। कीवी टीम ने 38 ओवर में 5 विकेट पर 224 रन बना लिए हैं। यहां से इस टीम के लिए जीत काफी मुश्किल नजर आ रही है। हालांकि ब्रुक हॉलिडे का संघर्ष जारी है।
IND W vs NZ W Live Match: न्यूजीलैंड का स्कोर 200 के पार
न्यूजीलैंड की टीम ने 35 ओवर में 5 विकेट पर 204 रन बना लिए हैं। गेज और हेलिडे तेजी से रन जुटाने की कोशिश में हैं। इस टीम को जीत के लिए 54 गेंदों पर 121 रन बनाने हैं।
IND W vs NZ W Live Match: भारत को मिली 5वीं सफलता
भारतीय टीम को 5वीं सफलता प्रतिका रावल ने मैडी ग्रीन को आउट करते हुए दिलाई। ग्रीन ने 20 गेंदों पर 18 रन की पारी खेली। इस टीम ने 28 ओवर में 5 विकेट पर 154 रन बना लिए हैं। भारत जीत की तरफ अग्रसर है।
IND W vs NZ W Live Match: न्यूजीलैंड का संघर्ष जारी
न्यूजीलैंड के शुरुआती 4 विकेट गिर जाने के बाद ये टीम फिलहाल तो दबाव में दिख रही है। 25 ओवर में 4 विकेट पर 137 रन बन चुके हैं। अब जीत के लिए 188 रन और बनाने हैं और अब 19 ओवर का खेल शेष बचा है। यानी इस टीम को 114 गेंदों पर 188 रन बनाने हैं।
IND W vs NZ W Live Match: भारत को मिली चौथी सफलता
भारतीय टीम को चौथी सफलता स्नेह राणा ने दिलाई और उन्होंने एमिला केर को 45 रन के स्कोर पर मंधाना के हाथों कैच आउट करवा दिया। न्यूजीलैंड टीम ने 21 ओवर में 4 विकेट पर 115 रन बना लिए हैं। भारत को जीत के लिए 6 विकेट की जरूरत है।
IND W vs NZ W Live Match: न्यूजीलैंड के 100 रन पूरे
न्यूजीलैंड की टीम ने 18 ओवर में 3 विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। इस टीम को जीत के लिए अब 224 रन और बनाने हैं। चौथे विकेट के लिए केर और हेलिडे के बीच 42 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारत को वापसी के लिए इस साझेदारी को तोड़ना जरूरी है।
IND W vs NZ W Live Match: 15 ओवर में बने 81 रन
न्यूजीलैंड की टीअम ने पहले 15 ओवर में 3 विकेट पर 81 रन बना लिए हैं। भी क्रीज पर केर और डेलिडे मौजूद हैं। भारत को यहां से जीत के लिए 7 विकेट की जरूरत है।
IND W vs NZ W Live Match: रेणुका ने भारत को दिलाई तीसरी सफलता
रेणुका सिंह ने भारत को तीसरी सफलता दिलाई और सोफी डिवाइन को क्लीन बोल्ड कर दिया। सोफी ने 9 गेंदों पर 6 रन की पारी खेली। ब्रुक हॉलिडे अब बैटिंग के लिए क्रीज पर आईं हैं। न्यूजीलैंड की टीम ने 12 ओवर में 3 विकेट पर 63 रन बना लिए हैं।
IND W vs NZ W Live Match: भारत को मिली दूसरी सफलता
भारत को दूसरी सफलता रेणुका ठाकुर ने दिलाई और वो अच्छी बल्लेबाजी कर रहीं प्लीमर को क्लीन बोल्ड कर दिया। प्लीमर ने 25 गेंदों पर 30 रन की पारी खेली थी और दूसरे विकेट के लिए केर के साथ मलिकर अर्धशतकीय साझेदारी भी की।
IND W vs NZ W Live Match: केर-प्लीमर ने पारी को संभाला
न्यूजीलैंड का पहला विकेट जल्दी गिर गया था, लेकिन इसके बाद केर और प्लीमर ने मिलकर पारी को संभाल लिया है। इस टीम ने 9 ओवर में एक विकेट पर 50 रन बना लिए हैं और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 45 गेंदों पर 49 रन की साझेदारी हो चुकी है।
IND W vs NZ W LIVE Score: भारत ने कसा शिकंजा
न्यूजीलैंड की टीम पूरी तरह से दबाव में नजर आ रही है और पहले 6 ओवर मे इस टीम ने एक विकेट पर सिर्फ 14 रन बनाए हैं। भारतीय गेंदबाजों ने कीवी बल्लेबाजों पर ना सिर्फ लगाम लगाए रखा है बल्कि उन्हें खुलकर खेलने का मौका बिल्कुल भी नहीं दे रही हैं।
भारत को क्रांति गौड़ ने दिलाई पहली सफलता
भारत को पहली सफलता क्रांति गौड़ ने दिलाई और उन्होंने सूजी बेट्स को सिर्फ एक रन के स्कोर पर पवेलियन वापस भेज दिया। उनके आउट होने के बाद क्रीज पर एमिला केर आईं हैं। न्यूजीलैंड की टीम ने 2 ओवर में एक विकेट पर 4 रन बना लिए हैं।
IND W vs NZ W LIVE Score: न्यूजीलैंड की बैटिंग शुरू
न्यूजीलैंड की बैटिंग की शुरुआत हो चुकी है और इस टीम ने एक ओवर में बिना किसी नुकसान के एक रन बना लिए हैं। भारत की तरफ से पहला ओवर फेंकने के लिए रेणुका सिंह आईं थी। सूजी बेट्स और जार्जिया क्रीज पर मौजूद हैं।
न्यूजीलैंड को जीत के लिए मिला 325 रन का टारगेट
बारिश की वजह से मैच को 44 ओवर का कर दिया गया और डकवर्थ-लुईस नियम के मुताबिक न्यूजीलैंड को जीत के लिए 325 रन का टारगेट दिया गया।
44 ओवर का हुआ मुकाबला
बारिश की वजह से पहले मैच को 49-49 ओवर का किया गया था, लेकिन भारत की पारी खत्म होने के ठीक बाद दोबारा से कुछ देर के लिए बारिश हुई और फिर मैच को 44-44 ओवर का कर दिया गया।
न्यूजीलैंड की पारी शुरू होने से पहले फिर आई बारिश
न्यूजीलैंड की पारी शुरू होने से पहले फिर से बारिश आ गई। हल्की बूंदाबांदी के कारण कवर्स फिर से लगाए गए, इसलिए न्यूजीलैंड की पारी शुरू होने में देरी हो सकती है। हालांकि, कुछ भारतीय खिलाड़ी स्लिप कैचिंग अभ्यास कर रहे हैं। इससे पता चलता है कि उन्हें इस बारिश से ज्यादा परेशानी की उम्मीद नहीं है।
भारत ने 49 ओवर में बनाए 3 विकेट पर 340 रन
बारिश के बाद फिर से शुरू हो चुका है। भारत को एक ओवर ही खेलने को मिलेगा। रोजमेरी मेयर 49वां ओवर लेकर आईं। उनकी पहली गेंद डॉट रही। दूसरी गेंद पर जेमिमा रोड्रिग्स ने दौड़कर दो रन पूरे किए। अगली गेंद पर कैच छूटा और गेंद बाउंड्री लाइन को छू गई। चौथी गेंद पर दौड़कर एक रन लिया। अगली गेंद पर हरमनप्रीत कौर ने अपना विकेट गंवा दिया। उनकी जगह ऋचा घोष आईं। उन्होंने आखिरी गेंद पर चौका जड़ दिया। इस तरह भारत ने 49 ओवर में 3 विकेट पर 340 रन बनाए। भारत का महिला विश्व कप में यह सबसे बड़ा स्कोर है।
IND W vs NZ W LIVE Score: जल्द शुरू होने वाला दोबारा मैच
जेमिमा रोड्रिग्स डगआउट में तैयार होकर इंतजार कर रही हैं। हरमनप्रीत कौर भी उनके साथ हैं। खेल दोबारा शुरू होने में लगभग पांच मिनट बाकी हैं और भारत के पास एक ओवर बचा है।
IND W vs NZ W LIVE Score: सफाई अभियान पूरा
सफाई अभियान लगभग पूरा हो चुका है। अब खेल फिर से शुरू होने में ज्यादा देर नहीं है, लेकिन भारतीय पारी का एक ओवर होगा और उसके बाद 10 मिनट का ब्रेक होगा। लेकिन क्या न्यूजीलैंड की पारी से शुरुआत नहीं हो सकती थी? यही क्रिकेट है!
शाम 7:30 बजे: सभी कवर हटा दिए गए हैं। सुपरसॉपर अपना काम कर रहा है। सुपरसॉपर आउटफील्ड पर घूम रहा है। भारतीय कोच अमोल मजूमदार पिच का निरीक्षण करने के लिए बाहर आए हैं। खेल फिर से शुरू होने में अभी 20 मिनट बाकी हैं।
IND W vs NZ W LIVE Score: बारिश रुकी, लेकिन पिच अभी ढकी
भारतीय समयानुसार शाम 7.15 बजे बारिश फिर से रुक गई। इस बार हल्की बौछारें ही पड़ीं। हालांकि, पिच अभी ढकी हुई है, लेकिन बाकी कवर हटा दिए गए हैं।
मुंबई में फिर से आई बारिश
अरे नहीं, बारिश फिर से शुरू हो गई है। कवर फिर से लगाए जा रहे हैं। इलाके में बिजली भी चमक रही है। फिलहाल हल्की बूंदाबांदी लग रही है, लेकिन इतनी कि ग्राउंड स्टाफ को फिर से काम पर लगना पड़ा।
खेल फिर शुरू होने का समय तय, 49-49 ओवर का होगा मैच
शाम 7:00 बजे मुंबई से अच्छी खबर है। खेल फिर से शुरू करने का समय तय हो गया। भारतीय समयानुसार शाम 7:50 बजे खेल फिर से शुरू करने का समय है। हर टीम को 49 ओवर खेलने होंगे, यानी भारत को बल्लेबाजी के लिए एक और ओवर मिलेगा। 10 मिनट का पारी का ब्रेक भी तय किया गया है।
IND W vs NZ W LIVE Score: आउटफील्ड में गड्ढे बने चिंता
शाम 6.57 बजे के आसपास भारत और न्यूजीलैंड की कप्तानों यानी हरमनप्रीत कौर और सोफी डिवाइन को अंपायरों ने अपडेट किया। आउटफील्ड में कुछ गड्ढे हैं जो इस समय चिंता का विषय है।
IND W vs NZ W LIVE Score: मुंबई से आई अच्छी खबर, बारिश थमी
नवी मुंबई से अच्छी खबर है! बारिश रुक गई है और कवर हटाए जा रहे हैं। अभी एक घंटे से ज्यादा का समय नहीं हुआ है, इसलिए अगर खेल स्थानीय समयानुसार शाम 7.20 बजे से पहले शुरू होता है तो भारतीय पारी के बाकी बचे 2 ओवर पूरे हो जाएंगे।
IND W vs NZ W LIVE Score: कम हुई बारिश की तीव्रता
दुर्भाग्य से आपको बताने के लिए कोई अपडेट नहीं है। कवर मजबूती से लगे हुए हैं। हालांकि, बारिश की तीव्रता कम हो गई है, फिर भी खुले क्षेत्रों में कुछ गड्ढे बन रहे हैं। खेल के मैदान के अधिकांश हिस्से पर कवर लगा दिए गए हैं, लेकिन पूरी तरह से कवर नहीं हो पाया है।
