AUS vs SL, 1st T20I, Sri Lanka tour of Australia, 2019: ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने दिवाली वाले दिन बल्ले से खूब धमाका किया। मैक्सवेल ने महज 28 गेंदों में 62 रन जड़कर श्रीलंका की जीत को नामुमकिन सा कर दिया। अपनी बल्लेबाजी के दौरान ग्लेन मैक्सवेल ने एक ऐसा शॉट भी लगाया जिसे देखने के बाद फैंस को पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की याद आ गई। मैक्सवेल ने अपनी पारी में तीन शानदार छक्के लगाए। इन छक्कों में एक सिक्स ऐसा भी था जो बिल्कुल हेलीकॉप्टर शॉट जैसा था। बता दें कि क्रिकेट में हेलीकॉप्टर शॉट की शुरुआत एमएस धोनी ने किया था, धोनी के बाद कई क्रिकेटरों ने इस शॉट को खेलने का प्रयास किया। धोनी के बाद भारतीय ऑलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या ने सबसे अधिक यह शॉट लगाया है।

मैक्सवेल ने धोनी की तरह शॉट खेलकर फैंस का मन मोह लिया। इतना ही बल्ले के बाद वो फील्डिंग में भी छाए रहे। दरअसल, श्टन एगर के ओवर में वानिंदु हसारंगा को मैक्सवेल ने थ्रो फेंक रन आउट किया। इस दौरान वह कमेंटेटर्स से बातचीत कर रहे थे, इसके बावजूद भी उनका थ्रो जाकर सीधा विकेटों पर लगा। बता दें कि डेविड वॉर्नर ने टी20 क्रिकेट में पहला शतक जमाकर फॉर्म में वापसी की जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को पहले मैच में 134 रन से हराया।

अपना जन्मदिन मना रहे वॉर्नर ने नाबाद 100 रन बनाये जिसकी मदद से ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट पर 233 रन बनाये। उन्होंने कप्तान एरोन फिंच और ग्लेन मैक्सवेल के साथ शतकीय साझेदारियां की। जवाब में श्रीलंकाई टीम नौ विकेट पर 99 रन ही बना सकी। लेग स्पिनर एडम जाम्पा ने 14 रन देकर तीन विकेट लिये। एशेज श्रृंखला और फिर घरेलू सत्र में खराब फॉर्म में रहे वॉर्नर ने अपना शतक 56 गेंद में चार छक्कों और दस चौकों की मदद से पूरा किया।

एशेज में वह दस पारियों में 95 रन ही बना सके थे। उनके अलावा फिंच और मैक्सवेल ने भी अर्धशतक जमाये। श्रीलंका के लिए कासुन रजीता ने चार ओवर में 75 रन दे डाले जो टी20 क्रिकेट में सबसे महंगा स्पैल है। जवाब में श्रीलंका की टीम ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना नहीं कर सकी। कमिंस ने धनुष्का गुणतिलका (11) और भानुका राजपक्षे (2) को पवेलियन भेजा। श्रीलंका के लिये दासुन शनाका ने सर्वाधिक 17 रन बनाये।