भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी साउथ अफ्रीका सीरीज से लौटने के बाद से छुट्टी पर हैं। श्रीलंका में होने वाले निदास ट्रॉफी से महेंद्र सिंह धोनी को आराम दिया गया है। धोनी अपनी वाइफ साक्षी और बेटी जीवा के साथ क्वालिटी टाइम स्पेंड कर रहे हैं। मंगलवार को धोनी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें धोनी फैमिली के साथ आराम फरमाते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में धोनी अपने डॉग के साथ खेलते हुए भी दिखाई पड़ रहे हैं। वहीं, बेटी जीवा भी अलग-अलग तरह से शक्ल बनाकर धोनी को दिखा रही है। धोनी ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा है – ‘फन टाइम विद फैमिली’। धोनी इससे पहले भी कई बार अपनी तस्वीर बेटी जीवा के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर चुके हैं। धोनी बेटी जीवा के साथ खाली समय बिताना बहुत पसंद करते हैं।
धोनी अब अप्रैल से शुरू होने वाले आईपीएल के दौरान चेन्नई की कप्तानी करते नजर आएंगे। चेन्नई के फैन्स टीम और धोनी की वापसी से बेहद ही खुश हैं। वहीं, धोनी भी दो साल बाद चेन्नई में वापसी पर अपनी खुशी जाहिर कर चुके हैं। धोनी के अलावा सुरेश रैना, रविंद्र जडेजा, ड्वेन ब्रावो और फॉफ डु प्लेसिस एक बार फिर अपनी टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। जबकि सैम बिलिंग्स, शेन वॉटसन, हरभजन सिंह और केदार जाधव पहली बार चेन्नई के लिए खेलेंगे।
बता दें कि धोनी सोशल मीडिया पर बेहद कम दिखते हैं। लगभग तीन महीने बाद मंगलवार को उन्होंने कोई पोस्ट अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है। धोनी के फैन्स बेसब्री से उनकी तस्वीर और वीडियो का इंतजार करते रहते हैं। धोनी के इस पोस्ट को शुरुआती तीन घंटे में करीब 8 लाख बार देखा जा चुका है।
कुछ दिन पहले स्नीकर्स के ऐड में धोनी एक अलग ही अवतार में नजर आए थे। पिछले कुछ समय से धोनी ज्यादातर बल्लेबाजी के दौरान फ्लॉप ही रहे हैं। ऐसे में, अब देखना दिलचस्प होगा कि धोनी इस साल आईपीएल में चेन्नई को कहां तक लेकर जाते हैं।