भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर हाल ही में सुरेश रैना ने कुछ बातें शेयर की थी। कैप्टन कूल के नाम से जाने वाले धोनी को लेकर रैना ने कहा था कि धोनी उतने भी कूल नहीं है। धोनी के बारे में वैसे तो लोग अक्सर बातें करते ही रहते हैं। लेकिन धोनी कभी भी अपने से जुड़े किसी खबर पर रिएक्ट नहीं करते हैं। लेकिन रैना की बात सुनकर धोनी से रहा नहीं गया और उन्होंने इसका जवाब देना ही उचित समझा। दरअसल, रैना ने कहा था कि मैदान पर शांत दिखने वाले धोनी मैच के बाद ड्रेसिंग रूम पर खिलाड़ियों पर अपना गुस्सा उतारा करते थे। उन्होंने कहा मैच में हुई गलतियों को धोनी भूलते नहीं थे बल्कि वह टीवी कैमरे बंद होने का इंतजार करते थे और फिर उस खिलाड़ी की खबर लेते थे। एक टॉक शो ब्रेकफास्ट विद चैम्पियंस में उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी से जुड़ी इम बातों का जिक्र किया था। रैना के इस बयान के बाद अब धोनी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

धोनी ने कहा कि हम जब ड्रेसिंग रूम में होते थे तब खूब मजे करते थे। हम कभी हल्के-फुल्के मजाक किया करते थे तो कभी सीरियस बात भी हो जाया करती थी। उन्होंने कहा कूल होने का मतलब है शांत होना और अगर आप शांत नहीं हो तो आप गुस्से में हो। इस वजह से मैं मैदान पर कभी भी मजाक नहीं करता था। मैंने खुद को कुछ इसी तरह से तैयार किया हुआ था जिससे मुझे कब कहां और क्या करना है इसका अंदाजा हो जाता था।

धोनी की कप्तानी में रैना भारत और चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से कई मैच खेल चुके हैं। एक समय में इनकी दोस्ती की हर जगह चर्चाएं हुआ करती थी। गौरतलब है कि एमएस धोनी ने इसी साल जनवरी में टीम इंडिया की कप्तानी छोड़ दी थी। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 टी20 वर्ल्ड कप, 2011 वर्ल्ड कप और 2013 की आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी जीती है।