Duleep Trophy 2025 Quarter Final: दलीप ट्रॉफी 2025 के पहले और दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच 28 अगस्त 2025 से बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंट्रर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड पर खेले जा रहे हैं। पहला क्वार्टर फाइनल नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन, जबकि दूसरा क्वार्टर फाइनल मैच सेंट्रल जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच है। पहले दिन का खेल हो चुका है।
सेंट्रल जोन बनाम नॉर्थ ईस्ट जोन: पहले दिन मध्य क्षेत्र का स्कोर 432/2 (77 ओवर)
नॉर्थ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया है। सेंट्रल जोन के खिलाफ नॉर्थ ईस्ट जोन ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। विदर्भ के रणजी ट्रॉफी हीरो दानिश मालेवार और रजत पाटीदार ने अपने-अपने शतकों से नॉर्थ-ईस्ट जोन के कमजोर आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। उनकी पारियों की मदद से सेंट्रल जोन ने पहले दिन बारिश के कारण खेल रोके जाने से पहले तक 77 ओवर में 2 विकेट पर 432 रन बना लिए।
दानिश मालेवार 198 रन बनाकर नाबाद
पिछले सीजन में रणजी ट्रॉफी फाइनल में शतक लगाने वाले 21 साल के दानिश मालेवार अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी 198 रन बनाकर नाबाद हैं। कप्तान रजत पाटीदार ने दोनों में से अधिक आक्रामक प्रदर्शन करते हुए 96 गेंद में 125 रन की पारी खेली।
अपने पहले प्रथम श्रेणी दोहरे शतक के करीब मालेवार ने एक छक्के के अलावा 35 चौके लगाए। मालेवार और पाटीदार तब साथ आए जब सलामी बल्लेबाज आर्यन जुयाल (60 रन पर बल्लेबाजी करते हुए) पेट में गेंद लगने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर चले गए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 28 ओवरों में तेजी से 199 रन जोड़े।
रजत पाटीदार ने लगाया 14वां प्रथम श्रेणी शतक
मालेवार का यह 10वां प्रथम श्रेणी मैच है। वह अपने 1,000 रन के करीब हैं। पाटीदार ने अपने समकक्ष रोंगसेन जोनाथन (15 ओवरों में 0/130) की गेंदों पर लगातार तीन रिवर्स स्वीप लगाकर 90 के पार का आंकड़ा छुआ और अपने अगले ओवर में एक शानदार कवर ड्राइव लगाकर अपना 14वां प्रथम श्रेणी शतक पूरा किया।
वह तेज गेंदबाज फेरोइजम जोतिन की गेंद पर स्वीप करने की कोशिश में आउट हो गए। उनका डीप स्क्वायर लेग बाउंड्री पर अंकुर मलिक ने कैच लपका। रजत पाटीदार के आउट होने के बाद, मालेवार ने अपने रणजी साथी यश राठौड़ के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 85 रन की अटूट साझेदारी की। जब बारिश ने खेल रोका तब राठौड़ 32 रन बनाकर नाबाद थे।
नॉर्थ जोन बनाम ईस्ट जोन: पहले दिन उत्तर क्षेत्र का स्कोर 308/6
वरिष्ठ तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के प्रभावशाली प्रदर्शन और बाएं हाथ के युवा स्पिनर मनीषी की धारदार गेंदबाजी की बदौलत ईस्ट जोन ने पहले दिन स्टम्प तक नॉर्थ जोन को 6 विकेट पर 308 रन ही बनाने दिए। जमशेदपुर के 21 साल के मनीषी ने 90 रन देकर तीन विकेट विकेट झटके। मध्यक्रम के बल्लेबाज आयुष बदोनी ने चिकनी पिच पर 60 गेंद में 63 रन की शानदार पारी खेली।
मजबूत शुरुआत के बाद लय बरकरार नहीं रख पाया नॉर्थ जोन
हालांकि, नॉर्थ जोन के अन्य बल्लेबाजों को इस बात का मलाल रहेगा कि ई्स्ट जोन के गेंदबाजों के खिलाफ मजबूत शुरुआत करने के बाद भी वे लय में नहीं आ पाए, लेकिन पूरा फोकस शमी पर था जो नवंबर 2024 के बाद से अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच खेल रहे थे। वह पहले दो स्पैल में थोड़ी लय में नहीं दिखे। उत्तर के सलामी बल्लेबाज और कप्तान अंकित कुमार तथा शुभम खजूरिया ने बिना किसी परेशानी के उनका डटकर सामना किया, लेकिन लंच के ठीक बाद उनके तीसरे स्पैल (4-2-9-0) में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला।
मोहम्मद शमी ने ली नॉर्थ जोन के बल्लेबाजों की परीक्षा
मोहम्मद शमी ऑफ स्टम्प के बाहर बल्लेबाजों की परीक्षा ले रहे थे। बदोनी और निशांत सिंधु के पैड पर कुछ गेंदें लगीं। चौंतीस वर्षीय शमी चौथे स्पेल (5-0-26-1) में दिन का अपना पहला विकेट ले सकते थे, लेकिन कुमार कुशाग्र ने 27 के निजी स्कोर पर कन्हैया वधावन (37) का कैच टपका दिया, लेकिन शमी को जल्द ही सफलता मिली जब उन्होंने ऑफ स्टम्प के बाहर एक ढीली गेंद पर साहिल लोत्रा को विकेट के पीछे कैच करा दिया।
आयुष बदोनी ने किया प्रभावित
शमी भले ही हर गेंद पर उतने खतरनाक नहीं दिख रहे थे जितना वह अपने खेल और फिटनेस के शीर्ष पर होने पर करते हैं, लेकिन उन्होंने दिन में 17 ओवर (55 रन देकर 1 विकेट) में संतोषजनक प्रदर्शन किया। हाल में दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में अच्छा प्रदर्शन करने वाले बदोनी ने अपने आक्रामक खेल से प्रभावित किया। उनके ड्राइव देखने लायक थे। उन्होंने लाल गेंद की जरुरतों के अनुसार खुद को पूरी सहजता से ढाल लिया।
वह तेज गेंदबाज मुख्तार हुसैन की गेंद पर पुल करने की कोशिश में लेग साइड में कैच आउट हो गए। उत्तर क्षेत्र के बल्लेबाज खजूरिया (26), अंकित (30), यश ढुल (39) और निशांत (47) अच्छी शुरुआत के बावजूद इसे बड़ी पारी में नहीं बदल सके। भारत के तेज गेंदबाज मुकेश कुमार के लिए चिंता की बात रही, क्योंकि उन्हें पहले और दूसरे सत्र के बीच अपनी हैमस्ट्रिंग की चोट के इलाज के लिए नौ ओवर मैदान से बाहर बिताने पड़े।
बता दें कि नॉर्थ जोन को मैच शुरू होने से पहले तब झटका लगा, जब उसके कप्तान शुभमन गिल बाहर हो गए। उनकी जगह अंकित कुमार टीम की कमान संभाल रहे हैं। मध्य क्षेत्र के कप्तान ध्रुव जुरेल और ईस्ट जोन के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन भी ग्रोइन की चोट और बुखार के कारण पहले क्वार्टर फाइनल से बाहर हो गए। ईश्वरन के नहीं खेलने से ईस्ट जोन के नहीं खेलने से असम के हरफनमौला रियान पराग को कप्तानी सौंपी गई है।
पता चला है कि एशिया कप के लिए भारत के स्टैंडबाय खिलाड़ियों में शामिल ध्रुव जुरेल को 27 अगस्त को चोट लगी। उन्हें मैच नहीं खेलने सलाह दी गई है। उत्तर पूर्व के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को आईपीएल खिताब दिलाने वाले रजत पाटीदार को मध्य क्षेत्र की कमान दी गई है। नॉर्थ ईस्ट जोन के कैप्टन रोंगसेन जोनाथन हैं।
Duleep Trophy 2025 LIVE: नॉर्थ जोन की हालत अच्छी नहीं
उधर, ईस्ट जोन के खिलाफ मैच में नॉर्थ जोन की हालत बहुत अच्छी नहीं है। उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। नॉर्थ जोन का स्कोर 61 ओवर में 5 विकेट पर 240 रन है। विकेटकीपर कन्हैया वधावन के 57 गेंद में 20 रन हैं। साहिल लोतरा के 19 गेंद में 6 रन हैं। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए अब तक 67 रन की साझेदारी हुई है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: रजत पाटीदार का शतक पूरा
दानिश मालेवार के बाद सेंट्रल जोन के कप्तान रजत पाटीदार ने भी अपना शतक पूरा किया। उन्होंने चौका लगाकर अपना शतक पूरा किया। 61 ओवर के बाद सेंट्रल जोन का स्कोर एक विकेट पर 314 रन है। रजत पाटीदार के 85 गेंद में 111 रन और दानिश मालेवार के 171 गेंद में 132 रन हैं। दोनों के बीच 166 रन की साझेदारी हो चुकी है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: आयुष बदोनी पवेलियन लौटे
ईस्ट जोन के खिलाफ मैच में नॉर्थ जोन का स्कोर 51 ओवर में 4 विकेट पर 215 रन है। निशांत संधू 62 गेंद में 43 रन बनाकर नाबाद हैं। विकेटकीपर कन्हैया वधावन के 24 गेंद में 5 रन हैं। इससे पहले आयुष बदोनी 60 गेंद में 63 रन ठोकने के बाद पवेलियन लौटे। उन्होंने आउट होने से पहले निशांत संधू के साथ 62 गेंद में 61 रन की साझेदारी की, जिसमें उनके 28 रन शामिल थे।
Duleep Trophy 2025 LIVE: दानिश मालेवार का शतक
दानिश मालेवार अपना शतक पूरा कर चुके हैं। उनके 148 गेंद में 109 रन हैं। वह अब तक 22 चौके लगा चुके हैं। रजत पाटीदार के 62 गेंद में 65 रन हैं। उन्होंने अब तक 12 चौके और एक छक्के लगाए हैं। सेंट्रल जोन का स्कोर 53.2 ओवर में एक विकेट पर 245 रन है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: शतक के करीब दानिश मालेवार
सेंट्रल जोन का स्कोर 43 ओवर में एक विकेट पर 185 रन है। दानिश मालेवार के 127 गेंद में 91 रन हैं। रजत पाटीदार के 23 गेंद में 25 रन हैं। दोनों के बीच 37 रन की साझेदारी हो चुकी है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: आयुष बदोनी का अर्धशतक पूरा
ईस्ट जोन के खिलाफ मैच में नॉर्थ जोन के आयुष बदोनी ने अपना अर्धशतक पूरा किया। वह 58 गेंद में 62 रन बनाकर नाबाद हैं। नॉर्थ जोन का स्कोर 41 ओवर में 3 विकेट पर 180 रन है। निशांत संधू के 28 गेंद में 14 रन हैं। दोनों के बीच 5 1 गेंद में 47 रन की साझेदारी हो चुकी है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: सेंट्रल जोन को लगा झटका
नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ मैच में सेंट्रल जोन को तब झटका लगा जब चोटिल होने के बाद आर्यन जुयाल को मैदान से बाहर जाना पड़ा। उनकी जगह कप्तान रजत पाटीदार मैदान पर आए। 42 ओवर का ओवर का खेल हो चुका है। सेंट्रल जोन का स्कोर एक विकेट पर 180 रन है। दानिश मालेवार के 122 गेंद में 87 और रजत पाटीदार के 20 गेंद में 24 रन हैं। दोनों के बीच 33 गेंद में 32 रन की साझेदारी हो चुकी है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: दानिश और आर्यन का अर्धशतक पूरा
दलीप ट्रॉफी के दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन का स्कोर 34 ओवर में एक विकेट पर 126 रन है। दानिश मालेवार के 101 गेंद में 70 रन हैं। आर्यन जुयाल के 93 गेंद में 52 रन हैं। दोनों के बीच 189 गेंद में 122 रन की साझेदारी हो चुकी है।
दलीप ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन का स्कोर 100 के पार पहुंच चुका है। आयुष बदोनी के साथ अर्धशतकीय साझेदारी करने के बाद यश ढुल 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे। आयुष बदोनी 35 रन बनाकर नाबाद हैं। नॉर्थ जोन का स्कोर 34 ओवर में 3 विकेट पर 139 रन है। ईस्ट जोन के मनीषी ने ही तीनों विकेट लिए हैं।
Duleep Trophy 2025 LIVE: आर्यन और दानिश ने संभाली पारी
दलीप ट्रॉफी के दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन की शुरुआत खराब हुई। ओपनर आयुष पांडे महज 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद आर्यन जुयाल और दानिश मालेवार ने पारी संभाली और स्कोर को 17 ओवर में 49/1 तक ले गए। आर्यन जुयाल 19 और दानिश 26 रन बनाकर नाबाद हैं।
Duleep Trophy 2025 LIVE: अंकित कुमार 30 रन बनाकर आउट
दलीप ट्रॉफी के पहले क्वार्टर फाइनल में नॉर्थ जोन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। नॉर्थ जोन का स्कोर 17 ओवर में एक विकेट पर 52 रन है। कप्तान अंकित कुमार 30 रन बनाकर आउट हुए। ओपनर शुभम खजूरिया 17 और यश ढुल 2 रन बनाकर नाबाद रहे।
Duleep Trophy 2025 LIVE: सेंट्रल जोन को पहला झटका लगा
क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ सेंट्रल जोन की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। सेंट्रल जोन को 1 झटका लग चुका है। आयुष पांडे को आकाश कुमार ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 3 रन बनाए। 7 ओवर के बाद सेंट्रल जोन का स्कोर 1 विकेट पर 14 रन। आर्युन जुयाल 2 और दिनेश मालेवार 9 रन बनाकर क्रीज पर।
Duleep Trophy 2025 LIVE: नॉर्थ जोन की अच्छी शुरुआत
क्वार्टर फाइनल-1 में ईस्ट जोन के खिलाफ नॉर्थ जोन की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। नॉर्थ जोन ने 6 ओवर में बगैर विकेट के 19 रन बनाए लिए हैं। शुभमन खजुरिया 4 और कप्तान अंकित कुमार 14 रन बनाकर क्रीज पर। मोहम्मद शमी ने 3 ओवर में 6 रन दिए। मुकेश कुमार ने 3 ओवर में 12 रन दिए।
Duleep Trophy 2025 LIVE: ईस्ट और नॉर्थ ईस्ट जोन ने जीते टॉस
नॉर्थ जोन के खिलाफ ईस्ट जोन के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। वहीं, नॉर्थ ईस्ट जोन के कप्तान रोंगसेन जोनाथन ने सेंट्रल जोन के कप्तान ध्रुव जुरेल को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
Duleep Trophy 2025 LIVE: साई किशोर पर होंगी नजरें
तिलक वर्मा की अगुआई वाली दक्षिण क्षेत्र की टीम में सभी की नजरें आर साई किशोर पर होंगी जो हाथ की चोट के कारण बुची बाबू टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। केएल राहुल और साई सुदर्शन जैसे खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं।
Duleep Trophy 2025 LIVE: यशस्वी जायसवाल की होगी यह इच्छा
घरेलू और विदेशी दोनों ही जगहों पर भारत के लिए लाल गेंद से यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन विशेष रहा है और वह अपने सत्र की शुरुआत अच्छी पारियों से करना चाहेंगे।
Duleep Trophy 2025 LIVE: श्रेयस अय्यर के लिए प्रेरणा का स्रोत
एशिया कप टी20 के लिए नहीं चुना जाना श्रेयस अय्यर के लिए प्रेरणा का एक अतिरिक्त स्रोत होगा जिनके बाहर होने पर राय विभाजित हैं। यशस्वी जायसवाल को भी उनकी कोई गलती नहीं होने के बावजूद एशिया कप टीम से बाहर कर दिया गया था।
Duleep Trophy 2025 LIVE: श्रेयस अय्यर और सरफराज खान के लिए चुनौती
इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल शार्दुल ठाकुर पश्चिम क्षेत्र की टीम की कप्तानी करेंगे, जिसमें श्रेयस अय्यर, सरफराज खान और यशस्वी जायसवाल शामिल हैं। भारत की टेस्ट टीम में अपनी जगह गंवा चुके श्रेयस अय्यर ढेरों रन बनाना चाहेंगे, जबकि सरफराज के साथ भी यही स्थिति है जिन्हें हाल ही में इंग्लैंड दौरे के लिए नजरअंदाज किया गया था।
Duleep Trophy 2025 LIVE: इस कारण टूर्नामेंट का बढ़ा क्रेज
इस टूर्नामेंट ने पहले अधिक सुर्खियां नहीं बटोरी थी लेकिन बीसीसीआई द्वारा अपने स्टार खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम में नहीं होने या चोटिल नहीं होने पर घरेलू प्रतियोगिताओं में भाग लेना अनिवार्य करने के बाद यह फिर से प्रासंगिक हो गया है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: पुराने फॉर्मेट की वापसी
छह क्षेत्रीय टीम 1960 के दशक में शुरू की गई इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। पिछले सत्र में जब यह प्रतियोगिता अव्यवस्थित ढंग से तैयार भारत ए, बी, सी और डी टीमों के बीच खेली गई थी तो हितधारक खुश नहीं थे और फिर उम्मीद के मुताबिक प्रतियोगिता की पुराने प्रारूप में वापसी हुई है।
Duleep Trophy 2025 LIVE: अपना दबदबा बनाना चाहेंगे युवा क्रिकेटर
युवा और महत्वाकांक्षी खिलाड़ी दलीप ट्रॉफी के मंच पर अपना दबदबा बनाने की कोशिश करेंगे जब गुरुवार से लाल गेंद की इस प्रतियोगिता की अपने पारंपरिक क्षेत्रीय प्रारूप में वापसी होगी और इसके साथ ही भारत के घरेलू क्रिकेट सत्र की शुरुआत होगी।
ऐसा है दलीप ट्रॉफी 2025 का पूरा शेड्यूल
ऐसा है दलीप ट्रॉफी 2025 का पूरा शेड्यूल
Duleep Trophy 2025: यहां देखें दलीप ट्रॉफी का पूरा कार्यक्रम, टीमें, कप्तान, तिथियां, मैदान और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स
ये है उत्तर पूर्व क्षेत्र की टीम
उत्तर पूर्व क्षेत्र की टीम: रोंगसेन जोनाथन (कप्तान), अंकुर मलिक, जेहू एंडरसन, आर्यन बोरा, तेची डोरिया, आशीष थापा, सेडेझाली रुपेरो, कर्णजीत युमनाम, हेम छेत्री, पलजोर तमांग, अर्पित सुभाष भटेवरा (विकेटकीपर), आकाश चौधरी, बिश्वोरजीत कोंथौजाम, फेइरोइजाम जोतिन, अजय लामाबाम सिंह।
ये है मध्य क्षेत्र की टीम
मध्य क्षेत्र की टीम: ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), रजत पाटीदार, आर्यन जुयाल, दानिश मालेवार, संजीत देसाई, कुलदीप यादव, आदित्य ठाकरे, दीपक चाहर, सारांश जैन, आयुष पांडे, शुभम शर्मा, यश राठौड़, हर्ष दुबे, मानव सुतार, खलील अहमद।
ये है पूर्व क्षेत्र की टीम
पूर्व क्षेत्र की टीम: इशान किशन (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उपकप्तान), संदीप पटनायक, विराट सिंह, डेनिश दास, श्रीदाम पॉल, शरणदीप सिंह, कुमार कुशाग्र, रियान पराग, उत्कर्ष सिंह, मनीषी, सूरज सिंधु जयसवाल, मुकेश कुमार, आकाश दीप, मोहम्मद शमी।
ये है उत्तर क्षेत्र की टीम
उत्तर क्षेत्र की टीम: अंकित कुमार (कप्तान), शुभम खजूरिया, कन्हैया वधावन, यश ढुल, अंकित कलसी, साहिल लोत्रा, आयुष बदोनी, निशांत संधू, मयंक डागर, युद्धवीर सिंह चरक, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी डार।
नमस्कार
नमस्कार। जनसत्ता.कॉम के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। दलीप ट्रॉफी 2025 के क्वार्टर फाइनल गुरुवार 28 अगस्त यानी आज से बेंगलुरु में शुरू हो रहे हैं। पहला मैच नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के बीच, जबकि दूसरा सेंट्रल जोन और नॉर्थ ईस्ट जोन के बीच है। अंकित कुमार को शुभमन गिल की जगह नॉर्थ जोन की कप्तानी मिली है। ईस्ट जोन के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन, सेंट्रल जोन के ध्रुव जुरेल और नॉर्थ ईस्ट जोन के रोंगसेन जोनाथन हैं। इस लाइव ब्लॉग में हम नॉर्थ जोन बनाम ईस्ट जोन और सेंट्रल जोन बनाम नॉर्थ ईस्ट जोन के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से जुड़े अपडेट्स लेकर आएंगे। इसके अलावा खेल की दुनिया की अन्य खबरों से भी रूबरू कराएंगे।