: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के 51वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से रौंद दिया। उसने 110 रन के लक्ष्य को 14.2 ओवर में 1 विकेट पर हासिल कर लिया। दिल्ली की ये लगातार चौथी हार है। वह 13 मैच में 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने आखिरी मैच में आरसीबी को हराना होगा। दूसरी ओर, मुंबई के 13 मैच में 18 अंक हो गए। वह मजबूती के साथ पहले स्थान पर बरकरार है।
मुंबई के लिए ईशान किशन 47 गेंद पर 72 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 8 चौके और 3 छक्के लगाए। सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 12 रन बनाए। क्विंटन डीकॉक 26 रन बनाकर एनरिच नोर्त्जे की गेंद पर बोल्ड हो गए। इससे पहले दिल्ली ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 110 रन बनाए। मुंबई के लिए जसप्रीत बुमराह ने 17 रन देकर 3 विकेट लिए।
ट्रेंट बोल्ट ने भी 21 रन देकर 3 विकेट लिए। नाथन कूल्टर नाइल और राहुल चहर क्रमश: 14 और 24 रन देकर 1-1 विकेट लेने में सफल रहे। दिल्ली के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर हाइएस्ट स्कोरर रहे। उनके अलावा ऋषभ पंत ने 21, पृथ्वी शॉ ने 10, शिमरॉन हेटमेयर ने 11, रविचंद्रन अश्विन और कगिसो रबाडा ने 12-12 रन बनाए।
[ie_ipl_scorecard match_id=47988]
मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 9 विकेट से रौंद दिया। उसने 110 रन के लक्ष्य को 14.2 ओवर में 1 विकेट पर हासिल कर लिया। दिल्ली की ये लगातार चौथी हार है। वह 13 मैच में 14 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए उसे अपने आखिरी मैच में आरसीबी को हराना होगा। दूसरी ओर, मुंबई के 13 मैच में 18 अंक हो गए। वह मजबूती के साथ पहले स्थान पर बरकरार है।
मुंबई की टीम जीत की ओर बढ़ गई है। उसने 12 ओवर में एक विकेट पर 85 रन बना लिए हैं। ईशान किशन ने अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वे 39 गेंद पर 51 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरे छोर पर सूर्यकुमार यादव हैं। क्विंटन डीकॉक 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। मुंबई की टीम 9वीं जीत की ओर बढ़ गई है।
मुंबई की टीम ने पावरप्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 38 रन बना लिए हैं। ईशान किशन 20 गेंद पर 22 रन बनाकर नाबाद हैं। वहीं, क्विंटन डीकॉक ने 16 गेद पर 16 रन बनाए हैं। दोनों बल्लेबाज सधी बल्लेबाजी कर रहे हैं और 110 रन के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर सकते हैं।
मुंबई इंडियंस कीओर से क्विंटन डीकॉक और ईशान किशन ने पारी की शुरुआत की। दिल्ली के लिए पहला ओवर रविचंद्रन अश्विन लेकर आए। उन्होंने पहले ओवर में सिर्फ 2 रन दिए। दूसरा ओवर कगिसो रबाडा ने फेंका। उनके इस ओवर में 7 रन बने। तीसरा ओवर फिर अश्विन ने फेका। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 3 रन दिए। तीन ओवर के बाद मुंबई का स्कोर बिना विकेट खोए 10 रन है। ईशान किशन 8 गेंद में 2 और क्विंटन डीकॉक 10 गेंद में 8 रन बनाकर खेल रहे हैं।
19वां ओवर ट्रेंट बोल्ट लेकर आए। उन्होंने पहली ही गेंद पर रविचंद्रन अश्विन को अपना शिकार बना लिया। अश्विन 9 गेंद में 12 रन बनाकर क्रुणाल पंड्या के हाथों लपके गए। अश्विन की जगह कगिसो रबाडा क्रीज पर आए। रबाडा ने छक्के से खाता खोला। इसके साथ ही दिल्ली का स्कोर 100 के पार पहुंच गया। इस ओवर में दिल्ली के खाते में कुल 11 रन आए। दूसरे छोर पर प्रवीण दुबे 10 गेंद में 6 रन बनाकर खेल रहे हैं। प्रवीण दुबे का यह पहला आईपीएल मैच है।
16 ओवरों का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 7 विकेट पर 87 रन है। रविचंद्रन अश्विन 4 गेंद में 8 और प्रवीण दुबे एक गेंद में एक रन बनाकर खेल रहे हैं। 16वें ओवर में शिमरॉन हेटमेयर ने अपना विकेट गंवाया। नाथन कूल्टर नाइल की दूसरी गेंद पर वह क्रुणाल पंड्या को कैच थमा बैठे। उन्होंने 13 गेंद में 11 रन बनाए। उनकी जगह प्रवीण दुबे क्रीज पर आए। इससे पहले 14वें ओवर में जसप्रीत बुमराह ने हर्षल पटेल को अपना शिकार बनाया। हर्षल 9 गेंद में 5 रन बनाकर बुमराह के ओवर की आखिरी गेंद पर बोल्ड हो गए। उनकी जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए थे। बुमराह के इस आईपीएल में 23 विकेट हो गए हैं। वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में शीर्ष पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कगिसो रबाडा को पीछे छोड़ा।
11वें ओवर में दिल्ली कैपिटल्स को तीसरा झटका लगा। राहुल चहर ने अपने ओवर की दूसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर को क्विंटन डीकॉक के हाथों स्टम्प करा दिया। अय्यर 29 गेंद में 25 रन बनाकर आउट हुए। अय्यर की जगह दाएं हाथ के बल्लेबाज मार्कस स्टोइनिस आए हैं। हालांकि, वह भी ऋषभ पंत का ज्यादा देर तक साथ नहीं निभा पाए। 12वें ओवर की पहली गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने उन्हें डीकॉक के हाथों कैच करा दिया। स्टोइनिस 3 गेंद में 2 रन ही बना पाए। स्टोइनिस की जगह शिमरॉन हेटमेयर आए हैं। इसी ओवर की चौथी गेंद पर बुमराह ने ऋषभ पंत को भी अपना शिकार बना लिया। पंत 24 गेंद में 21 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू हुए। 12 ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 5 विकेट पर 63 रन है।
9 ओवरों का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 44 रन है। श्रेयस अय्यर 26 गेंद में 23 रन पर खेल रहे हैं। ऋषभ पंत ने 15 गेंद में 8 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 36 गेंद में 29 रन की साझेदारी हो चुकी है। दिल्ली ने पावर प्ले यानी शुरुआती 6 ओवर में सिर्फ 22 रन बनाए और 2 विकेट भी गंवा दिए थे। यह आईपीएल 2020 में पावर प्ले में बनाया गया दूसरा न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले कोलकाता नाइटराइडर्स ने आरसीबी के खिलाफ 6 ओवर में 4 विकेट पर 17 रन बनाए थे।
पृथ्वी शॉ अपनी वापसी को यादगार नहीं बना पाए। ट्रेंट बोल्ट तीसरा ओवर लेकर आए। उन्होंने आखिरी गेंद पर पृथ्वी को विकेट के पीछे क्विंटन डीकॉक के हाथों कैच करा दिया। पृथ्वी 2 चौके की मदद से 10 रन बनाकर आउट हुए। पृथ्वी की जगह जयंत यादव क्रीज पर आए। तीन ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर 2 विकेट पर 15 रन है।
कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। उनका यह फैसला ट्रेंट बोल्ट ने सही साबित किया। दिल्ली की ओर से पृथ्वी शॉ और शिखर धवन ने पारी की शुरुआत की। मुंबई की ओर से बोल्ट पहला ओवर लेकर आए। बोल्ट ने तीसरी गेंद पर धवन को सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच करा दिया। वह खाता भी नहीं खोल पाए। धवन की जगह श्रेयस अय्यर क्रीज पर आए। दूसरा ओवर क्रुणाल पंड्या ने फेंका इस ओवर में उन्होंने 6 रन दिए। अय्यर ने उनकी पांचवीं गेंद पर चौका जड़ अपना खाता खोला। दो ओवरों के बाद दिल्ली का स्कोर एक विकेट पर 7 रन है। पृथ्वी 2 और अय्यर 4 रन पर खेल रहे हैं।
दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिमरॉन हेटमेयर, हर्षल पटेल, प्रवीण दुबे, मार्कस स्टोइनिस, कगिसो रबाडा, रविचंद्रन अश्विन, एनरिक नोर्त्जे।
मुंबई इंडियंस: कीरोन पोलार्ड (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, सौरभ तिवारी, क्रुणाल पंड्या, जयंत यादव, नाथन कूल्टर नाइल, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रित बुमराह।
आईपीएल के 13 साल के इतिहास में मुंबई इंडियंस ने सबसे ज्यादा 4 बार (2019, 2017, 2015, 2013) खिताब जीता है। उसने आईपीएल 2019 के फाइनल में चेन्नई को 1 रन से हराया था। मुंबई ने अब तक पांच बार फाइनल खेला है। दिल्ली कैपिटल्स अकेली ऐसी टीम है, जो अब तक फाइनल नहीं खेल पाई है। दिल्ली टूर्नामेंट के शुरुआती दो सीजन (2008, 2009) में सेमीफाइनल तक पहुंची थी।
दुबई के मैदान पर कुल 61 टी20 मैच हुए हैं। इनमें से पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 34 में बाजी मारी है। वहीं पहले गेंदबाजी करने वाली टीम ने 26 मैच जीते हैं। इस मैदान पर पहली पारी में टीम का औसत स्कोर 144 और दूसरी पारी में टीम का औसत स्कोर 122 रन रहा है।