इंग्लैंड और वेल्स में आयोजित क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का 20वां मुकाबला ऑस्ट्रेलिया 87 रनों से जीतने में कामयाब रही। इसके साथ ही वह प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है। अच्छी शुरुआत के बाद श्रीलंकाई पारी पूरी तरह से लड़खड़ा गई। श्रीलंका की ओर से सबसे अधिक 97 रन कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने बनाया। इसके अलावा कुसल परेरा ने भी 52 रनों की अहम पारी खेली। इस दोनों बल्लेबाजों के अलावा टीम का कोई भी खिलाड़ी बड़ा स्कोर बनाने में सफल नहीं हो सका।  इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एरोन फिंच के 153 रनों की पारी की बदौलत 7 विकेट पर 334 रन बना लिए थे।

फिंच ने वनडे क्रिकेट में अपने सर्वश्रेष्ठ स्कोर 153 रन की बराबरी की जो उन्होंने मार्च में पाकिस्तान के खिलाफ बनाया था। उन्होंने 132 गेंद की अपनी पारी में 15 चौके और पांच छक्के लगाकर श्रीलंका के किसी गेंदबाज को नहीं बख्शा। यह वनडे क्रिकेट में उनका 14वां और विश्व कप में दूसरा शतक था। स्टीव स्मिथ ने उनका बखूबी साथ निभाते हुए 59 गेंद में 73 रन बनाये और दोनों ने तीसरे विकेट के लिये 173 रन जोड़कर आस्ट्रेलिया को मजबूत स्कोर दिया ।

LIVE Cricket Score, SL vs Aus Live Cricket Score Online:

आईसीसी विश्वकप 2019 का 20वां मैच ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच खेला जा रहा है। यह मैच Star Sport 1, Star Sport 2, Star Sport 3 और स्टार के अन्य चैनल्स पर देख सकते हैं। इसके अलावा आप मैच का लाइव स्कोर Jansatta.com पर भी लाइव स्कोर देख सकते हैं। हमारे लाइव ब्लॉग पर आप पल -पल की अपडेट देख सकते हैं।

Live Blog

22:24 (IST)15 Jun 2019
चौथी जीत के बेहद करीब ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया इस वर्ल्ड कप की अपनी चौथी जीत के बेहद करीब है। आस्ट्रेलिया ने इससे पहले अफगानिस्तान, वेस्टइंडीज और पाकिस्तान को हराया था जबकि भारत से उसे पराजय झेलनी पड़ी।

22:10 (IST)15 Jun 2019
लगातार विकेट झटक रही ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया लगातार विकेट झटककर मैच पर पूरी तरह से पकड़ बना ली है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए यहां से अब सिर्फ दो विकेट की जरूरत है। मिशेल स्टार्क चार विकेट झटक चुके हैं।

22:00 (IST)15 Jun 2019
मिडल ऑर्डर पूरी तरह से फ्लॉप

एंजेलो मैथ्यूज के आउट होने के साथ ही श्रीलंका मिडल ऑर्डर पूरी तरह से फ्लॉप हुई। मिलिंद सिरिवरदना और थिसारा परेरा भी जल्द ही पवेलियन लौट गए।

21:47 (IST)15 Jun 2019
कमिंस का शिकार बने मैथ्यूज

एंजेलो मैथ्यूज से टीम को उम्मीद थी लेकिन पिछली दो पारियों की तरह वह इस पारी में भी नाकाम साबित रहे। 11 गेंदों में 9 रन बनाकर मैथ्यूज कमिंस का शिकार बने।

21:36 (IST)15 Jun 2019
शतक से चूके करुणारत्ने

दिमुथ करुणारत्ने को केन रिचर्डसन ने अपना शिकार बनाया। शतक बनाने की कोशिश में करुणारत्ने गलत शॉट खेल 97 रन पर कैच आउट हो गए। 

21:21 (IST)15 Jun 2019
पांच ओवर में सिर्फ 20 रन

पिछले पांच ओवर में श्रीलंका की टीम 20 ओवर ही बना सकी है। श्रीलंका को रन रेट में सुधार लाना होगा। बचे हुए 20 ओवर में श्रीलंका को 8.10 रन प्रति ओवर रन बनाने होंगे।

21:05 (IST)15 Jun 2019
करुणारत्ने को अंत तक खेलना होगा

दिमुथ करुणारत्ने 82 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। श्रीलंका को अगर इस मैच को जीतना है तो दिमुथ करुणारत्ने को अंत तक बल्लेबाजी करनी होगी।

20:52 (IST)15 Jun 2019
शानदार गेंदबाजी कर रहे हैं मैक्सवेल

पार्ट टाइम के रूप में गेंदबाजी करने वाले ग्लैन मैक्सवल आज सबसे किफायत रहे हैं। मैक्सवेल ने अपने 7 ओवर मे 4.57 के इकनॉमी से महज 32 रन खर्चे हैं।

20:40 (IST)15 Jun 2019
30 ओवर में 200 रनों की जरूरत

श्रीलंका को 30 ओवर में 200 रनों की जरूरत है। दिमुथ करुणारत्ने क्रीज पर जमे हुए हैं और लगातार बेहतर शॉट लगा रहे हैं। श्रीलंका के पास जीत दर्ज करने का सुनहरा मौका।

20:25 (IST)15 Jun 2019
कुसल परेरा बोल्ड

श्रीलंका को कप्तान दिमुथ करुणारत्ने और कुसल परेरा ने मजबूत शुरुआत दी। दोनों ही बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए शानदार 115 रनों की साझेदारी की। मिशेल स्टार्क ने परेरा को 52 के स्कोर पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई।

20:13 (IST)15 Jun 2019
करुणारत्ने और परेरा ने जड़ा अर्धशतक

केन रिचर्डसन की गेंद पर चौका जड़कर श्रीलंकाई कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने अपना अर्धशतक पूरा किया। दूसरी छोर पर कुसल परेरा ने भी 33 गेंदों में अर्धशतक जमाया।

20:00 (IST)15 Jun 2019
बेकार गया रिव्यू

केन रिचर्डसन की गेंद पर कुसल परेरा बीट हो गए। एलेक्स केरी ने अपील की और कप्तान एरोन फिंच ने रिव्यू लिया। अलीम डार ने तीसरे अंपायर से मदद ली जहां परेरा को नॉट आउट पाए गए।

19:46 (IST)15 Jun 2019
8 ओवर में 61 रन

कप्तान दिमुथ करुणारत्ने पांच चौकों की मदद से 31 गेंदों में 37 रन बना लिए हैं। 8 ओवर का खेल खत्म होने के बाद श्रीलंका ने बिना कोई विकेट गंवाए 61 रन बना लिए हैं।

19:33 (IST)15 Jun 2019
बेहतर शुरुआत

दिमुथ करुणारत्ने और कुसल परेरा ने श्रीलंका को बेहतर शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने 23 गेंदों में 27 रनों की साझेदारी पूरी कर ली है।

19:14 (IST)15 Jun 2019
स्टार्क की गेंद पर चौका

मिशेल स्टार्क की गेंद पर  कुशल परेरा ने बेहतरीन शॉट खेला और टीम के खाते में चार रन दिलाए। सलामी जोड़ी पर काफी बड़ी जिम्मेदारी रहेगी। श्रीलंका ने पहले ओवर से 12 रन जुटाए।

18:41 (IST)15 Jun 2019
इसुरु उडाना का कमाल, एक ओवर में किए दो रन आउट

उडाना ने एक ही ओवर में पहले एलेक्स केरी और फिर पैट कमिंस को रन आउट कर श्रीलंका को कुछ हद तक मैच में वापस ला दिया है। कमिंस और कैरी रन लेने की कोशिश में आउट हुए।

18:27 (IST)15 Jun 2019
इसुरु उडाना ने झटका विकेट

इसुरु उडाना ने शान मॉर्श के रूप में ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दिया। मॉर्श बल्लेबाजी करते समय परेशानी में दिखाई पड़ रहे थे।

18:12 (IST)15 Jun 2019
173 रनों की साझेदारी टूटी

ख्वाजा के आउट होने के बाद स्मिथ और फिंच ने ऑस्ट्रेलिया को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 173 रनों की साझेदारी हुई। फिंच को 153 के स्कोर पर इसुरु उडाना ने आउट किया।

18:00 (IST)15 Jun 2019
फिंच के 150 रन पूरे

लसिथ मलिंगा की गेंद पर चौका लगाकर एरोन फिंच ने 150 रन पूरा किया। 128 गेंदों में फिंच ने 150 का आकड़ा पार किया। फिंच की कोशिश दोहरा शतक जड़ने की होगी।

17:47 (IST)15 Jun 2019
95 गेंदों में 121 रनों की साझेदारी

एरोन फिंच और स्टीव स्मिथ के बीच 95 गेंदों में 121 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। फिंच शतक तो वहीं स्मिथ अर्धशतक लगाकर खेल रहे हैं।

17:29 (IST)15 Jun 2019
स्मिथ अर्धशतक के करीब

स्टीव स्मिथ अपने अर्धशतक से चार रन दूर हैं, उन्होंने 40 गेंद में 46 रन बनाए हैं।

17:12 (IST)15 Jun 2019
फिंच ने पूरे किए 100 रन

मिलिंद सिरिवरदना के ओवर में स्मिथ ने शानदार चौका जड़ा। स्मिथ और फिंच के बीच 50 से अधिक रनों की साझेदारी पूरी हुई। इसी बीच फिंच ने 100 रन पूरे किए।

16:54 (IST)15 Jun 2019
धनंजया डी सिल्वा ने झटके दो विकेट

धनंजया डी सिल्वा ने अपनी गेंदबाजी से ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को परेशान करने का काम किया। धनंजया डी सिल्वा 6 ओवर में 15 रन देकर दो विकेट झटक चुके हैं।

16:43 (IST)15 Jun 2019
ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका

वॉर्नर के बाद उस्मान ख्वाजा भी 10 के स्कोर पर धनंजया को अपना विकेट दे बैठे। इसुरु उडाना ने धनंजया की गेंद पर ख्वाजा का शानदार कैच पकड़ा।

16:32 (IST)15 Jun 2019
शतक बनाना चाहेंगे फिंच

एरोन फिंच पाकिस्तान के खिलाफ शतक बनाने से चूक गए थे, फिंच की कोशिश आज शतक जड़ने की होगी। फिंच इस वर्ल्ड कप में लगातार रन बना रहे हैं।

16:19 (IST)15 Jun 2019
ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को कप्तान एरोन फिंच और डेविड वार्नर ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाज ने पहले विकेट के लिए 80 रनों की साझेदारी की। वॉर्नर को 26 के स्कोर पर धनंजया डी सिल्वा ने बोल्ड किया।

16:00 (IST)15 Jun 2019
दो ओवर में 13 रन

थिसारा परेरा दो ओवर में 13 रन दे चुके हैं, परेरा से विकेट की उम्मीद है। परेरा श्रीलंका टीम के अनुभवी खिलाड़ी हैं और उन्हें यहां से श्रीलंका को मैच में वापस लाना होगा।

15:45 (IST)15 Jun 2019
पचास रन पूरे

एरोन फिंच और डेविड वॉर्नर के बीच पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी पूरी हो चुकी है। दोनों ही बल्लेबाज अब रन की गति को तेजी से बढ़ा रहे हैं।

15:28 (IST)15 Jun 2019
मलिंगा का शानदार ओवर

लसिथ मलिंगा एक छोर से लगातार अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। मलिंगा ने तीन ओवर में एक मेडन देकर सिर्फ 7 रन ही खर्चे हैं। यहां मलिंगा की कोशिश विकेट झटकने की होगी।

15:17 (IST)15 Jun 2019
श्रीलंका के पास बड़ा मौका

श्रीलंका के अब तक चार मैच हो चुके हैं जिनमें से उसे केवल दो में खेलने का मौका मिला जिनमें वह खास असर नहीं छोड़ पाया। उसके पास अब आस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करके खुद को साबित करने का मौका है।

14:57 (IST)15 Jun 2019
फिंच से बड़ी पारी की उम्मीद

कप्तान एरोन फिंच से भी टीम को बड़ी पारी की उम्मीद होगी जबकि स्टीव स्मिथ, उस्मान ख्वाजा और शान मार्श भी यहां की परिस्थितियों का पूरा लाभ उठाने की कोशिश करेंगे।

14:49 (IST)15 Jun 2019
श्रीलंका ने जीता टॉस

दिमुथ करुणारत्ने ने टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया है। शुरुआती ओवर में गेंदबाजों को पिच का फायदा मिल सकता है। लसिथ मलिंगा को विकेट झटकने होंगे।

14:38 (IST)15 Jun 2019
मिशेल स्टार्क से संभलना होगा

मिशेल स्टार्क एंड कंपनी के सामने श्रीलंका के बललेबाजों की कड़ी परीक्षा होगी। श्रीलंका की तरफ से अब कप्तान दिमुथ करूणारत्ने और कुसाल परेरा ही कुछ योगदान दे पाये हैं लेकिन अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे हैं।

14:24 (IST)15 Jun 2019
आस्ट्रेलिया का पलड़ा भारी

दोनों टीमों के बीच जो 96 वनडे खेले गये हैं उनमें से 60 आस्ट्रेलिया ने और 32 श्रीलंका ने जीते हैं। विश्व कप में दोनों टीमें अब तक नौ बार आमने सामने हुई हैं जिनमें से सात मैच आस्ट्रेलिया ने जीते है।