Birthday Special: वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज और क्रिकेट की दुनिया में यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस्टोफर हेनरी गेल का आज 40वां जन्मदिन है। 21 सितंबर 1979 जमैका के किंग्स्टन में जन्मे गेल दुनिया के सबसे मस्तमौला क्रिकेटरों में से एक हैं। गेल के नाम क्रिकेट की दुनिया में ढेर सारे रिकॉर्ड दर्ज हैं, लेकिन क्रिकेट के अलावा भी गेल सुर्खियों में बने रहते हैं। आईपीएल में सालों तक फैंस को दीवाना बनाने वाले गेल बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के बहुत बड़े फैन हैं। आज गेल के पास सबकुछ हैं लेकिन बचपन में गेल बेहद गरीब थे। जिस तरह से फुटबॉल स्टार रोनाल्डो की जिंदगी मुफलिसी में गुजरी है उसी तरह क्रिकेट के इस स्टार का भी जीवन संघर्षों और अभाव में निखरा है।

इतने गरीब कि उनकी मां घर चलाने के लिए चिप्स बेचा करती थी। क्रिस गेल अब अपनी जिंदगी को पूरे एशो-आराम के साथ जीते हैं, गेल ने अपने बंगले में एक ‘स्ट्रिप क्लब’ भी बना रखा है। गेल के बेडरूम की छत कांच की है। गेल को अपना बेडरूम सबसे ज्यादा पसंद है। इतना ही नहीं उसके पास मर्सिडीज और लैंड क्रूजर जैसी महंगी कारें हैं। वहीं गेल के पास हार्ले डेविसन बाइक भी है। ऐसी लग्जरी ज़िंदगी जीने वाले गेल का बचपन बेहद गरीबी में गुजरा है। जब जब क्रिस गेल को पैसों की आवश्यकता होती तो उनकी मां अपनी कमाई में से कुछ पैसे उन्हें देती थी।

बता दें कि क्रिस गेल के पिता का नाम डुडलू गेल है जो पुलिस की नौकरी करते थे, लेकिन परिवार बड़ा होने के कारण उनके घर का खर्चा नहीं चलता था। क्रिस गेल को मिलाकर घर में कुल छह बच्चे थे, जिसमें क्रिस का नंबर पांचवां था। गेल के नाम ढेरों क्रिकेट रिकॉर्ड हैं। गेल अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं। इसके साथ ही क्रिस गेल विश्व कप में दोहरा शतक जड़ने वाले भी पहले खिलाड़ी हैं। वो टी-20 इंटरनेशनल में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं।

गेल ने 301 वनडे मैचों में 10480 रन बनाए हैं। गेल ने 1999 में टोरंटो में भारत के खिलाफ डेब्यू किया था। वह 25 शतक और 54 अर्द्धशतक लगा चुके हैं। वहीं गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 103 टेस्ट मैचों में 42.18 की औसत से 7214 रन बनाए हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम पर कुल 15 शतक दर्ज हैं। उन्होंने टेस्ट में 333 रन की सबसे बेस्ट पारी खेली है।