कटक में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया है। इस मैच में भारत की
शुरूआत बेहद खराब रही और उसने मात्र 25 रन के स्कोर पर केएल राहुल, शिखर धवन और कप्तान विराट कोहली का विकेट गवां दिया। इसके बाद युवराज सिंह और महेंद्र सिंह धोनी की जोड़ी ने भारत का स्कोर 100 रनों के पार पहुंचाया। इस दौरान युवराज ने अपने वनडे करियर का 52वां अर्धशतक पूरा किया। भारतीय पारी की 13वीं गेंद पर वोक्स ने राहुल (5) को स्लिप में खड़े स्टोक्स के हाथों कैच आउट कराकर भारत को पहला झटका दिया। तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर वोक्स ने कोहली (08) को ठीक उसी अंदाज़ में आउट किया, जैसे उन्होंने राहुल को पवेलियन की राह दिखाई थी। इसके बाद वोक्स ने शिखर धवन (11) को बोल्ड कर भारत के टॉप आर्डर को ध्वस्त करते हुए भारत को तीसरा झटका दे दिया।

इसके बाद मैदान पर भारतीय क्रिकेट की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली जोड़ियों में से एक युवराज और धोनी की जोड़ी मैदान पर थी। इन दोनों के कंधों पर भारत को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकालने की जिम्मेदारी थी। युवराज सिंह ने चॉर्ज लेने का बीड़ा उठाया और महेंद्र सिंह धोनी उनका साथ निभाते रहे। इस दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे क्रिकेट में एक और मुकाम हासिल किया। महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में भारत की सरजमीं पर खेलते हुए 4000 रनों का आंकड़ा छुआ। वो सचिन तेंदुलकर के बाद ऐसा करने वाले भारत के दूसरे बल्लेबाज हैं।

महेंद्र सिंह धोनी ने भारत में 110 वनडे मैचों में लगभग 58 की शानदार रन औसत के साथ 4000 से अधिक रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वाधिक स्कोर 183 रन रहा है, जो उन्होंने अपने वनडे करियर के शुरूआती दिनों में श्रीलंका के खिलाफ जयपुर के सवाई मान सिंह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए वनडे मुकाबले में बनाया था। वनडे में महेंद्र सिंह धोनी का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है। महेंद्र सिंह धोनी ने भारत से बाहर 175 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 109 रनों की सर्वश्रेष्ठ पारी के साथ 46.17 की औसत से 5125 रन बनाए हैं। धोनी ने इस मैच से पहले 284 वनडे मुकाबलों में 9 शतक और 61 अर्धशतकों के साथ 50.64 की रन औसत के साथ कुल 9116 रन बनाए हैं।