Padma Shri, Gautam Gambhir: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर ने शनिवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति भवन में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से पद्म श्री प्राप्त किया। इस पुरस्कार को पाने के बाद गंभीर ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी नताशा के साथ एक तस्वीर पोस्ट की। सम्मान समारोह के दौरान नताशा भी गंभीर के साथ राष्ट्रपति भवन में मौजूद थीं। बाहर निकलते ही गंभीर ने पत्नी के साथ वाली एक तस्वीर ट्विटर पर शेय की। इस तस्वीर के पीछे एक तोप रखा हुआ दिखाई दे रहा है। गंभीर ने तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा, ‘इतने तेज लाउड के बाद रिएलीटी में वापसी। अपनी श्री श्रीमती के साथ पद्म श्री। पीछे रखे तोप से मत घबराइए। घर पर हर दिन मुझ पर फायर होता है।’ गंभीर ने इससे पहले भी एक ट्वीट कर इस सम्मान के लिए भारतीय क्रिकेट के सभी समर्थकों और अपने आलोचकों को धन्यवाद किया था। बता दें कि गौतम गंभीर ने पिछले साल ही दिसंबर में क्रिकेट से संन्यास लिया था।
वहीं पद्मश्री की बात करें तो खेल के मैदान से फुटबॉलर सुनील छेत्री, तीरंदाज एल बोम्बायला देवी, क्रिकेटर गौतम गंभीर, भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान प्रशांति सिंह को भी राष्ट्रपति द्वारा इस सम्मान से सम्मानित किया गया। एक अधिकारी ने बताया कि पुरस्कारों के लिए इस वर्ष पूरे देश और समाज विभिन्न वर्गों से व्यक्तियों को चुना गया। सरकार ने इसमें उनकी निस्वार्थ भाव से की गई उनकी उत्कृष्ट सेवा को इसके लिए आधार बनाया।
वहीं एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया 2016 में ऑनलाइन की गई थी और बड़े पैमाने पर नागरिकों के इसमें शामिल होने को प्रोत्साहित करने के लिए एक सरल, सुलभ और सुरक्षित प्लेटफार्म प्रदान किया गया था। 2019 के पुरस्कारों के लिए रिकॉर्ड 50,000 नामांकन प्राप्त हुए जो कि 2014 की तुलना में 20 गुना अधिक हैं जब सिर्फ 2,200 नामांकन प्राप्त हुए थे।