भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह और विवाद का नाता काफी पुराना है। सबसे पहले 1998 में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पॉटिंग के साथ हरभजन सिंह बीच मैदान पर उलझ गए थे। 2008 का सिडनी टेस्ट में भी हरभजन और एंड्रयू साइमंड्स के बीच खूब नोंकझोक हुई। इसी साल आईपीएल के दौरान उन्होंने मैदान पर सभी के सामने श्रीसंथ को थप्पड़ जड़ दिया था। लेकिन हम यहां बात कर रहे हैं पिछले साल हुए आईपीएल की। मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के बीच टूर्नामेट का 29वां मैच खेला जा रहा था और इस मैच में हरभजन सिंह अपने ही टीम के खिलाड़ी से उलझ गए थे। दरअसल, हरभजन पारी का 11वां ओवर फेंकने आए थे। उस दौरान भज्जी के सामने पुणे सुपरजाइंट्स के बल्लेबाज सौरभ तिवारी खेल रहे थे। तिवारी ने भज्जी की गेंद पर एक शॉट खेला जो रायडू की चली गई, रायडू ने उसे रोकने की पूरी कोशिश की। लेकिन गेंद चार रन के लिए बाउंड्री पार पहुंच गई।
हरभजन सिंह से रायडू का ये मिस फील्ड देखा नहीं गया और भज्जी सभी के सामने रायडू पर जोर-जोर से चिल्लाने लगे। वह रायडू को गाली देने लगे। कुछ देर तक रायडू शांत रहे लेकिन इसके बाद वो भी उनसे उलझ गए। काफी देर तक दोनों के बीच बहस होने के बाद टीम के अन्य खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया।
हालांकि, मैच खत्म होने के बाद भज्जी रायडू को शांत करने की कोशिश कर रहे थे। हरभजन सिंह और रायडू पिछले कई सालों से आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते आ रहे हैं। रायडू अपने प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में भी जगह बनाई थी लेकिन खराब फॉर्म की वजह से वह इन दिनों से टीम से बाहर हैं।
