क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका (सीएसए) ने टीम इंडिया के खिलाफ घरेलू सीरीज को लेकर नए शेड्यूल की घोषणा की है। नए शेड्यूल में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन टेस्ट और इतने ही वनडे मुकाबलों की सीरीज खेलेगी। भारत के दक्षिण अफ्रीका दौरे की शुरुआत सेंचुरियन में 26 से 30 दिसंबर (बॉक्सिंग-डे) के बीच होने वाले पहले टेस्ट मैच से होगी।
ताजा कार्यक्रम के अनुसार, दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा टेस्ट 3 से 7 जनवरी 2022 तक जोहानिसबर्ग तथा तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में 11 से 15 जनवरी 2022 तक खेला जाना है।
टेस्ट सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच 3 मैच की एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेली जाएगी। एकदिवसीय शृंखला का पहला और दूसरा मैच पार्ल बोलैंड पार्क में क्रमशः 19 और 21 जनवरी को खेला जाएगा। तीसरा और आखिरी वनडे मैच केपटाउन के न्यूलैंड्स स्टेडियम में 23 जनवरी को खेला जाना है।
यह टेस्ट सीरीज आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप टू का हिस्सा है। वहीं, एकदिवसीय सीरीज आईसीसी पुरुष विश्व कप सुपर लीग, 2023 आईसीसी पुरुष विश्व कप के लिए योग्यता टूर्नामेंट का हिस्सा बनेगी।
क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मेजबान देश में ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामले तेजी से बढ़ने के कारण लॉजिस्टिक प्लानिंग की अनुमति देने के लिए दौरे में एक हफ्ते की देरी हो रही है। दक्षिण अफ्रीका ने कोरोना वायरस के नए वैरिएंट के खतरे के बीच भारत ने दौरा रद्द ना करके जो एकजुटता दिखाई है, उसकी तारीफ की है।
भारतीय क्रिकेट टीम के दक्षिण अफ्रीकी दौरे का नया कार्यक्रम इस प्रकार है
मैच | तारीख | मैदान |
पहला टेस्ट | 26-31 दिसंबर 2021 | सेंचुरियन |
दूसरा टेस्ट | 03-07 जनवरी 2022 | जोहानिसबर्ग |
तीसरा टेस्ट | 11-15 जनवरी 2022 | केपटाउन |
पहला वनडे | 19 जनवरी 2022 | पार्ल बोलैंड पार्क |
दूसरा वनडे | 21 जनवरी 2022 | पार्ल बोलैंड पार्क |
तीसरा वनडे | 23 जनवरी 2022 | केपटाउन |
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम का यह दौरा पहले 17 दिसंबर से शुरू होना था। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भारत को 4 मैच की टी20 सीरीज भी खेलनी थी। कोरोना वायरस के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन के बढ़ते संक्रमण के बीच टीम इंडिया के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। भारतीय टीम को दक्षिण अफ्रीका दौरे पर 4 टी20 इंटरनेशनल मैच भी खेलने थे, जिसे फिलहाल टाल दिया गया है। टी20 सीरीज के लिए बाद में नई तारीखें तय की जाएंगी।