कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2020) के 27वें मैच में ट्रिबैगो नाइटराइजर्स ने सेंट लूसिया जॉक्स को 23 रन से हरा दिया। इसके साथ ही टीम ने लगातार 9वीं जीत दर्ज कर ली है। ट्रिबैगो के लिए कप्तान कीरोन पोलार्ड ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 200 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पोलार्ड ने 21 गेंदों पर 42 रन की पारी खेली। इस दौरान 3 छक्के और 3 चौके लगाए। डैरेन ब्रावो ने 50 रनों का योगदान दिए। दूसरी ओर, सीपीएल के 28वें मुकाबले में बारबाडोस ट्राइडेंट्स की टीम ने जमैका तालावाहस को 7 विकेट से हरा दिया। बारबाडोस की टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो चुकी है। पहले सेमीफाइनल में अब जमैका का मुकाबला 8 सितंबर को ट्रिबैगो के साथ होगा।
ट्रिबैगो के खिलाफ सेंट लूसिया जॉक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। शुरू में स्कॉट कुगलाइन ने लेंडल सिमंस (8 रन) को आउट कर कप्तान डैरेन सैमी के फैसले को सही साबित किया, लेकिन बाद में टीम की जमकर धुनाई हुई। टीओन वेबसटर और टिम शिफर्ट ने दूसरे विकेट के लिए 43 रनों की साझेदारी की। वेबसटर 20 और शिफर्ट 33 रन बनाकर आउट हुए। इन दोनों के बाद डैरेन ब्रावो और कीरोन पोलार्ड ने पारी को संभाला। जमकर चौके-छक्के लगाए। ब्रावो ने 50 रनों की पारी में 3 छक्के और एक चौका लगाया। उनके भाई ड्वेन ब्रावो 5 रन बनाकर नाबाद रहे। जॉक्स के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट कुगलाइन ने लिए। ट्रिबैगो की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 175 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जॉक्स की टीम की शुरुआत धीमी रही। उसने 5.4 ओवर में सिर्फ 25 रन बनाए थे। तब उसे पहला झटका किमानी मेलियस के रूप में लगा। वे 16 गेंद पर 12 रन बनाकर ड्वेन ब्रावो की गेंद पर आउट हुए। उनके बाद मार्क दयाल ने 33 गेंद पर 40 और आंद्रे फ्लेचर ने 27 गेंद पर 42 रन बनाए। दोनों को पोलार्ड ने आउट किया। इसके बाद मोहम्मद नबी 17, नजीबुल्लाह जादरान 12 और डैरेन सैमी 14 रन बनाकर आउट हुए। जॉक्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 152 रन ही बना सकी। ट्रिबैगो के लिए पोलार्ड ने 3, जेडेन सील्स ने 2 और ड्वेन ब्रावो ने 2 विकेट लिए।
Captain Holder is leading from the front. #CPL20 #JTvBT #CricketPlayedLouder pic.twitter.com/5l19TCowSf
— CPL T20 (@CPL) September 5, 2020
दिन के दूसरे मैच में जमैका की टीम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसके ओपनर जर्मेन ब्लैकवुड और ग्लेन फिलिप्स ने टीम को तूफानी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 51 रन की साझेदारी की। ब्लैकवुड 59 गेंद पर 74 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने 5 चौके और 4 छक्के लगाए। यह टी20 में उनका पहला अर्धशतक है। फिलिप्स 17, आसिफ अली 5 रन बनाकर आउट हुए। आंद्रे रसेल ने 28 गेंद पर 54 रन बनाए। उन्होंने 5 छक्के और 4 चौके लगाए। जमैका की टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 161 रन बनाए।
#Spiritofcricket @rashidkhan_19 @Russell12A pic.twitter.com/qIJbkxhpnn
— CPL T20 (@CPL) September 5, 2020
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बारबाडोस की टीम के 17 रन पर बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। जॉनसन चार्ल्स 0 और शामराह ब्रूक्स 5 रन बनाकर आउट हुए। जोनाथन कार्टर ने 44 गेंद पर 42 रन, जेसन होल्डर 42 गेंद पर 69 रन और मिशेल सैंटनर ने 21 गेंद पर 35 रन बनाए। बारबाडोस की टीम 18.2 ओवर में 3 विकेट पर 165 रन बनाकर मैच जीत गई।