कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) 2020 के 10वें मैच में सेंट लूसिया जॉक्स ने गुयाना अमेजन वॉरियर्स को रोमांचक मुकाबले में 10 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ ही सेंट लूसिया जॉक्स ने जीत की हैट्रिक लगाई। अब वह अंक तालिका में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। उसके 4 मैच में 6 अंक हैं। यह मैच भारतीय समयानुसार सोमवार तड़के खत्म हुआ।

सेंट लूसिया जॉक्स ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। उसने 20 ओवर में 7 विकेट पर 144 रन बनाए। गुयाना अमेजन वॉरियर्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 134 रन ही बना पाई। सेंट लूसिया जॉक्स ने एक समय 50 रन के भीतर 4 विकेट खो दिए थे। ऐसे में रोस्टन चेज टीम के लिए तारणहार साबित हुए। उन्होंने मोहम्मद नबी के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की। इसके बाद जवेले ग्लेन के साथ छठे विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी की। ग्लेन ने 19 और मोहम्मद नबी ने 27 रन बनाए। चेज ने 51 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से 66 रन बनाए। रोस्टन चेज ने 40 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह मैन ऑफ द मैच भी चुने गए।

विकेटकीपर आंद्रे फ्लेचर ने 12 रन बनाए। इन चारों के अलावा सेंट लूसिया जॉक्स का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। कप्तान डैरेन सैमी और नजीबुल्लाह तो खाता भी नहीं खोल पाए। गुयाना अमेजन वॉरियर्स की ओर से इमरान ताहिर सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुयाना अमेजन वॉरियर्स के निकोलस पूरन ने टीम को जीत दिलाने की काफी कोशिश की, लेकिन असफल रहे।

पूरन ने 49 गेंद पर 7 चौके और एक छक्के की मदद से 68 रन बनाए। उनके अलावा कीमो पॉल 20, शेरफेन रदरफोर्ड और चंद्रपॉल हेमराज 15-15 रन ही बना पाए। ब्रेंडन किंग, रॉस टेलर, कप्तान क्रिस ग्रीन, ओडेन स्मिथ और इमरान ताहिर एक रन से आगे नहीं बढ़ पाए। सेंट लूसिया जॉक्स की ओर से स्कॉट कुगलेइजन सबसे सफल रहे। उन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट झटके। उन्होंने एक ओवर मेडन भी फेंका।