कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL 2020) का आठवां मुकाबला जमैका तालावाहस और गुयाना अमेजन वॉरियर्स के बीच हुए मुकाबले में जमैका की टीम को हार का सामना करना पड़ा। रोमांचक मुकाबले में गुयाना ने उसे 14 रनों से हरा दिया। जमैका के लिए विस्फोटक बल्लेबाज आंद्रे रसेल ने अर्धशतक लगाया, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाए। उन्होंने अपनी पारी में 5 छक्के और 4 चौके लगाए। 37 गेंद की पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 140.45 का रहा। इतना ही नहीं रसेल गेंदबाजी में भी कामयाब रहें। उन्होंने 2 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।

इससे पहले जमैका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। गुयाना की पारी की शुरुआत बेहतरीन रही। ओपनर्स ब्रेंडन किंग और चंद्रपॉल हेमराज ने पहले विकेट के लिए 5.4 ओवर में 56 रनों की साझेदारी की। ब्रेंडन किंग 19 गेंद पर 29 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्हें मुजीब उर रहमान ने बोल्ड कर दिया। इसके बाद शिमरॉन हेटमायर खाता भी नहीं खोल सके। उन्हें भी मुजीब ने बोल्ड कर दिया। रसेल ने हेमराज को 21 रन निजी स्कोर पर आउट कर जमैका को तीसरा झटका दिया। रॉस टेलर ने पारी को संभालते हुए 21 रन बनाए। वे कार्लोस ब्रैथवेट की गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद गुयाना की पारी संभल नहीं पाई और टीम 19.1 ओवर में 118 रनों पर सिमट गई।

आसान लक्ष्य को देखते हुए माना जा रहा था कि जमैका की टीम आसानी से मैच जीत जाएगी। उसकी शुरुआत शर्मनाक रही। दोनों ओपनर चैडविक वॉल्टन और ग्लेन फिलिप्स खाता खोले बगैर ही पवेलियन लौट गए। वॉल्टन को क्रिस ग्रीन और फिलिप्स को असमद नेड ने आउट किया। इसके बाद नुरमाह बोनर 4 रन बनाकर क्रिस ग्रीन का शिकार हो गए। रोवमन पॉवेल ने 23 रनों का योगदान दिया। आसिफ अली ने 14 रन बनाए। कार्लोस ब्रैथवेट 5 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम को आखिरी दो ओवर में 32 रन बनाने थे।

रसेल ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाया। नवीन उल हक की अगली गेंद पर उन्होंने फिर चौका जड़ दिया। लेकिन अगले 4 गेंद पर रसेन एक भी रन नहीं बना सके। टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए 22 रनों की जरुरत थी। कीमो पॉल ने पहली गेंद पर सिंगल लेकर रसेल को स्ट्राइक दे दी। रसेल फिर से लगातार 4 गेंद पर रन नहीं बना सके। अंतिम गेंद पर उन्होंने एक छक्का लगाया, लेकिन यह काफी नहीं था। गुयाना की टीम 14 रनों से मैच जीत गई। इस जीत के साथ ही 3 मैच में 4 अंक के साथ टीम पहले स्थान पर पहुंच गई।