बिहार से कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया है कि क्रिकेटर पृथ्वी शॉ को क्रिकेट छोड़ने की धमकी जी रही है। राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) बिहार के गया के रहने वाले पृथ्वी शॉ और उनके परिवार को धमकी दे रहे हैं। उन्हें प्रताडि़त कर रहे हैं। अखिलेश सिंह ने कहा, “पृथ्वी शॉ गया के मानपुर के रहने वाले हैं। उनको मनसे अध्यक्ष के यहां से फोन आता है कि ‘तुम यहां यह आकर बोलते हो कि मैं बिहारी हूं। तुम यहां से क्रिकेट खेलना शुरू किए, टेस्ट टीम में गए और बोलते हो कि बिहार के हो। हम तुमको यहां रहने नहीं देंगे, खदेड़ेंगे।”

अखलेश सिंह ने आगे कहा,  “पृथ्वी शॉ के परिवार को डराया जा रहा है, लेकिन उनके खिलाफ कोई बोलने वाला नहीं है। उनके परिवार को फोन कर धमकी दी जा रहा है। प्रताडि़त किया जा रहा है। वे डर से कुछ बोल नहीं पा रहे हैं। हो सकता है कि उस लड़के (पृथ्वी) का भी फोन आया होगा अपने परिवार के पास कि ‘मत बोलो कुछ। ये हमें टीम से निकाल सकते हैं।’ बिहारियों के साथ लगातार भेदभाव हो रहा है। प्रताडि़त किया जा रहा है। अपमानित किया जा रहा है। इसको बिहार बर्दाश्त करने वाला नहीं है। आने वाले चुनाव में निश्चित रूप से बिहार में इसका जवाब मिलेगा।”

बता दें कि वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में धमाकेदार बल्लेबाजी करने वाले पृथ्वी शॉ मूल रूप से बिहार के गया जिले के मानपुर के रहने वाले हैं। जब वे चार वर्ष के थे तभी उनकी मां गुजर गई थी। बाद में पिता के साथ वे मुंबई चले आए। यहां उनके पिता ने मां-बाप दोनों का प्यार दिया। क्रिक्रेट की इस ऊंचाई तक पहुंचने में हर पल साथ खड़े रहे। लोकल ट्रेन से प्रतिदिन एमआइपी क्रिकेट ट्रेनिंग सेंटर मुंबई लेकर जाते थे। पृथ्वी शॉ के दादा अशोक शॉ आज भी गया जिले के मानपुर के शिवचरण सहाय लेन में रहते हैं। यहां वे रेडिमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। पृथ्वी शॉ के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आने के बाद यहां के स्थानीय लोगों के बीच खुशी का महाैल है।