भारत ने गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स के छठे दिन अच्छी शुरुआत की। मंगलवार को चार निशानेबाजों ने प्रतियोगिताओं में अपना जलवा दिखाया और फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की की। वहीं, पुरुष हॉकी टीम ने मलेशिया को 2-1 से मात दी। ऐसा कर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में एंट्री ली है। हीना सिद्धू और अन्नु सिंह ने 25 मीटर एयर पिस्टल ईवेंट के फाइनल में अपना रास्ता साफ किया है, जबकि पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन में गगन नारंग और चैन सिंह ने फाइनल मुकाबले के लिए अपना नाम पक्का किया है। यह ईवेंट बुधवार (11 अप्रैल) को होगा। ऐसे में भारत की झोली में फिलहाल 19 पदक हैं। वहीं, चार बॉक्सर क्वॉर्टर फाइनल मुकाबले में अपना दम-खम झोकेंगे। वे भी भारत के खाते में कई मेडल दर्ज करा सकते हैं।
भारत के लिए इससे पहले हॉकी में हरमनप्रीत सिंह ने तीसरे और 44वें मिनट में गोल किए, जबकि मलेशिया के लिए फैजल सारी ने 16वें मिनट में एक मात्र गोल किया था। हरमनप्रीत ने दोनों गोल पेनाल्टी कॉर्नर पर किए थे। भारत ने मैच की शानदार शुरुआत करते हुए तीसरे मिनट में बढ़त ली थी। मैच के तीसरे मिनट में ही भारत ने मलेशिया के घेरे में जगह बनाई और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसपर हरमनप्रीत ने गोल करते हुए भारत को 1-0 से आगे कर दिया था।
दूसरे क्वार्टर में हालांकि वो बराबरी करने में सफल रही। मलेशिया के लिए यह गोल फैजल सारी ने किया। फैजल के पास गेंद आई और वो उसे लेकर अकेले आगे बढ़ दिए। उन्होंने आसानी से वन-टू-वन में भारत के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश को मात देते हुए बराबरी का गोल किया। दूसरे क्वार्टर का अंत 1-1 की बराबरी पर हुआ। तीसरे क्वार्टर के आखिरी पलों में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला जिस पर हरमनप्रीत ने गोल करते हुए भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई थी।
Commonwealth Games 2018 Day 6, Updates:
– स्क्वॉश मिक्स्ड डबल्स ईवेंट भी चल रहा है। देश की ओर से दीपिका पल्लिकल और सौरव घोषाल का सामना पाकिस्तान की टीम से हो रहा है।
– महिला हॉकी का मुकाबला इस वक्त दक्षिण अफ्रीका के साथ चल रहा है। कांटे की इस टक्कर में कोई भी टीम अभी तक खाता नहीं खोल पाई, लिहाजा मैच का स्कोर 0-0 है।
– बॉक्सिंग ईवेंट में भारत को पांच पदक मिलना तय माना जा रहा है। मैरी कॉम, अमित फंगल, नमन तंवर, मोहम्मद हुस्सामुद्दीन और मनोज कुमार भारत के खाते में पदक शामिल करा सकते हैं। सतीश कुमार के भी पदक जीतने की उम्मीद है।
– 69 किलोवर्ग का बॉक्सिंग ईवेंट चल रहा है। भारत के मनोज कुमार इसमें हिस्सा ले रहे हैं। उनके सामना ऑस्ट्रेलिया के टेरी निकोलस से है। अगर इस क्वार्टरफाइनल में भारत जीतता है तो सीधे तौर पर देश की झोली में एक मेडल और आ जाएगा।
– एथलीट लाउंज में घुसने का प्रयास करने वाले ने बाद में खुद को एक महिला निशानेबाज का निजी कोच बताया। नेशनल राइफल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के अध्यक्ष रनिंदर सिंह ने इस बाबत उस शख्स को वहां से जाने के लिए कहा।
– कॉमनवेल्थ गेम्स में एथलीट्स और उनके परिजन को लेकर विवाद देखने को मिला है। पीटीआई के अनुसार, एक निशानेबाज के पिता ने बेलमॉन्ट शूटिंग सेंटर पर एथलीट वाले लाउंज में जाने की कोशिश की।
– हीना अपने इस दूसरे स्वर्ण पदक के साथ गोल्ड कोस्ट में चल रहे कॉमनवेल्थ खेलों में इस बार दो पदक पाने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गई हैं। 25 मीटर के पिस्टल ईवेंट में उन्होंने यह कारनामा किया है।
Another superb start to the morning! Our shooters are distinguishing themselves at the #CWG2018.
A superb display of concentration by our women!
Heena Sidhu just won a gold medal for the nation! #WomenPower #Shooting #IndiaAtCWG #CWG2018 #SAI pic.twitter.com/6mo73qUXSr— SAI Media (@Media_SAI) April 10, 2018
-भारत की अनुभवी महिला निशानेबाज हीना सिद्धु ने मंगलवार को छठे दिन भारत की झोली में 11वां स्वर्ण पदक डाल दिया। कार्डियक सर्जन हीना ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए सोना जीता। हीना ने इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड कायम करते हुए 38 अंक हासिल किए और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
-भारत के अनुभवी निशानेबाज गगन नारंग और चैन सिंह पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में खाली हाथ रह गए। दोनों को केवल निराशा ही हाथ लगी है।
-भारत की महिला स्क्वॉश खिलाड़ी दीपिका पल्लिकल कार्तिक और सौरव घोषाल ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए स्क्वॉश में मिश्रित युगल वर्ग के पूल-ई में खेले गए मुकाबले में जीत हासिल की है।
-भारत के अनुभवी निशानेबाज गगन नारंग और चैन सिंह को छठे दिन पुरुषों की 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा के फाइनल में निराशा हाथ लगी है।
-भारत की मिश्रित युगल जोड़ी सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा ने विजयी आगाज करते हुए मिश्रित युगल स्पर्धा के अंतिम-32 दौर में प्रवेश कर लिया है।
-भारत के पैरा-भारोत्तोलक फरमान बासहा को राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार को छठे दिन पैरा-भारोत्तोलन स्पर्धा में निराशा हाथ लगी। फरमान को इस स्पर्धा में पांचवां स्थान हासिल हुआ। वह पदक हासिल करने से चूक गए। भारतीय पैरा-भारोत्तोलक फरमान का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। वह तीन में से दो प्रयासों में असफल रहे। अपने पहले प्रयास में फरमान 138 किलोग्राम का भार उठाने में असफल रहे। हालांकि, इसके बाद उन्होंने दूसरे प्रयास में 140 किलोग्राम का भार उठा लिया, लेकिन तीसरे प्रयास में एक बार फिर उन्हें असफलता हासिल हुई और वह 150 किलोग्राम का भार नहीं उठा पाए।
-भारत की महिला पैरा-तैराक वैष्णवी विनोद जगताप ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों में छठे दिन मंगलवार को महिलाओं की एस-8 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा के फाइमल में प्रवेश कर लिया है।
-भारत की अनु सिंह और हीना सिद्धू ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन मंगलवार को महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है।
-भारत के आयाशामी धरूण यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के छठे दिन मंगलवार को पुरुषों की 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। उन्होंने स्पर्धा की हीट-1 में सात धावकों में पांचवां स्थान हासिल किया। धरूण ने 49.71 सेकेंड का समय निकाला। हीट-1 से ब्रिटिश वर्जिन आइसलैंड के कायरोन मैक्मास्टर 48.78 सेकेंड का समय निकाल कर पहले स्थान पर रहे जबकि जमैका के आंद्रे क्लार्क 49.10 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। आंद्रे ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दिया।

