Commonwealth Games 2022 Day 4 Highlights: राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में जूडो में भारत को दूसरा पदक मिला। सुशीला देवी ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। विजय यादव ने कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत के खाते में कुल 8 पदक हो गए हैं। वहीं एक पदक लॉन बॉल्स में पक्का हो गया है। सेमीफाइनल में भारतीय महिलाओं ने न्यूजीलैंड 6-13 से हराया। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा। पुरुष हॉकी में पूल-बी भारत और ब्रिटेन का मुकाबला 4-4 से ड्रॉ रहा। बॉक्सिंग में अमित पंघाल और  हुसमउद्दीन मोहम्मद क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे।

खेलों में भारतीय वेटलिफ्टर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है। 8 में से 6 मेडल इसी स्पर्धा में आए हैं। चौथे दिन राजस्थान के अजय सिंह पदक की उम्मीद जगाने के बाद निराश कर गए। उनका क्लीन एंड जर्क में आखिरी प्रयास फाउल हो गया और वह चौथे नंबर पर खिसक गए। वह स्नैच राउंड में दूसरे नंबर पर रहे थे। तीसरे दिन भारतीय भारोत्तोलक जेरेमी लालरिनुंगा और अचिंता शुउली ने क्रमशः 67 किग्रा और 73 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

यहां देखिए बर्मिंघम 2022 राष्ट्रमंडल खेल के चौथे दिन का पूरा शेड्यूल

Live Updates

Commonwealth Games 2022 Day 4 : राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में भारत अबतक आठ पदक जीत चुका है। वहीं लॉन बॉल्स में एक पदक पक्का है। अबतक तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज जीता है।

23:12 (IST) 1 Aug 2022
अबतक आठ पदक जीत चुका है भारत

राष्ट्रमंडल खेलों 2022 में भारत अबतक आठ पदक जीत चुका है। वहीं लॉन बॉल्स में एक पदक पक्का है। अबतक तीन गोल्ड, तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज जीता है।

22:30 (IST) 1 Aug 2022
जूडो में भारत को दूसरा मेडल

भारत ने जूडो में दूसरा पदक जीता है। विजय यादव ने साइप्रस के पेट्रोस क्रिसटोडूलाइड्स को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

22:11 (IST) 1 Aug 2022
सुशीला देवी ने रजत पदक किया अपने नाम

जूडो में सुशीला देवी ने 48 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में यह भारत का तीसरा रजत और कुल सातवां पदक है। फाइनल में सुशीला को दक्षिण अफ्रीका की मिकेला व्हीबोई से हार का सामना करना पड़ा।

22:02 (IST) 1 Aug 2022
जूडो में सुशीला देवी का फाइनल मुकाबला शुरू

महिला जूडो में सुशीला देवी 48 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल में उतरी हैं। उनका सामना दक्षिण अफ्रीका की मिकेला व्हीटबूई से है। भारत के पास जूडो में स्वर्ण जीतने का मौका है।

21:59 (IST) 1 Aug 2022
स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरूष एकल सेमीफाइनल में

भारत के शीर्ष स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल पुरूष एकल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी घोषाल ने स्कॉटलैंड के ग्रेग लेबोन को 11-5, 8-11, 11- 7, 11-3 से हराया। अब उनका सामना न्यूजीलैंड के पॉल कोल से होगा।

21:49 (IST) 1 Aug 2022
हॉकी में ब्रिटेन से 3-0 से आगे भारत

पुरुष हॉकी में भारत पूल-बी में अपने दूसरे मुकाबले इंग्लैंड पर हावी है। टीम मैच में 3-0 से आगे है। उसके लिए पहला गोल ललित उपाध्याय ने किया। इसके बाद मंदीप सिंह ने दूसरा और तीसरा गोल किया।

21:06 (IST) 1 Aug 2022
पुरुष हॉकी में भारत का शानदार फॉर्म जारी

पुरुष हॉकी में भारत का शानदार फॉर्म जारी है। ग्रुप स्टेज के अपने दूसरे मुकाबले में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से हो रहा है। भारत ने पहले क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त बना ली है। मनदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने भारत के लिए गोल दागे हैं।

20:37 (IST) 1 Aug 2022
प्रणति नायक वॉल्ट फाइनल में पांचवें स्थान पर रही

भारत की प्रणति नायक राष्ट्रमंडल खेलों में कलात्मक जिम्नास्टिक स्पर्धा के महिला वॉल्ट फाइनल में सोमवार को यहां  पांचवें स्थान पर रहीं। एशियाई चैंपियनशिप (2019 और 2022) में दो बार कांस्य पदक जीतने वाली पश्चिम बंगाल की 27 साल की इस खिलाड़ी ने  वॉल्ट के अपने पहले प्रयास में 13.633 और दूसरे में 11.766 का स्कोर किया। यहां एरिना बर्मिंघम में आयोजित स्पर्धा में उनका औसत स्कोर 12.699 का रहा। क्वालीफिकेशन में 13.275 अंक हासिल करने वाली प्रणति को उनके दो प्रयासों में 0.1 और 0.3 अंक का जुर्माना लगाया गया। इस स्पर्धा में ऑस्ट्रेलिया की जॉर्जिया गॉडविन ने 13.233 के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कनाडा की लॉरी डेनोमी (13.233) और स्कॉटलैंड की शैनन आर्चर (13.083) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किये।

20:18 (IST) 1 Aug 2022
मुक्केबाज हुसमउद्दीन मोहम्मद ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

फेदरवेट (54-57 किग्रा) मुक्केबाज हुसमउद्दीन मोहम्मद  ने भी लगातार दूसरी जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने अंतिम 16 मुकाबले में बांग्लादेश के मोहम्मद सलीम हुसैन पर 5-0 की प्रभावशाली जीत दर्ज की।

20:06 (IST) 1 Aug 2022
स्क्वैश में भारत की पदक की उम्मीदों को झटका

स्क्वैश में भारत की पदक की उम्मीदों को झटका लगा है। दिग्गज महिला खिलाड़ी जोशना चिनप्पा सिंगल्स राउंड के क्वार्टर फाइनल में हार गई हैं। उन्हें कनाडा की हॉली नॉटन ने 3-0 से हराया।

18:20 (IST) 1 Aug 2022
सुशीला देवी ने भी पक्का किया पदक

भारतीय जूडोका सुशीला देवी लिकमाबम ने फाइनल में अपनी जगह बना ली है। ग्लासगो 2014 की रजत पदक विजेता सुशीला देवी ने 48 किग्रा महिला भार वर्ग में अपना मुकाबला जीता। अब उनकी निगाह बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर होगी।

17:30 (IST) 1 Aug 2022
क्वार्टर फाइनल में पहुंचे अमित पंघाल

बॉक्सिंग में भारत के अमित पंघाल ने अपना मुकाबला जीत लिया है। अमित पंघाल ने 48-51 किग्रा भार फ्लाइटवेट वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल में वनुआतू के नामरी बेरी को 5-0 से हराया।

16:45 (IST) 1 Aug 2022
जूडो में सेमीफाइनल में पहुंचीं भारत की सुशीला देवी

जूडो में वुमन्स 48 किलोग्राम भार वर्ग में भारत की सुशीला देवी लिकमाबम ने मलावी की हेरिएट बोनफेस को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

16:30 (IST) 1 Aug 2022
वेटलिफ्टिंग में अजय सिंह का टूटा सपना

वेटलिफ्टिंग में पुरुषों के 81 किग्रा भार वर्ग में अजय सिंह चौथे नंबर पर रहे। उनका स्नैच में बेस्ट प्रदर्शन 143 किग्रा रहा। वह स्नैच में दूसरे स्थान पर रहे। वह क्लीन एंड जर्क में भी पदक की होड़ में थे, लेकिन उनका आखिरी प्रयास (180 किग्रा) फाउल हो गया। अजय सिंह कुल 319 किग्रा भार ही उठा पाए। इसके साथ ही वह रेस से बाहर हो गए। इस वर्ग में इंग्लैंड के क्रिस मरे (325 किग्रा) ने स्वर्ण, ऑस्ट्रेलिया के काइल ब्रूस (323 किग्रा) ने रजत और कनाडा के निकोलस वैकून (320 किग्रा) ने कांस्य पदक जीता।

15:47 (IST) 1 Aug 2022
लॉन बॉल्स में भारतीय महिलाओं ने पदक पक्का किया

लॉन बॉल्स के सेमीफाइनल में भारतीय महिलाओं ने न्यूजीलैंड को 16-13 से हराकर पदक पक्का कर लिया है। फाइनल में दक्षिण अफ्रीका से मुकाबला होगा। टीम कम से कम सिल्वर लेकर आएगी। भारत अबतक छह मेडल जीत चुका है। सभी पदक वेटलिफ्टिंग में आए हैं।

15:33 (IST) 1 Aug 2022
वेटलिफ्टिंग में आ सकता है एक और पदक

वेटलिफ्टिंग में अजय सिंह ने पदक की उम्मीद जगा दी है। 81 किलोग्राम भारवर्ग में हैं। उन्होंने स्नैच राउंड में पहले प्रयास में 137 किलोग्राम का भार उठाया। दूसरे प्रयास में 140 किलोग्राम और तीसरे प्रयास में 143 किलोग्राम का भार उठाया। इंग्लैंड के क्रिस मरे 144 किलोग्राम का वजन उठाकर पहले नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के कायेल ब्रूस और अजय 143-143 किलोग्राम का भार उठाकर दूसरे नंबर पर हैं। कनाडा के निकोलस 140 किलोग्राम का भार उठाकर तीसरे नंबर पर हैं।

15:04 (IST) 1 Aug 2022
Lawn Bowls: भारत और न्यूजीलैंड में कांटे की टक्कर

भारत और न्यूजीलैंड की महिला टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। न्यूजीलैंड ने 7-10 से पिछड़ने के बावजूद एक बार फिर वापसी की है। इस समय स्कोर 10-10 से बराबर है।

14:49 (IST) 1 Aug 2022
Lawn Bowls: भारत ने बनाई 3 अंकों की बढ़त

लॉन बॉल्स में भारतीय महिलाओं ने फिर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत की। इस बार उसने न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 अंक की लीड बना ली है। इस समय स्कोर 10-7 से उसके पक्ष में है।

14:38 (IST) 1 Aug 2022
Lawn Bowls: न्यूजीलैंड ने बराबर किया स्कोर

लॉन बॉल्स में भारत और न्यूजीलैंड की महिलाओं के बीच कड़ा संघर्ष जारी है। भारत ने शुरुआत में पिछड़ने के बाद एक अंक की लीड ली थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने जल्द ही स्कोर बराबर कर लिया। इस समय स्कोर 7-7 से बराबरी पर है।

14:26 (IST) 1 Aug 2022
Lawn Bowls: भारत ने बनाई बढ़त

लॉन बॉल्स में भारतीय महिलाओं का आगे बढ़ने का सफर जारी है। वुमन्स Fours में भारतीय टीम ने अब न्यूजीलैंड के खिलाफ एक अंक की बढ़त बना ली है। इस समय स्कोर भारत के पक्ष में 7-6 है।

14:24 (IST) 1 Aug 2022
राष्ट्रमंडल खेलों में आपकी उपलब्धि देश के अनगिनत लोगों की प्रेरणा बनेगी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अचिंता शेउली को स्वर्ण पदक जीतने की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य के हावड़ा जिले के भारोत्तोलक की यह उपलब्धि अनगिनत देशवासियों को प्रेरित करेगी। ममता बनर्जी ने ट्वीट किया ‘यह वास्तव में हम सभी के लिए गर्व का क्षण है कि पश्चिम बंगाल के युवा खिलाड़ी अचिंता शेउली ने राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए तीसरा स्वर्ण पदक जीता है उन्हें हार्दिक बधाई। आपकी सफलता देश के अनगिनत लोगों के लिए प्रेरणा का काम करेगी। भविष्य के प्रयासों के लिए आपको शुभकामनाएं।’

14:19 (IST) 1 Aug 2022
भारतीय महिलाओं ने की वापसी

भारतीय महिलाओं ने शानदार वापसी की है। अब न्यूजीलैंड के पास सिर्फ एक अंक की लीड रह गई है। इस समय स्कोर न्यूजीलैंड के पक्ष में 6-5 है।

14:00 (IST) 1 Aug 2022
Lawn Bowls में भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड 6-3 से आगे

वुमन्स Fours में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच जारी है। न्यूजीलैंड अभी 6-3 से आगे है।

13:27 (IST) 1 Aug 2022
मुझे उम्मीद है कि अचिंता हमारी क्लिप देखेंगे: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने शेउली के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने इस उपलब्धि के लिए कड़ी मेहनत की थी। मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल के रवाना होने से पहले शेउली के साथ अपनी बातचीत की एक क्लिप भी ट्वीट की। उन्होंने कहा, ‘हमने उनकी मां और भाई से मिले समर्थन पर चर्चा की थी। अब वह पदक जीत चुके हैं और मुझे उम्मीद है कि अब उन्हें यह क्लिप देखने का समय मिलेगा। खुशी है कि प्रतिभाशाली अचिंता शुली ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता है। वह अपने शांत स्वभाव और दृढ़ता के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने इस विशेष उपलब्धि के लिए बहुत मेहनत की है। उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।’

12:38 (IST) 1 Aug 2022
आप चैंपियन हो और आप ने इतिहास रचा: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले अचिंता शेउली को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। शेउली ने पुरुषों के 73 किग्रा भार वर्ग में नए रिकॉर्ड के साथ देश को तीसरा पीला तमगा दिलाया। पश्चिम बंगाल के 21 वर्ष के शेउली ने स्नैच में 143 किलो वजन उठाया जो राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड हैं। उन्होंने क्लीन एवं जर्क में 170 किलो समेत कुल 313 किलो वजन उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट किया, ‘आप चैंपियन हो जिन्होंने इतिहास रचा। हार्दिक बधाई। अचिंता शेउली ने स्वर्ण पदक जीतकर और और राष्ट्रमंडल खेलों में तिरंगा को ऊंचा करके भारत को गौरवान्वित किया है। आप अपने एक प्रयास में नाकामी से तुरंत ही उबर कर शीर्ष पर रहे। आप चैंपियन हो और आप ने इतिहास रचा है।’

12:27 (IST) 1 Aug 2022
अजय सिंह पिछले साल राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में जीत चुके हैं गोल्ड मेडल

अजय सिंह पिछले साल कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। उन्होंने तब 322 किलोग्राम का वजन उठाया था। उन्होंने तब स्नैच में 147 किलोग्राम वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था। हरजिंदर कौर ने उसी प्रतियोगिता में देश के लिए रजत पदक जीता था।

11:33 (IST) 1 Aug 2022
ये है पूरा शेड्यूल

राष्ट्रमंडल खेलों के चौथे दिन भारत के अभियान की शुरुआत वेटलिफ्टिंग में अजय सिंह के मुकाबले से होगी।

CWG 2022 Day 4 Live: पहले दिन से तीसरे दिन तक अच्छा प्रदर्शन करने के बाद, राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय दल सोमवार को बर्मिंघम में चौथे दिन उस गति को बनाए रखने की कोशिश करेगा। चौथे दिन भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सामना इंग्लैंड से होगा। अपने पहले मैच में घाना को हराने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का लक्ष्य लगातार दूसरी जीत हासिल करना होगा। पुरुषों की टेबल टेनिस टीम सेमीफाइनल में नाइजीरिया से भिड़ेगी। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 9:00 बजे शुरू होना निर्धारित है। इस बीच, भारोत्तोलन में अजय सिंह पुरुषों के 81 किग्रा वर्ग में एक्शन में होंगे। वहीं हरजिंदर कौर का लक्ष्य महिलाओं के 71 किग्रा वर्ग में अपने प्रदर्शन से प्रभावित करना होगा।