Commonwealth Games 2022 Day 11 Schedule : बर्मिघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के आखिरी दिन 8 अगस्त सोमवार को भारत पांच गोल्ड जीत सकता है। बैडिंटन में तीन और हॉकी और टेबल टेनिस में एक-एक गोल्ड जीतने का मौका है। भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अबतक 18 गोल्ड के साथ 55 मेडल अपने नाम किया है। रविवार को देश ने सबसे ज्यादा 5 स्वर्ण समेत 15 पदक जीते।

राष्ट्रमंडल खेलों के आखिरी दिन मेंस हॉकी टीम फाइनल में ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगी। वहीं बैडमिंटन में पीवी सिंधु को वुमेंस सिंगल्स और लक्ष्य सेन को मेंस सिंगल्स का गोल्ड मेडल मैच खेलना है। मेंस डबल्स के गोल्ड मेडल मैच में (सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी होगी। इसके अलावा टेबल टेनिस में अचंता शरत कमल को मेंस सिंगल्स गोल्ड मेडल मैच में उतरना है।

एक नजर राष्ट्रमंडल खेलों के 11वें दिन के शेड्यूल पर

बैडमिंटन : महिला एकल स्वर्ण पदक मैच (पीवी सिंधू) : दोपहर 1.20 से पुरूष एकल स्वर्ण पदक मैच (लक्ष्य सेन), दोपहर 2.10 से पुरूष युगल स्वर्ण पदक मैच (सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी) दोपहर तीन बजे से।

हॉकी : भारत बनाम आस्ट्रेलिया पुरूष हॉकी फाइनल (शाम पांच बजे से)।

टेबल टेनिस: पुरूष एकल कांस्य पदक मैच : जी साथियान दोपहर 3.35 से, पुरूष एकल स्वर्ण पदक मैच : अचंता शरत कमल दोपहर 4.25 से।

भारत की महिला हॉकी टीम ने 16 साल बाद रविवार को बर्मिंघम में कांस्य पदक के प्लेऑफ में न्यूजीलैंड को हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीता। हालांकि, भारत की महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया से 9 रन से हारकर रजत पदक से संतोष करना पड़ा। बॉक्सिंग में अमित पंघाल, नीतू गंघास, निकहत जरीन ने गोल्ड दिलाया। एलेक्जेंडर स्टेडियम में एथलेटिक्स में एल्धोस पॉल और अब्दुल्ला अबूबकर ने पुरुषों की ट्रिपल जंप में इतिहास रच दिया। पॉल ने गोल्ड और अबूबकर ने सिल्वर जीता।

भारत ने अबतक कुल 18 गोल्ड 15 सिल्वर और 22 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। 55 पदकों के साथ वह पदक तालिका में पांचवें नंबर पर है। ऑस्ट्रेलिया 174 पदक के साथ पहले और इंग्लैंड 166 पदक के साथ दूसरे नंबर पर है। वहीं 91 पदकों के साथ कनाडा तीसरे नंबर पर है। इसके अलावा 18 गोल्ड 13 सिल्वर और 16 ब्रॉन्ज के साथ न्यूजीलैंड चौथे नंबर पर है।